Shah Rukh Khan: दुनिया शाहरुख खान को एक ऐसे सुपरस्टार के रूप में जानती है जो हाज़िरजवाब हैं, आत्मविश्वास से भरे हैं और हर महफिल की जान हैं। शाहरुख खान के बेमिसाल स्टारडम, उनके मज़ाकिया अंदाज़ और डिम्पल वाली स्माइल को उनकी पहचान माना जाता है, लेकिन हाल ही में किंग खान ने अपनी ज़िंदगी के उस पन्ने को खोला है जिसे देखकर हर आंख नम हो जाए।
उन्होंने बताया कि माता-पिता को खोने के बाद उनकी बहन की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल गई, वहीं खुद को बिखरने से बचाने के लिए शाहरुख ने एक ‘झूठे दिखावे’ का सहारा लिया। तो चलिए इस लेख के जरिए हम किंग खान के जीवन की किताब के उस पन्ने को पढ़ेंगे कि कैसे अपनी स्माइल और अपने मज़ाकिया अंदाज़ के पीछे किंग खान ने अपने जीवन के सबसे बड़े दर्द को छुपाए रखा।
और पढ़ें: Rishi Kapoor की जिंदगी के दिलचस्प किस्से, वो सच जिसने सबको चौंका दिया
Shah Rukh Khan का वो दर्द
शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) ने हाल ही में अपने जीवन के उस पन्ने को पलटा जो उनके लिए एक काले दौर की तरह था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने महज़ 15 साल की उम्र में अपने पिता मीर ताज मोहम्मद खान को खो दिया था। कैंसर की वजह से उनके पिता का अचानक चले जाना पूरे परिवार के लिए एक ऐसा वज्रपात था, जिससे उनका हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। लेकिन इस मौत का सबसे गहरा और जानलेवा असर पड़ा शाहरुख की बड़ी बहन शहनाज़ लालारुख खान पर।
सदमे ने बदल दी ज़िंदगी
शहनाज़ उस वक्त काफी पढ़ी-लिखी और बेहद समझदार थीं। लेकिन जब उन्होंने अपने पिता के पार्थिव शरीर को देखा, तो वो उस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाईं। वो न तो रोईं, न चिल्लाईं, बल्कि अचानक ज़मीन पर गिर गईं। इस सदमे (Trauma) ने उनकी ज़िंदगी को इस कदर बदला कि वो अगले दो साल तक पूरी तरह खामोश हो गईं।
उन्होंने किसी से एक शब्द नहीं कहा, वो बस शून्य में ताकती रहती थीं। पिता के जाने के ठीक 10 साल बाद जब उनकी माँ का भी निधन हुआ, तो शहनाज़ का यह दर्द और गहरा हो गया और वो कभी इस डिप्रेशन से पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाईं।
छोटी सी उम्र और बड़ी ज़िम्मेदारी
एक तरफ जहाँ बहन इस दुख में डूब चुकी थी, वहीं महज़ 15 साल के शाहरुख (Shah Rukh Khan) के कंधों पर पूरे परिवार की बड़ी ज़िम्मेदारी थी। शाहरुख बताते हैं कि उनमें उस दुख को झेलने की हिम्मत नहीं थी। उन्हें डर था कि अगर वो भी रुक गए, तो सब कुछ तबाह हो जाएगा। इसलिए, खुद को डिप्रेशन की गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए शाहरुख ने एक ‘फॉल्स ब्रावाडो’ यानी एक झूठे दिखावे और दुनिया से दूरी का मुखौटा ओढ़ लिया।
काम को बनाया थेरेपी
आज हम कैमरे के सामने शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) का जो गजब का सेंस ऑफ ह्यूमर, हाज़िरजबाबी और स्टारडम देखते हैं, शाहरुख के मुताबिक वो असल में उनके इसी अकेलेपन और खालीपन को छिपाने की एक ढाल है। उन्होंने एक्टिंग और चौबीसों घंटे काम करने को ही अपनी थेरेपी बना लिया, ताकि उनका दिमाग उस गहरे दुख की तरफ जा ही न सके।
आज भले ही शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं, मन्नत जैसे आलीशान बंगले में रहते हैं, लेकिन वो अपनी बहन शहनाज़ को कभी खुद से दूर नहीं करते। शहनाज़ आज भी मन्नत में शाहरुख के साथ ही रहती हैं और किंग खान एक साए की तरह उनकी देखभाल करते हैं।
कैमरे के सामने करोड़ों चेहरों पर मुस्कान लाने वाले शाहरुख खान के इस छुपे हुए दर्द और अपनी बहन के लिए उनके इस बेइंतहा प्यार पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट सेक्शन में ज़रूर बताएं।












































