Shubman Gill Birthday: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए कुछ तारीखें किसी त्योहार से कम नहीं हैं। जैसे 24 अप्रैल को सचिन तेंदुलकर, 30 अप्रैल को रोहित शर्मा, 7 जुलाई को एमएस धोनी और 5 नवंबर को विराट कोहली का जन्मदिन मनाया जाता है, ठीक वैसे ही आने वाले दिनों में 8 सितंबर का दिन भी फैंस के कैलेंडर में खास जगह बनाने वाला है। वजह हैं टीम इंडिया की नई पीढ़ी के पोस्टर बॉय और टेस्ट व वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल। गिल आज, यानी 8 सितंबर 2026 को अपना 27वां जन्मदिन मना रहे हैं। स्कूल के दिनों से लेकर अंडर-19 वर्ल्ड कप, घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अब इंटरनेशनल मंच तक गिल ने हर जगह साबित किया है कि उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा क्यों कहा गया।
गिल के डेब्यू, आईपीएल टीम या इंटरनेशनल शतकों के बारे में तो हर कोई जानता है, लेकिन इस ‘बर्थडे बॉय’ की जिंदगी से जुड़े कुछ ऐसे अनसुने और मजेदार किस्से भी हैं, जो बहुत कम लोगों को पता हैं।
ऋतिक रोशन के फैन और पराठों से याराना| Shubman Gill Birthday
आज शुभमन गिल दुनिया के सबसे फिट एथलीट्स में गिने जाते हैं और उनकी डाइट बहुत स्ट्रिक्ट रहती है। लेकिन बचपन की कहानी बिल्कुल अलग थी। पंजाबी परिवार से होने के बावजूद शुभमन को पराठे खाना बिल्कुल पसंद नहीं था। फिर उन्हें पराठों से प्यार कैसे हुआ? इसका क्रेडिट जाता है बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन को। गिल ऋतिक के बहुत बड़े फैन थे। उन्होंने जब फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ में ऋतिक को चाव से पराठे खाते देखा, तो बस वहीं से उन्होंने भी पराठे खाने शुरू कर दिए।
लाल रुमाल का वो टोटका
क्रिकेट की दुनिया में टोटके और अंधविश्वास आम बात हैं, और गिल भी इससे अछूते नहीं हैं। जब भी वो क्रीज पर उतरते हैं, तो उनकी जेब में लाल रुमाल या कोई लाल कपड़ा जरूर नजर आता है। यह किस्सा अंडर-16 के दिनों का है। गिल के बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे, तब एक मैच में वो सफेद रुमाल लेकर उतरे और सेंचुरी ठोक दी। लेकिन वह रुमाल गंदा हो गया। अगले मैच में सफेद की जगह उन्हें लाल रुमाल मिला, वो उसे लेकर उतरे और लगातार दूसरा शतक जड़ दिया। बस, उसी दिन से लाल रुमाल गिल की किट और खेल का परमानेंट हिस्सा बन गया।
यूथ वनडे में 100+ का अजूबा औसत
गिल के रिकॉर्ड्स की बात करें, तो अंडर-19 लेवल पर उनका एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे तोड़ना लगभग नामुमकिन लगता है। यूथ वनडे में गिल ने महज 16 मैचों की 15 पारियों में 1149 रन कूटे हैं, जिसमें 4 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। सबसे हैरान करने वाली बात उनका 104.45 का बैटिंग एवरेज है। वो दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका यूथ वनडे में 100 से ऊपर का औसत है।
जब स्कूल के दिनों में ठोके 351 रन
गिल पहली बार मीडिया की हेडलाइंस में तब आए थे, जब वो स्कूल में पढ़ते थे। पंजाब के एक डिस्ट्रिक्ट लेवल टूर्नामेंट में उन्होंने अकेले दम पर 351 रनों की तूफानी पारी खेल डाली थी। इस जबरदस्त पारी का इनाम उन्हें तुरंत मिला और विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए पंजाब की अंडर-16 टीम में चुन लिए गए। गिल ने वहां भी देर नहीं की और अपने डेब्यू मैच में ही दोहरा शतक जड़कर सेलेक्टर्स को अपना मुरीद बना लिया।
कैमरे के आगे चमकने का शौक
मैदान पर चौके-छक्के लगाने के अलावा गिल को एक और चीज का जबरदस्त शौक है कैमरे का सामना करना। आज वो कई बड़े ब्रांड्स का चेहरा हैं और खुद बताते हैं कि उन्हें कमर्शियल शूटिंग करना काफी पसंद है। वो अक्सर इंटरनेट पर यह भी ट्रैक करते रहते हैं कि कौन सा एक्टर या मॉडल किस तरह के प्रोजेक्ट्स के लिए शूट कर रहा है, ताकि वो खुद को स्टाइल और ट्रेंड्स के मामले में हमेशा अपडेट रख सकें।
27 साल की उम्र में टीम की कमान संभालते हुए शुभमन गिल न सिर्फ भारतीय बल्लेबाजी की नई रीढ़ बन चुके हैं, बल्कि मैदान के अंदर और बाहर अपनी अलग पहचान भी बना रहे हैं।












































