Kangana Ranaut Baba Ramdev controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने तीखे बयानों को लेकर चर्चा में आ गई हैं। इस बार उनका सीधा मुकाबला योग गुरु बाबा रामदेव से देखने को मिल रहा है। बाबा रामदेव द्वारा कंगना के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान की आलोचना किए जाने के बाद एक्ट्रेस बुरी तरह भड़क उठी हैं। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बाबा रामदेव पर सीधा और कड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि बाबा जी को उनकी जवानी या बेडरूम को लेकर ‘डे-ड्रीम’ (दिन में सपने देखना) बंद कर देना चाहिए।
कंगना का पलटवार: ‘मुझे चरित्र का पाठ मत पढ़ाइए’| Kangana Ranaut Baba Ramdev controversy
बाबा रामदेव के बयान पर पलटवार करते हुए कंगना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में सपने मत देखिए। कोई सिर्फ अफवाहों और गॉसिप के आधार पर ही ऐसी बातें सोच सकता है। कम से कम मुझे कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे या फर्जी मेडिकल दावों को लेकर फटकार नहीं लगी है। इसलिए मुझे चरित्र का पाठ पढ़ाने की कोशिश मत कीजिए। आपका चरित्र जैसा भी हो, मेरा चरित्र उससे कहीं बेहतर है। यहां कोई फ्रॉड नहीं मिला है।”

बाबा रामदेव ने क्या कहा था?
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब टीवी9 भारतवर्ष के साथ बातचीत में बाबा रामदेव ने कंगना के उस बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने नई पीढ़ी (Gen Z) की महिलाओं को ‘जनरेशन गटर’ कहा था। बाबा रामदेव ने कंगना के इस बयान को ‘बिगड़े दिमाग की निशानी’ बताते हुए कहा था, “उनका क्वालिफिकेशन क्या है? उनका बचपन कैसा रहा है? उनकी जवानी कैसी रही है और उनके पुराने कारनामे कैसे रहे हैं? मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता। देश के युवाओं और जेन Z को ‘गटर-पटर’ बोलना पूरी तरह गलत है। उनकी पार्टी (बीजेपी) को इस बयान पर संज्ञान लेना चाहिए।”

जब बाबा रामदेव से पूछा गया कि कंगना तो खुद आपके योग की प्रशंसक रही हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि अगर कोई मेरी या योग की तारीफ करता है, तो क्या मैं उनके गुनाहों पर लीपापोती कर दूँ? उन्होंने आगे कहा कि युवाओं की कोई एक जाति नहीं होती; युवा शक्ति में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, दलित, आदिवासी और वनवासी समाज के सभी बच्चे शामिल हैं। आज का युवा अपने आप में सबसे बड़ी ताकत है और उसे कोई नकार नहीं सकता।
विवाद की जड़: कंगना का ‘जेनरेशन गटर’ वाला बयान
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत कंगना की एक पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी। अपनी पोस्ट में कंगना ने लिखा था कि आजकल की युवा हिंदू महिलाओं का रवैया काफी चौंकाने वाला है। कंगना के मुताबिक, ये महिलाएं आजाद और करियर-ओरिएंटेड महिलाओं की लाइफस्टाइल की नकल तो करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी को अपनी मेहनत से कमाना नहीं चाहतीं।
कंगना ने तर्क दिया था कि जो महिलाएं सच में आत्मनिर्भर होती हैं, वे अपनी शर्तों पर फैसले लेती हैं और परिवार की कीमत पर ऐसा नहीं करतीं। उन्होंने पश्चिमी सोच से प्रभावित इस नई पीढ़ी की महिलाओं को ‘जनरेशन गटर’ करार दिया था, जिसके बाद यह पूरा सियासी और सामाजिक घमासान शुरू हुआ।













































