Bihar BPSC Teacher Controversy: उत्तर प्रदेश की चर्चित ज्योति मौर्य केस जैसी कहानी अब बिहार से सामने आई है। हाजीपुर में एक पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति का कहना है कि उसने आर्थिक तंगी के बावजूद पत्नी को पढ़ाया-लिखाया, जमीन तक बेच दी, लेकिन नौकरी लगने के बाद पत्नी ने उसे और 10 साल के बेटे को छोड़ दिया।
पूरा मामला हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पति अमन कुमार का आरोप है कि उनकी पत्नी गुंजन, जो अब BPSC शिक्षिका हैं, कथित प्रेम प्रसंग के चलते उनसे अलग रह रही हैं। इस विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पति-पत्नी के बीच बहस और पुलिस की मौजूदगी दिखाई दे रही है।
2013 में हुई थी शादी, पति ने पढ़ाई का उठाया खर्च| Bihar BPSC Teacher Controversy
अमन कुमार ने बताया कि उनकी शादी साल 2013 में गुंजन से हुई थी। उस समय उनकी पत्नी इंटर पास थीं। शादी के बाद उन्होंने पत्नी की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाया। अमन पेशे से फोटोग्राफर हैं और आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पत्नी के सपनों को पूरा करने की कोशिश की।
अमन का कहना है कि पत्नी की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया। यहां तक कि जमीन बेचकर भी पढ़ाई का खर्च उठाया। आगे चलकर गुंजन ने BPSC TRE-2 परीक्षा पास की और कक्षा 6 से 8 तक की शिक्षिका के रूप में चयनित हुईं। शुरुआत में उनकी पोस्टिंग सुपौल के त्रिवेणीगंज में हुई और बाद में बिदुपुर में तबादला हो गया।
‘प्रशिक्षण के दौरान बढ़ीं नजदीकियां’
पति का आरोप है कि शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान उनकी पत्नी की नजदीकियां कॉलेज के पुराने मित्र प्रेम प्रकाश जायसवाल से बढ़ीं। अमन के मुताबिक, प्रेम प्रकाश को भी शिक्षक की नौकरी मिली थी और दोनों के बीच संबंध गहरे हो गए।
अमन ने दावा किया कि पिछले करीब एक साल से उनकी पत्नी उनसे अलग रह रही हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने उन पर झूठे आरोप लगाकर केस भी दर्ज कराया है। फिलहाल वह अपने 10 साल के बेटे के साथ अकेले रह रहे हैं और बेटे को पढ़ाई के लिए हॉस्टल में रखा है।
‘पत्नी ने कहा- हमने छह महीने पहले शादी कर ली’
अमन कुमार ने बताया कि 23 मई को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ रह रही हैं। इसके बाद वह वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। उनका आरोप है कि जब उन्होंने पूछा कि अंदर कौन है, तो पत्नी ने कहा कि उसने छह महीने पहले दूसरी शादी कर ली है। पति का दावा है कि इस दौरान उन्होंने पत्नी और उसके कथित प्रेमी को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। मामला बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया। अमन ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया। उन्होंने कहा कि उनके पास घटना से जुड़े वीडियो भी मौजूद हैं।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस महिला को समझाते हुए नजर आ रही है। वीडियो में पुलिस यह भी कहती सुनाई दे रही है कि मामला फैमिली कोर्ट में चल रहा है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस पूरे विवाद ने इलाके में काफी चर्चा पैदा कर दी है। कई लोग इसे यूपी के चर्चित ज्योति मौर्य मामले से जोड़कर देख रहे हैं, जहां नौकरी मिलने के बाद रिश्तों में दरार की खबरें सामने आई थीं।
हालांकि, इस मामले में अभी तक पत्नी की तरफ से सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।
और पढ़ें: सच सामने आना चाहिए…ट्विशा शर्मा केस में सुप्रीम कोर्ट सख्त! CBI ने संभाली जांच| Twisha Sharma Case






























