हम सीना तानकर खड़े हैं… ट्रायल्स हार के बाद WFI पर भड़कीं विनेश फोगाट| Vinesh Phogat News

Nandani | Nedrick News Haryana Published: 31 May 2026, 12:30 PM | Updated: 31 May 2026, 12:30 PM

Vinesh Phogat News: एशियन गेम्स 2026 के लिए 30 मई (शनिवार) को आयोजित ट्रायल्स में भारतीय कुश्ती की दिग्गज खिलाड़ी विनेश फोगाट को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुए महिला 53 किलो भारवर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में विनेश को मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस हार के साथ ही विनेश फोगाट के लिए एशियन गेम्स 2026 में भाग लेने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। आगामी एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची प्रिफेक्चर और नागोया में आयोजित होने हैं।

और पढ़ें: 29 गेंदों में 97 रन… लेकिन फिर भी नहीं पिघला काव्या मारन का दिल? वायरल VIDEO रिएक्शन पर भड़के फैंस| Vaibhav Suryavanshi

हार के बाद भावुक हुईं विनेश फोगाट| Vinesh Phogat News

मुकाबले में हार के बाद विनेश फोगाट का दर्द और नाराजगी कैमरों के सामने साफ नजर आई। उन्होंने न सिर्फ अपनी हार पर बात की, बल्कि पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल भी खड़े किए। विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि पूरा माहौल उनके खिलाफ खड़ा नजर आया। उनका कहना था कि ट्रायल्स के दौरान सुबह से शाम तक लगातार तनाव और परेशानियां बनी रहीं और हर पॉइंट को लेकर विवाद जैसा माहौल देखने को मिला।

“मैंने अपना 100 प्रतिशत दिया” – विनेश

सेमीफाइनल हार के बाद विनेश ने कहा, “मैंने अच्छा किया, जितना मैं कर सकती थी, मैंने अपना शत प्रतिशत दिया है। मेरा मानना है कि अगर मैं मैट से बाहर निकलूं तो यह नहीं होना चाहिए कि काश मैं ये कर लेती। मैंने पूरी ताकत झोंक दी।” उन्होंने आगे कहा कि यह सफर उनके लिए सिर्फ खेल नहीं था, बल्कि एक भावनात्मक अनुभव भी रहा। उन्होंने अपने बच्चे का जिक्र करते हुए कहा कि जब उनका बेटा बड़ा होगा तो वह याद करेगा कि जब वह छोटा था, तब उसकी मां मैट पर कुश्ती लड़ रही थी।

सिस्टम पर गंभीर सवाल

विनेश फोगाट ने ट्रायल्स की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मुझे बोलने की जरूरत नहीं है, सबने देखा है कि कितना फेयर तरीके से यह सब हुआ है। पूरा देश जानता है कि बहुत समय से क्या चल रहा है।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि हर मुकाबले में सुबह से शाम तक एक-एक पॉइंट को लेकर संघर्ष करना पड़ा और पूरा सिस्टम एक तरफ खड़ा दिखाई दिया, जबकि खिलाड़ी दूसरी तरफ थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह गर्व के साथ इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगी।

लंबे विवाद के बाद ट्रायल्स में पहुंचीं विनेश

यह मुकाबला केवल एक ट्रायल नहीं था, बल्कि पिछले कई महीनों से चल रहे विवादों की एक कड़ी भी माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, विनेश फोगाट को इन ट्रायल्स में शामिल होने के लिए कानूनी लड़ाई तक लड़नी पड़ी थी। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उनकी भागीदारी का विरोध किया था, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। कोर्ट से राहत मिलने के बाद ही वह ट्रायल्स में हिस्सा ले सकीं।

ट्रायल्स में तनावपूर्ण माहौल

जानकारी के अनुसार, विनेश सुबह करीब 6:30 बजे ही इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंच गई थीं, लेकिन उन्हें वेट मैपिंग के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। पूरे दिन ट्रायल्स का माहौल तनावपूर्ण बना रहा और हर फैसले पर नजरें टिकी रहीं। इसी माहौल में जब वह मैट पर उतरीं तो उनके सामने युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत थीं, जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

हार के बावजूद नहीं झुकीं विनेश

हार के बाद भी विनेश फोगाट के तेवर कम नहीं हुए। मुकाबले के बाद उन्होंने WFI अध्यक्ष संजय सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैं वापस आऊंगी।” उनका यह बयान एक बार फिर भारतीय कुश्ती में चल रहे विवादों को सुर्खियों में ले आया है। विनेश ने साफ संकेत दिया कि यह लड़ाई सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आगे भी अपने हक और सिस्टम पर सवाल उठाती रहेंगी।

और पढ़ें: ट्रोलिंग ने पार की सारी हदें! फोन कॉल्स और गालियों से परेशान हुईं श्रेयस अय्यर की बहन| Shreyas Iyer sister trolling

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds