Archana Puran Singh: बॉलीवुड और टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह ने अपने करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में कर दी थी। साल 1982 में सिर्फ 20 साल की उम्र में उन्होंने फिल्म ‘निकाह’ से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार फिल्मों और टीवी दोनों में काम करती रहीं। 1987 में वह नसीरुद्दीन शाह के साथ फिल्म ‘जलवा’ में लीड रोल में नजर आईं, जिसने उन्हें उस दौर में एक अलग पहचान दी। धीरे-धीरे उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों और टीवी शोज में काम करके इंडस्ट्री में अपनी मजबूत जगह बना ली।
कॉमेडी से मिली नई पहचान | Archana Puran Singh
90 के दशक में अर्चना ने ‘बाज’ और ‘जज मुजरिम’ जैसी फिल्मों में आइटम नंबर किए, लेकिन असली पहचान उन्हें कॉमेडी रोल्स से मिली। ‘कुछ कुछ होता है’, ‘इंसान’, ‘दे दना दन’ और ‘बोल बच्चन’ जैसी फिल्मों में उनका कॉमिक अंदाज काफी पसंद किया गया। लेकिन उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट तब आया जब उन्होंने टीवी पर कदम रखा।
‘द कपिल शर्मा शो’ से मिली जबरदस्त लोकप्रियता
साल 2019 में अर्चना ने द कपिल शर्मा शो में जज के तौर पर एंट्री की। नवजोत सिंह सिद्धू की जगह उन्होंने शो में जगह ली और धीरे-धीरे यह शो उनकी पहचान का सबसे बड़ा हिस्सा बन गया। पहले यह शो टीवी पर आता था और अब OTT पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के नाम से स्ट्रीम होता है। इस शो ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया, लेकिन इसके साथ ही उनके करियर में एक अलग मोड़ भी आ गया।
“फिल्मों से दूरी बनती चली गई” – अर्चना का दर्द
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अर्चना ने खुलकर कहा कि इस शो की वजह से उनका फिल्मी करियर धीरे-धीरे रुक गया। उन्होंने बताया कि पहले जब शो टीवी पर आता था, तो साल में 100 एपिसोड शूट होते थे, जिसकी वजह से उनके पास किसी और प्रोजेक्ट के लिए समय ही नहीं बचता था।
अर्चना कहती हैं, “मुझे कई बार बड़े प्रोजेक्ट्स ऑफर हुए, लेकिन डेट्स की वजह से मना करना पड़ा। एक बार तो स्कॉटलैंड में 25 दिन की शूटिंग का मौका भी छोड़ना पड़ा।”
“इतना मना किया कि लोग ऑफर करना ही बंद कर दिया”
अर्चना ने साफ कहा कि बार-बार मना करने के बाद फिल्ममेकर्स ने उन्हें अप्रोच करना ही बंद कर दिया। उनके शब्दों में, “मैंने इतना मना किया कि अब लोग मुझे रोल ऑफर ही नहीं करते। शायद उन्हें लगता है कि मैं बस एक कुर्सी पर बैठकर हंसने वाली एक्ट्रेस हूं।” यह बात उनके अंदर एक तरह का पछतावा भी लेकर आई है, जिसे वह अब खुलकर स्वीकार कर रही हैं।
OTT ने खोले नए रास्ते
अब जब शो OTT पर आ गया है और सीजन के हिसाब से शूट होता है, तो अर्चना को थोड़ा समय मिलने लगा है। उनका कहना है कि अब वह दूसरे प्रोजेक्ट्स और फिल्मों के लिए ट्रैवल और शूट कर सकती हैं। इस बदलाव से उन्हें उम्मीद है कि उनका एक्टिंग करियर फिर से रफ्तार पकड़ सकता है।
यूट्यूब और सोशल मीडिया से भी कमाई
अर्चना सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं हैं। वह यूट्यूब व्लॉग्स और इंस्टाग्राम रील्स के जरिए भी काफी एक्टिव रहती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी यूट्यूब से मासिक कमाई करीब 4.4 लाख से 6 लाख रुपये तक है, जबकि सालाना आय 53 लाख से 72 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। इसमें ब्रांड कोलैबोरेशन और व्यूज से होने वाली कमाई भी शामिल है।
नई फिल्म और वेब सीरीज में वापसी
हाल ही में वह फिल्म ‘टोस्टर’ में नजर आईं, जिसमें उन्होंने कॉमिक रोल निभाया है। यह उनका अभिनेता राजकुमार राव के साथ दूसरा प्रोजेक्ट है। इससे पहले दोनों ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में साथ काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह जल्द ही वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में केके मेनन के साथ नजर आएंगी।
और पढ़ें: मेरा बाप औरत है… अली असगर ने दादी किरदार छोड़ने की बताई असली वजह | Ali Asgar News






























