Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की पांच बड़ी और सनसनीखेज खबरों से, जो पिछले 24 घंटों के दौरान शहर में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी रहीं। पहली खबर डासना गेट पर दुकान के ऊपर बने कमरे में मेरठ निवासी कर्मचारी अंकित वर्मा का फंदे से लटकता शव मिला, पुलिस जांच जारी।
दूसरी खबर वेव सिटी में रहने वाले रिटायर्ड सीबीआई जज का डेबिट कार्ड चोरी कर साइबर ठगों ने 10 बार में उड़ाए 75 हजार रुपये, केस प्रतापगढ़ ट्रांसफर। तीसरी खबर चौपला बाजार से है, जहां दोने-पत्तल की थोक दुकान में लगी आग, दमकल विभाग ने ताला तोड़कर निकाले 8 गैस सिलेंडर, टला बड़ा विस्फोट।
चौथी खबर लोनी से है, जहां बहनों का पक्ष लेने और डांटने से नाराज कलयुगी बेटे शाहवेज ने सोते समय पिता पर धारदार हथियार से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार। और पांचवीं खबर हिमाचल के बिलासपुर में शादी से 2 दिन पहले 16 लाख के गहने और 1.80 लाख कैश लेकर भागी दुल्हन गाजियाबाद से दबोची गई, माल बरामद। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: कहीं बरपा आग का कहर, कहीं मांगी 2 करोड़ की रंगदारी | Top 5 Ghaziabad News
ज्वेलरी शॉप के कर्मचारी ने की आत्महत्या
गाजियाबाद की पहली खबर नगर कोतवाल क्षेत्र से है, जहां डासना गेट इलाके के एक आभूषण कारोबारी (ज्वेलरी शॉप) के यहां काम करने वाले कर्मचारी की आत्महत्या का मामला सामने आया है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, मृतक की पहचान 38 वर्षीय अंकित वर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ के मवाना का रहने वाला था। वह यहां ज्वेलरी शॉप के ऊपर बने कमरे में रहता था। सोमवार 9 नवंबर 2026 की शाम को जब अंकित का छोटा भाई करीब 6 बजे कमरे पर आया, तब उसने इस घटना को देखा और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर Hindustan की रिपोर्ट के अनुसार नगर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
रिटायर्ड सीबीआई जज से ठगी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर वेव सिटी थाना क्षेत्र से है, जहां जालसाजों ने एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) सीबीआई जज का डेबिट कार्ड चोरी कर उनके बैंक खाते से 75,054 रुपये उड़ा दिए। अपराधियों ने अलग-अलग तारीखों में कुल 10 बार में यह रकम निकाली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित बृजेश कुमार पांडेय एक सेवानिवृत्त सीबीआई जज हैं। वह वर्तमान में गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के शाहपुर बम्हैटा स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रीन सोसाइटी में रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व जज ने 19 अक्टूबर को प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र में एक SBI एटीएम से 10,000 रुपये निकाले थे। इसके बाद उन्होंने कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया और माना जा रहा है कि उसी दौरान उनका कार्ड चोरी हो गया।
जालसाजों ने शातिर तरीके से 27 अक्टूबर को तीन बार में 30 हजार रुपये, 29 अक्टूबर को दो बार में 20,054 रुपये और 4 नवंबर को पांच बार में 25 हजार रुपये की अवैध निकासी की। 5 नवंबर को जब पीड़ित ने कार्ड ढूंढा तो वह गायब मिला, जिसके बाद बैंक स्टेटमेंट देखने पर ठगी का पता चला।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर गाजियाबाद के वेव सिटी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि, मुख्य घटनास्थल प्रतापगढ़ (रानीगंज) होने के कारण गाजियाबाद पुलिस ने इस केस को आगे की जांच के लिए प्रतापगढ़ पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।
देर रात एक दुकान में लगी भीषण आग (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की तीसरी खबर शहर कोतवाली क्षेत्र के चौपला बाजार से है, जहां सोमवार 9 नवंबर देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। दमकलकर्मियों ने समय रहते दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला और एक बड़ा हादसा टाल दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चौपला मंदिर के पास मुकेश गर्ग की दोने-पत्तल और स्टोरेज की थोक दुकान है। सोमवार रात करीब 12:08 बजे बंद दुकान के अंदरूनी हिस्से में अचानक आग लग गई। दुकान के भीतर करीब 8 व्यावसायिक गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिससे वहां विस्फोट होने और आग के आसपास की मिठाई व अन्य दुकानों में फैलने का बड़ा खतरा पैदा हो गया था।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई निर्णायक साबित हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने दुकान मालिक की मौजूदगी में तुरंत ताला तोड़ा और जान जोखिम में डालकर सभी सिलेंडरों को बाहर निकाला। इसके बाद पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा बाजार तबाह होने से बच गया।
बहनों का पक्ष लेने पर कलयुगी बेटे पिता को उतारा मौत के घाट (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर लोनी थाना क्षेत्र से है, जहां रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां बहनों का पक्ष लेने और डांटने से नाराज एक कलयुगी बेटे ने सोते समय अपने ही पिता की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशियाना सिटी कॉलोनी में रहने वाले 58 वर्षीय इरफान अहमद का उनके बेटे शाहवेज उर्फ उमर से किसी बात पर विवाद हुआ था। पिता द्वारा बहनों का पक्ष लेने और डांटने से खफा बेटे ने देर रात चारपाई पर सो रहे पिता के सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अस्पताल ले जाते समय पिता की मौत हो गई। लोनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
शादी से दो दिन पहले लाखों रुपये और गहने लेकर दुल्हन फरार (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद से जुड़ी पांचवीं खबर एक सनसनीखेज धोखाधड़ी के मामले से है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शादी समारोह से महज दो दिन पहले 16 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 1.80 लाख रुपये कैश लेकर फरार हुई एक शातिर दुल्हन को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से हिरासत में ले लिया है।
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, गोरखपुर की रहने वाली इस युवती की शादी बिलासपुर के भराड़ी क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी और परिवार आगामी 6 नवंबर को धूमधाम से विवाह संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा था। लेकिन शादी से ठीक दो दिन पहले 4 नवंबर को मौका पाकर दुल्हन घर की तिजोरी से लाखों के गहने और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गई।
शिकायत मिलने के बाद सक्रिय हुई हिमाचल पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी युवती की लोकेशन गाजियाबाद में ट्रेस की। पुलिस टीम ने गाजियाबाद में दबिश देकर उसे धर दबोचा और उसके कब्जे से चोरी किए गए पूरे 1.80 लाख रुपये कैश व 16 लाख के आभूषण बरामद कर लिए हैं।










































