Pahalgam Attack China Connection: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमले को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। इस हमले में 26 मासूम पर्यटकों की जान गई थी, जिसकी पूरी दुनिया में कड़ी निंदा हुई थी। अब एक नई अंतरिक्ष निगरानी रिपोर्ट ने इस बात के पुख्ता संकेत दिए हैं कि इस हमले की साजिश में पाकिस्तान के साथ-साथ चीन की भी पर्दे के पीछे से भूमिका हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले से ठीक 6 दिन पहले चीन के अर्थ-ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट्स ने पहलगाम इलाके की बारीकी से निगरानी करने के लिए 37 बार अपनी कक्षा (ऑर्बिट) और दिशा में अजीब बदलाव किए थे।
इतना ही नहीं, जिस दिन आतंकियों ने इस खूनी खेल को अंजाम दिया, उस दिन भी दो चीनी सैटेलाइट्स ने अपने रास्ते बदले ताकि वे पहलगाम के ऊपर से ज्यादा बार गुजर सकें। इस खुलासे के बाद यह गंभीर सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या चीन ने पाकिस्तानी आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ करने, इलाके को समझने और हमले के बाद सुरक्षित भागने के रास्ते बताने में मदद की थी?
15 से 30 अप्रैल के बीच 37 प्री-प्लान मैनूवर, दिगंतारा की रिपोर्ट में खुलासा| Pahalgam Attack China Connection
यह सनसनीखेज जानकारी बेंगलुरु स्थित स्पेस सर्विलांस स्टार्टअप ‘दिगंतारा’ (Digantara) के ‘स्पेस डोमेन अवेयरनेस’ (SDA) विश्लेषण में सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 के बीच चीनी सैटेलाइट्स ने कुल 37 ऐसे ‘मैनूवर’ (रास्ते में बदलाव) किए जो पहले से योजनाबद्ध थे। इन बदलावों की वजह से पहलगाम के ऊपर से उनके गुजरने के पैटर्न में बड़ा अंतर आया। दिगंतारा के वैज्ञानिकों का मानना है कि ये सभी बदलाव संभवतः आतंकी हमले से काफी पहले ही प्लान कर लिए गए थे। इस अध्ययन में कुल 1,332 चीनी स्पेस ऑब्जेक्ट्स का डेटा खंगाला गया, जिनमें से 190 ने इस अवधि में कम से कम एक बार अपना ऑर्बिट बदला, लेकिन इनमें से 37 मैनूवर सीधे तौर पर पहलगाम पर फोकस बढ़ाने के लिए किए गए थे।
क्या सुरक्षाबलों की मूवमेंट और भागने के रास्ते देख रहे थे चीनी सैटेलाइट्स?
विश्लेषण से पता चलता है कि चीन के ‘याओगन’ (Yaogan) और ‘गाओफेन’ (Gaofen) सीरीज के जासूसी सैटेलाइट्स इस पूरी गतिविधि में शामिल थे। 16 अप्रैल को ‘याओगन-35 01A’ सैटेलाइट ने अपना ऑर्बिट बदला, जिससे पहलगाम के ऊपर से उसके गुजरने की संख्या दोगुनी हो गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 22 अप्रैल को हमले वाले दिन भी हत्याओं को अंजाम दिए जाने के ठीक बाद शाम 5:14 बजे और शाम 5:59 बजे दो अन्य सैटेलाइट्स ‘याओगन-39 01B’ और ‘याओगन-39 01C’ ने अपनी दिशा बदली। ये सैटेलाइट्स अत्याधुनिक इमेजिंग और मिलिट्री टोही तकनीक से लैस हैं। हालांकि अभी तक यह एक अपुष्ट अनुमान ही है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इसका मकसद भारतीय सुरक्षाबलों की मूवमेंट को ट्रैक करना या फिर आतंकियों को भागने के सुरक्षित रास्ते दिखाना हो सकता है। इसके बाद 29 अप्रैल को लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में चीनी सैटेलाइट्स ने 37 और 30 अप्रैल को 31 बार ऐसे बदलाव किए, जो किसी खास इलाके की बेहद साफ और नजदीकी तस्वीरें लेने के लिए किए जाते हैं।
आखिर क्या होता है सैटेलाइट मैनूवर?
सरल शब्दों में समझें तो ‘सैटेलाइट मैनूवर’ का मतलब अंतरिक्ष में घूम रहे किसी सैटेलाइट की कक्षा या दिशा में जानबूझकर बदलाव करना होता है। सैटेलाइट में छोटे रॉकेट इंजन यानी ‘थ्रस्टर’ लगे होते हैं। जब इन्हें चालू किया जाता है, तो तेज गति से गैस बाहर निकलती है और विपरीत दिशा में सैटेलाइट को धक्का (थ्रस्ट) मिलता है। इसी तकनीक से सैटेलाइट को किसी खास इलाके के ठीक ऊपर बार-बार लाया जाता है ताकि वहां की सटीक निगरानी हो सके।
बैसरन घाटी में मारे गए थे 26 लोग, आतंकियों के पास मिला था चीन भेजा गया कैमरा
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम से करीब 6 किलोमीटर दूर बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी और 16 अन्य घायल हुए थे। इस नृशंस हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के लिए अपने हवाई रास्ते बंद कर रखे हैं।
चीन के इस संदिग्ध गठजोड़ के तार सिर्फ सैटेलाइट तक ही सीमित नहीं हैं। इससे पहले जांच के दौरान आतंकियों के पास से अमेरिकी कंपनी ‘गोप्रो’ (GoPro) का एक कैमरा भी बरामद हुआ था। गोप्रो कंपनी ने पुष्टि की थी कि यह कैमरा चीन के एक अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर को सप्लाई किया गया था। भारत ने इस संबंध में चीन से आधिकारिक जानकारी मांगी थी, लेकिन बीजिंग ने आज तक कोई जवाब नहीं दिया है। फिलहाल राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) इस बात की तफ्तीश कर रही है कि चीन के डिस्ट्रीब्यूटर से यह कैमरा पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा।













































