Disha Salian murder case: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत से जुड़े मामले में एक बार फिर अभिनेता सूरज पंचोली का नाम चर्चा में आ गया है। इस पूरे प्रकरण में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज एफआईआर में अपना नाम सामने आने के बाद सूरज पंचोली ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया पर एक लंबा और भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनका इस केस से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। अभिनेता ने दावा किया कि वे न तो कभी दिशा सालियन से मिले और न ही उनके खिलाफ कोई ऐसा सबूत है जो उन्हें इस मामले से जोड़ता हो।
‘सालों तक चुप रहा, लेकिन अब बोलना जरूरी हो गया’| Disha Salian murder case
सूरज पंचोली ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि वे पिछले कई सालों से अपने बारे में आ रही झूठी खबरों और अटकलों पर खामोश थे, क्योंकि वे हर रिपोर्ट का जवाब देकर बात को बढ़ाना नहीं चाहते थे। लेकिन जब बार-बार एक ही बेबुनियाद बात दोहराई जाने लगे, तो इंसान को अपना पक्ष रखने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
उन्होंने मामले में नाम घसीटे जाने पर तीखी नाराजगी जताते हुए लिखा, “मेरी स्वर्गीय दिशा सालियन से कभी न तो प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात हुई और न ही अप्रत्यक्ष रूप से। यहां तक कि मेरी शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे से भी कभी कोई मुलाकात नहीं हुई है। यह बेहद दुखद और सरासर अन्याय है कि बिना किसी सबूत या प्रमाण के मेरा नाम लगातार इस संवेदनशील मामले में खींचा जा रहा है।”
‘जांच में सहयोग को तैयार, मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं’
सूरज ने यह भी खुलासा किया कि जांच एजेंसियां सालों पहले इस मामले में उनसे पूछताछ कर चुकी हैं और वे हमेशा पारदर्शी रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में किसी भी एजेंसी को पूछताछ करनी हो या कोई जानकारी चाहिए, तो वे पूरी तरह सहयोग करने को तैयार हैं। उन्होंने दिशा सालियन की मौत के मामले में निष्पक्ष और गहन सीबीआई जांच का खुला समर्थन किया। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया पर राय बनाने वाले लोगों से भी अपील की। उन्होंने लिखा, “टीवी पर बहस या सनसनीखेज हेडलाइन कोई सबूत नहीं होती। किसी भी खबर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। हर नाम के पीछे एक इंसान, उसका परिवार और उसकी जिंदगी होती है। बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी के चरित्र पर कीचड़ उछालना बंद होना चाहिए।” सूरज ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है और अंत में सच ही जीतेगा।
https://www.instagram.com/p/DdRmc0siP-F/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
क्यों दोबारा चर्चा में आया यह मामला?
बता दें, दिशा सालियन का निधन 8 जून 2020 को एक बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण हुआ था। इसके कुछ ही दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत का भी निधन हो गया था, जिससे इस मामले को लेकर तरह-तरह की थ्योरी सामने आने लगी थीं।
हाल ही में दिशा के पिता सतीश सालियन ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने 2 सितंबर को सीबीआई को दिशा की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच का निर्देश दिया। इसके बाद सीबीआई ने औपचारिक एफआईआर दर्ज की, जिसमें सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे, रिया चक्रवर्ती, डिनो मोरिया और दिशा के मंगेतर रोहन रॉय सहित कई लोगों के नाम कथित भूमिकाओं की पड़ताल के दायरे में शामिल किए गए हैं।












































