Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद से इस वक्त की कई बड़ी और सनसनीखेज खबरें सामने आ रही हैं। एक तरफ जहां लोनी में कार से बाइक टच होने पर 17 साल के किशोर की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, वहीं ट्रोनिका सिटी में ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर लिव-इन पार्टनर की हत्या करने वाली दो बहनें पुलिस के हत्थे चढ़ी हैं।
पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजनगर एक्सटेंशन से लाखों के ड्रग्स के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, तो वहीं न्यू गांधीनगर के एक किराये के फ्लैट से उज्बेकिस्तान की महिला को सुरक्षित निकाल कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
इसके अलावा, औद्योगिक क्षेत्रों में भारी बिजली कटौती से ठप पड़े उत्पादन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सीडीओ ने बिजली विभाग को तत्काल सुधार के कड़े निर्देश दिए हैं। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: शादी में ‘नन्हा चोर’ से लेकर कोर्ट रूम में शर्मनाक कांड तक, दहल उठा शहर! | Top 5 Ghaziabad News
मामूली स्क्रैच विवाद ने ली नाबालिग की जान
सड़कों पर दम तोड़ती इंसानियत और बेकाबू गुस्से ने गाजियाबाद में एक और हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। गाजियाबाद के लोनी में रोडरेज का खौफनाक मंजर! कार से बाइक टच होने पर आए मामूली स्क्रैच विवाद में 17 साल के जैद की जान चली गई। सोमवार को बंथला नहर रोड पर हुई इस घटना के बाद आरोपियों ने जैद को अगवा किया और एक दफ्तर में ले जाकर उसके साथ गंभीर मारपीट की, जिसके कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस फिलहाल मुख्य आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, लोनी बॉर्डर क्षेत्र में सोमवार, 29 जून 2026 को कार से बाइक टच होने के मामूली विवाद में 17 वर्षीय किशोर जैद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बता दें कि मुस्तफाबाद कॉलोनी का रहने वाला जैद सोमवार दोपहर अपने दो दोस्तों नदीम और इब्राहीम के साथ बेहटा हाजीपुर नहर रोड पर स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने गया था। दोपहर बाद जब वे सब बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी बंथला नहर रोड पर सामने से आ रही एक बलेनो कार की साइड से जैद की बाइक हल्की सी टच हो गई।
कार से बाइक टच होते ही कार सवार आरोपी राहुल और उसका साथी बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने जैद की बाइक को रुकवाया और बीच सड़क पर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा, तो आरोपियों ने जैद को जबरन अपनी कार में डाला और उसका अपहरण कर लिया।
आरोपी जैद को अगवा करके कुछ ही दूरी पर स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में ले गए। वहां उन्होंने जैद को एक कमरे में बंद किया और लात-घूसों से इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। जैद के दोस्त जब उसका पीछा करते हुए उस प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पहुंचे, तो उन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। जैद के दोस्त उसे आनन-फानन में ई-रिक्शा में लादकर उसके घर ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे तुरंत दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जैद को मृत घोषित कर दिया।
मासूम किशोर की मौत के बाद लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में तनाव और सनसनी फैल गई है। जैद के पिता शौकत की शिकायत पर गाजियाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी राहुल समेत सभी हमलावरों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
नशे के सौदागरों के खिलाफ एएनटीएफ की कार्रवाई (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस और एएनटीएफ की कार्रवाई को लेकर है, जहां एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस की टीम ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। राजनगर एक्सटेंशन से गिरफ्तार किए गए तस्कर नितिन यादव की निशानदेही पर जब पुलिस ने इंदिरापुरम के एक फ्लैट पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। पॉश इलाके के इस फ्लैट से न सिर्फ लाखों के नशीले पदार्थ मिले, बल्कि तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाले दर्जनों मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और गाजियाबाद पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में राजनगर एक्सटेंशन से ड्रग्स तस्कर नितिन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ (MDMA, चरस, गांजा) और 5 लाख की नकदी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को खुफिया सूचना मिली थी कि एक तस्कर ब्रेजा कार से मादक पदार्थों की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और राजनगर एक्सटेंशन के पास से मूल रूप से इटावा के रहने वाले आरोपी नितिन यादव को कार सहित दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी नितिन यादव से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर इंदिरापुरम स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा गया। इस फ्लैट से पुलिस को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और तस्करी से जुड़े उपकरण मिले।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 10.21 किलोग्राम गांजा, भारी मात्रा में एमडीएमए (MDMA) और चरस बरामद की। इसके अलावा तस्करी के जरिए कमाए गए 5 लाख नकद, 16 मोबाइल फोन, कई सक्रिय सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के कार्ड और नशीले पदार्थों को छोटी पुड़ियों में पैक करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
इस बड़ी बरामदगी के बाद गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में आरोपी नितिन यादव के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और एएनटीएफ की टीमें अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क के मुख्य सरगना और ग्राहकों (सप्लाई चेन) का पता लगाने में जुटी हैं।
विदेशी महिला से देह व्यापार कराने वाले रैकेट का भंडाफोड़! (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर पॉश रिहायशी इलाके से जहां एक किराए के मकान में चल रहा था गंदा काम! सिहानी गेट पुलिस ने स्थानीय लोगों से मिली फोटो और वीडियो सबूतों के आधार पर न्यू गांधीनगर के एक मकान में छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने पैसों का लालच देकर देह व्यापार के दलदल में फंसाई गई एक विदेशी महिला को सुरक्षित निकाला और गिरोह चलाने वाले शातिर अपराधी को हिरासत में लिया।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, सिहानी गेट थाना पुलिस ने न्यू गांधीनगर स्थित एक किराये के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी अंकित गुप्ता उर्फ राहुल मलिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से उज्बेकिस्तान की रहने वाली एक 30 वर्षीय विदेशी महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, रविवार रात 28 जून 2026 को सिहानी गेट पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि न्यू गांधीनगर के एक मकान में देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचना के साथ कुछ फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी कर रैकेट का पर्दाफाश किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकित गुप्ता महिला को अधिक पैसे और घर का खर्च चलाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर लाया था और उससे जबरन यह धंधा करा रहा था। पुलिस ने महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। पुलिस जांच और छानबीन में एक और बड़ा खुलासा हुआ कि पीड़ित विदेशी महिला साल 2020 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। उसकी वीजा अवधि काफी समय पहले ही समाप्त हो चुकी है और वह अवैध रूप से देश में रह रही थी। पुलिस अब कानूनी प्रक्रिया पूरी कर महिला को उज्बेकिस्तान डिपोर्ट (वापस भेजने) की तैयारी कर रही है, जिसकी सूचना लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) और केंद्रीय जांच एजेंसियों को दे दी गई है।
आरोपी अंकित गुप्ता एक शातिर अपराधी है, जो किराये के फ्लैट बदल-बदलकर यह काला धंधा चलाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी को इससे पहले 15 अप्रैल 2026 को भी इसी इलाके में देह व्यापार कराने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत पर बाहर आते ही उसने दोबारा न्यू गांधीनगर में नया ठिकाना बनाकर रैकेट शुरू कर दिया था।
लिव-इन पार्टनर को महिला ने उतारा मौत के घाट (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद से चौथी खबर ट्रोनिका सिटी से जहां एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर को मौत के घाट उतार दिया। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या करने वाली महिला और उसकी बहन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 40 वर्षीय जाकिर खान की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी, लेकिन गाजियाबाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी की मदद से महज 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क एक्सटेंशन में किरण नाम की महिला ने अपनी छोटी बहन कशिश के साथ मिलकर अपने 40 वर्षीय लिव-इन पार्टनर जाकिर खान की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने प्रसिद्ध क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर मर्डर को आत्महत्या का रूप देने की पूरी साजिश रची थी, लेकिन गाजियाबाद पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि रामपुर निवासी जाकिर खान पिछले 8 महीनों से ट्रोनिका सिटी की रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में एक किराये का मकान लेकर रह रहा था। यहां वह अपनी पार्टनर किरण और उसकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। बाद में किरण की छोटी बहन कशिश भी उन्हीं के साथ आकर रहने लगी थी।
पूछताछ में मुख्य आरोपी किरण ने बताया कि उसे शक था कि जाकिर उसकी 13 साल की नाबालिग बेटी पर गलत और गंदी नजर रखता है। बेटी की सुरक्षा को लेकर वह काफी परेशान रहने लगी थी। जाकिर को रास्ते से हटाने के लिए किरण और उसकी बहन कशिश ने टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के एपिसोड्स देखे और सबूत मिटाने व पुलिस को गुमराह करने की तरकीबें सीखीं।
हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों बहनों ने मामले को दूसरा रूप देने का प्रयास किया। उन्होंने पुलिस और जाकिर के परिजनों को यह झूठी सूचना दी कि जाकिर की मृत्यु खुदकुशी (सुसाइड) के कारण हुई है। इसके बाद दोनों बहनें घर पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया कि जाकिर की मृत्यु प्राकृतिक नहीं थी और उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थमने वाला है औद्योगिक पहिया
गाजियाबाद की पांचवी खबर बिजली संकट को लेकर जहां भीषण गर्मी और बुनियादी ढांचे की कमियों के बीच गाजियाबाद का औद्योगिक पहिया बिजली संकट के कारण थमने की कगार पर पहुंच गया है। कलेक्टड़ेट में आयोजित ‘उद्योग बंधु’ की बैठक में उद्यमियों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ ने विद्युत विभाग को फटकार लगाते हुए इंडस्ट्रियल फीडरों पर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कार्ययोजना बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली की बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और फॉल्ट के कारण उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय ‘उद्योग बंधु’ की बैठक में ऑल इंडिया मैन्यूफैक्चर्स ऑर्गनाइजेशन (AIMO) और अन्य औद्योगिक संगठनों ने बिजली संकट और अघोषित कटौती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उद्यमियों ने बताया कि ट्रोनिका सिटी, साहिबाबाद और मेरठ रोड जैसे क्षेत्रों में बिजली गुल होने पर 134 प्रति लीटर की दर से डीजल खरीदकर जेनरेटर चलाने पड़ रहे हैं, जिससे विनिर्माण लागत (Manufacturing Cost) बहुत बढ़ गई है।
इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के अधीक्षण अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने इंडस्ट्रियल फीडरों पर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तुरंत एक्शन प्लान बनाने को कहा है। इसके साथ ही जर्जर तारों, ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों और सब-स्टेशनों की कमियों को दूर कर फॉल्ट ठीक करने में लगने वाले समय को कम करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतें और प्रशासन का एक्शन
- प्रदूषण बोर्ड की कार्यशाला: बैठक में AIMO के उत्तर प्रदेश बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र गोयल ने शिकायत की कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के निरीक्षणों के दौरान मानकों की स्पष्टता न होने से उद्यमियों को परेशानी होती है। इस पर सीडीओ ने यूपीपीसीबी और सीपीसीबी के समन्वय से एक जागरूकता कार्यशाला (वर्कशॉप) आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि उद्यमियों को मानकों की सही जानकारी मिल सके।
- इंद्रप्रस्थ योजना में कचरा समस्या: बैठक में इंद्रप्रस्थ योजना क्षेत्र में कूड़े का उठाव न होने का मुद्दा भी उठा, जिस पर सीडीओ कुमार सौरभ ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) के अधिकारियों को जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए।






























