Gurugram hit and run case: गुरुग्राम में महिला सुपरबाइकर को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला आखिरकार सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और चौतरफा घिरने के बाद उसने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा है। कल्याण ने पूरे मामले में खुद को बेकसूर बताते हुए दावा किया कि उसने जानबूझकर किसी को टक्कर नहीं मारी, बल्कि यह सब अचानक हुई एक दुर्घटना थी। उसका आरोप है कि 20 से 22 बाइकर्स का एक बड़ा ग्रुप उसे और उसके परिवार को काफी देर से सड़क पर परेशान कर रहा था और गालियां दे रहा था।
‘फैमिली के साथ था, 10 मिनट से हुड़दंग कर रहे थे बाइकर्स’| Gurugram hit and run case
कल्याण बैंसला ने बातचीत में बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय वह अपनी कार में अकेले नहीं थे बल्कि उनके साथ उनका परिवार मौजूद था, जिसमें एक महिला भी शामिल थीं। कल्याण का कहना है कि करीब 22 से 23 बाइकों का एक झुंड पिछले 10 मिनट से लगातार उनकी गाड़ी के आगे-पीछे मंडरा रहा था। बाइक सवार कभी बहुत तेजी से गाड़ी के सामने कट मारते, तो कभी अचानक ब्रेक लगाकर रफ्तार धीमी कर देते थे। इस वजह से सड़क पर लगातार टकराव और तनाव के हालात बने हुए थे।
उसने बताया कि वह खुद भी बाइकिंग का शौक रखता है। माहौल संभालने के लिए उसने कार की खिड़की से हाथ बाहर निकालकर एक राइडर को इशारा भी किया था और कहा था, ‘आप बहुत अच्छी बाइक चला रहे हो, लेकिन थोड़ा धीरे और संभलकर चलाओ।’ लेकिन इसके बावजूद ग्रुप की हुड़दंगबाजी बंद नहीं हुई।
टक्कर के बाद मौके से क्यों भागा? बताई यह वजह
हादसे के बाद गाड़ी न रोकने और तुरंत फरार हो जाने के सवाल पर कल्याण ने अपने बचाव में पारिवारिक सुरक्षा की दलील दी। उसने कहा कि टक्कर के बाद वह आगे रेड लाइट पर रुका था, लेकिन कार में बैठे उसके भाई ने आगाह किया कि पीछे 20-22 राइडर्स का गुस्सैल झुंड आ रहा है। अगर वहां गाड़ी रोकी तो वे लोग मारपीट और हमला कर सकते हैं।
कल्याण के मुताबिक, कार में महिलाएं और परिजन होने की वजह से किसी अनहोनी के डर से वह वहां से निकल गया। उसने कहा कि उसका मकसद किसी को चोट पहुंचाना या नुकसान करना कतई नहीं था। जब बाद में उसे पता चला कि जिस राइडर को टक्कर लगी वह एक महिला थी, तो उसे इस बात का बेहद अफसोस हुआ।
वायरल वीडियो को बताया आधा-अधूरा सच
सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो को लेकर कल्याण ने नाराजगी जताई। उसने कहा कि इंटरनेट और चैनलों पर सिर्फ एक छोटी सी एडिटेड क्लिप घुमाई जा रही है, जिससे उसे जबरन ‘विलेन’ साबित करने की कोशिश हो रही है। उस क्लिप में यह नहीं दिखता कि उससे पहले बाइकर्स किस तरह स्टंटबाजी और बदसलूकी कर रहे थे।
उसने दावा किया कि उसका पिछला रिकॉर्ड बिल्कुल साफ रहा है और वह लगातार जांच अधिकारियों के संपर्क में है। कल्याण ने पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसके परिवार को बेवजह इस मामले में न घसीटा जाए और अधिकारियों को जो भी सवाल पूछने हैं या जांच करनी है, वे सीधे उससे पूछताछ करें।












































