एक दिन में 50 IAS-IPS अफसरों ने खरीदी जमीन, फिर आया ₹3200 करोड़ का बायपास… भोपाल डील पर मचा बवाल| Bhopal Land Scam

Nandani | Nedrick News Bhopal Published: 12 मई 2026, 04:05 PM Updated: 12 मई 2026, 04:05 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Bhopal Land Scam: भोपाल के कोलार इलाके के गुराड़ी घाट गांव में हुई जमीन खरीद का मामला अब चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। यहां देशभर के करीब 50 IAS और IPS अधिकारियों द्वारा एक ही दिन में खेती की जमीन खरीदने का खुलासा हुआ है। खास बात यह है कि जमीन खरीद के कुछ समय बाद ही उसी इलाके में ₹3200 करोड़ के वेस्टर्न बायपास को मंजूरी मिल गई और फिर जमीन का लैंड यूज भी बदल दिया गया। इसके बाद जमीन की कीमतें कई गुना बढ़ गईं।

यह पूरा मामला तब सामने आया जब मध्य प्रदेश कैडर के IAS अधिकारियों के अचल संपत्ति विवरण यानी IPR की जांच की गई। पड़ताल में पता चला कि इस निवेश में सिर्फ मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, तेलंगाना, हरियाणा कैडर और दिल्ली में पदस्थ कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।

और पढ़ें: प्रीमियम भरते रहो और क्लेम के वक्त इंतजार करो! बजाज की हेल्थ इंश्योरेंस से लोग क्यों है परेशान? Bajaj health insurance controversy

एक ही दिन में हुई करोड़ों की जमीन खरीद| Bhopal Land Scam

दस्तावेजों के मुताबिक 4 अप्रैल 2022 को गुराड़ी घाट गांव में 2.023 हेक्टेयर कृषि भूमि की एक साथ रजिस्ट्री कराई गई। इस जमीन को करीब 50 लोगों ने मिलकर खरीदा। रजिस्ट्री दस्तावेज में जमीन की कीमत 5.5 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जबकि उस समय इसकी बाजार कीमत लगभग 7.78 करोड़ रुपये बताई गई थी। IPR रिकॉर्ड में इस निवेश को “like-minded officers” यानी समान सोच वाले अधिकारियों की साझा प्रॉपर्टी बताया गया है। हालांकि दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि 50 हिस्सों के पीछे वास्तविक खरीदार 41 लोग ही हैं।

16 महीने बाद आया बड़ा प्रोजेक्ट

दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जमीन खरीद के करीब 16 महीने बाद यानी 31 अगस्त 2023 को राज्य कैबिनेट ने ₹3200 करोड़ के वेस्टर्न बायपास प्रोजेक्ट को मंजूरी दी। मौजूदा प्लान के मुताबिक यह बायपास खरीदी गई जमीन से लगभग 500 मीटर की दूरी से गुजरने वाला है। यहीं से पूरे मामले पर सवाल उठने लगे। क्योंकि जिस इलाके में पहले खेती की जमीन थी, वहां अचानक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की घोषणा के बाद जमीन की कीमतों में जबरदस्त उछाल आ गया।

फिर बदला लैंड यूज, बढ़ गई कीमत

जब अधिकारियों ने यह जमीन खरीदी थी, तब इसका इस्तेमाल कृषि भूमि के रूप में होता था। लेकिन बायपास मंजूर होने के करीब 10 महीने बाद यानी जून 2024 में इस जमीन का लैंड यूज बदलकर इसे रिहायशी जमीन घोषित कर दिया गया। 2022 में करीब 5 एकड़ यानी लगभग 2,17,800 वर्गफीट जमीन करीब ₹81.75 प्रति वर्गफीट के हिसाब से खरीदी गई थी। लेकिन डायवर्जन के बाद इसकी कीमत बढ़कर ₹557 प्रति वर्गफीट तक पहुंच गई।

इसके बाद इस जमीन की कुल कीमत करीब ₹12 करोड़ से ज्यादा हो गई। वहीं मौजूदा बाजार दर के अनुसार इस इलाके में जमीन की कीमत ₹2500 से ₹3000 प्रति वर्गफीट बताई जा रही है। यानी आज यही जमीन लगभग ₹55 करोड़ से ₹65 करोड़ के बीच आंकी जा रही है।

अब तक नहीं बनी कोई सोसायटी

रिपोर्ट के मुताबिक इस जमीन पर अभी तक कोई हाउसिंग सोसायटी रजिस्टर्ड नहीं की गई है। अगर यहां रिहायशी प्रोजेक्ट शुरू किया जाता है तो पहले जमीन को सोसायटी के नाम ट्रांसफर करना होगा या फिर प्लॉट्स का अलग-अलग आवंटन करना पड़ेगा।

निवेश या अंदरूनी जानकारी?

अब इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जमीन खरीद के समय अधिकारियों को आने वाले बायपास प्रोजेक्ट की जानकारी पहले से थी? हालांकि अभी तक किसी भी अधिकारी की तरफ से इस मामले में सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन जिस तरह जमीन खरीद, बायपास मंजूरी और लैंड यूज बदलाव की टाइमिंग सामने आई है, उसने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।

फिलहाल यह मामला सिर्फ जमीन निवेश तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह भी सवाल उठने लगे हैं कि क्या बड़े सरकारी प्रोजेक्ट्स की जानकारी का इस्तेमाल निजी निवेश के लिए किया गया। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और ज्यादा राजनीतिक और प्रशासनिक बहस का कारण बन सकता है।

और पढ़ें: फीस के नाम पर स्कूल ने मचाई लूट: अभिभावकों का फूटा गुस्सा…ढाई घंटे तक चला धरना | School Fee Hike Protest

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds