Indias Got Latent winner: मशहूर कॉमेडियन समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ (India’s Got Latent) के दूसरे सीजन के एक अनरिलीज्ड एपिसोड को लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है। सुभाष अहिरवार नाम के एक उभरते कलाकार ने दावा किया है कि उन्होंने इस शो के दूसरे सीजन का एक एपिसोड जीता था, लेकिन आज तक उनका वह एपिसोड जारी नहीं किया गया। सुभाष ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक वीडियो साझा कर समय रैना से अपील की है कि वे उनके परफॉरमेंस वाला एपिसोड रिलीज करें। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर 51.6 हजार से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं और फैंस लगातार समय रैना व शो के को-होस्ट बलराज घई को टैग कर रहे हैं।
जजों से मिले 10/10 नंबर और 1 लाख का इनाम, फिर भी स्क्रीन से गायब| Indias Got Latent winner
वायरल वीडियो में सुभाष अहिरवार की आंखें भर आईं। उन्होंने बताया कि शो के दौरान जजों ने उनके टैलेंट को खूब सराहा और उन्हें पूरे 10 में से 10 अंक दिए, जिसके बाद उन्हें विनर घोषित किया गया। सुभाष ने सबूत के तौर पर एक स्कोर शीट भी दिखाई, जिस पर उन्होंने खुद को वही स्कोर दिया था।
https://www.instagram.com/reel/Df17cMEIGDk/?utm_source=ig_web_button_share_sheet
उनके मुताबिक, शो जीतने पर उन्हें इनाम के तौर पर 1 लाख रुपये नकद, एक स्मार्टफोन और फूड कूपन भी दिए गए थे। लेकिन सुभाष का कहना है कि उन्हें इन महंगे तोहफों या पैसों की कोई चाहत नहीं थी, बल्कि वे चाहते थे कि दुनिया उनका हुनर देखे और उन्हें एक कलाकार के रूप में पहचान मिले। निराशा जताते हुए उन्होंने कहा, “दोस्तों, मैं ‘लेटेंट’ में गया था और वहां का विजेता हूं, लेकिन मेरा एपिसोड ही नहीं आया। इन इनामों का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि जो काम की चीज थी वह रिलीज ही नहीं हुई।”
6 साल की उम्र में मांगी भीख, मजदूरी की और खून तक बेचा
सुभाष ने अपने जीवन के उस कड़वे सच को भी बयां किया, जिसे सुनकर किसी का भी दिल पसीज जाए। उन्होंने बताया कि महज 6-7 साल की उम्र में ही पेट भरने के लिए उन्हें भीख मांगनी पड़ी थी। 9 साल की उम्र में उन्होंने एक ढाबे पर बर्तन धोए और काम किया, 12 साल की उम्र में ठेले पर सब्जियां बेचीं और 15 साल का होते-होते मजदूरी करने लगे।
इसके बाद उन्होंने पांच साल तक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी की और फिर दोबारा ढाबे पर काम करने लौटे। इतनी मुफलिसी के बावजूद उन्होंने कलाकार बनने का अपना सपना नहीं मरने दिया। उन्होंने सात साल तक थिएटर किया और ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद गुजारा चलाने के लिए वॉशरूम तक साफ किए। बाद में वे सड़कों पर म्यूजिक बजाकर पैसे मांगने लगे और करियर बनाने की जद्दोजहद में उन्हें अपना खून तक बेचना पड़ा।
समय रैना से भावुक गुहार- ‘किसी के सपनों के साथ मत खेलो’
सुभाष को उम्मीद थी कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का मंच उनकी किस्मत बदल देगा। अपनी बेबसी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, “आदमी कहां से उठकर आया… आपके एपिसोड में आने का एक मौका मिला, विनर भी बन गया… समय भाई, मैं तो हार गया यार। जीती हुई बाजी हार गया मैं।” वीडियो के अंत में उन्होंने समय रैना से हाथ जोड़कर अपील की कि वे सालों के संघर्ष के बाद मिली इस कामयाबी की अहमियत को समझें और किसी के सपनों के साथ खिलवाड़ न करते हुए उनके एपिसोड को जल्द से जल्द रिलीज करें।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में नजर आ चुके हैं कई बड़े सितारे
गौरतलब है कि समय रैना के यूट्यूब चैनल पर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सीजन-2 के ‘मेंबर्स-ओनली’ एपिसोड्स जारी किए गए थे। इन एपिसोड्स में राघव जुयाल, मुनव्वर फारुकी, निहारिका एनएम, रोहन जोशी, रैपर बादशाह, सौरव जोशी, हर्ष लिम्बाचिया, रजत सूद, दीपक कलाल, रवि गुप्ता, अभिनेता आयुष्मान खुराना और मेंटलिस्ट सुहानी शाह जैसी कई मशहूर हस्तियां बतौर गेस्ट जज शामिल हो चुकी हैं।














































