एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, टिकट मांगने पर जवान को धक्का देकर भागा संदिग्ध; पिता ने बताया ड्रग एडिक्ट| Delhi airport police arrest

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Delhi airport police arrest: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध युवक ने सुरक्षा घेरा तोड़कर जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) के जवानों की मुस्तैदी के चलते उसकी इस हरकत को चंद सेकंडों में ही नाकाम कर दिया गया। इस घटना के बाद एविएशन सिक्योरिटी एजेंसियों के साथ-साथ यात्रियों के मन में भी कई सवाल उठने लगे हैं कि आखिर यह युवक कौन था और किस इरादे से टर्मिनल के भीतर दाखिल होना चाहता था। फिलहाल आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस की गिरफ्त में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।

और पढ़ें: इनके बैग में गांजा रखो और फंसा दो… होटल में ठहरे बालिग कपल को ASP ने धमकाया, हिडन कैमरे में कैद हुई करतूत| MP Viral news

गेट नंबर-3 पर क्या हुआ था? Delhi airport police arrest

एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना 18 नवंबर की दोपहर करीब 3:06 बजे की है। काले रंग की टी-शर्ट, काला लोवर पहने और पीठ पर लाल रंग का पिट्ठू बैग लटकाए एक युवक टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट नंबर-3 पर पहुंचा। वहां तैनात CISF के सब-इंस्पेक्टर ने जब उससे एयरलाइन टिकट और पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो युवक ने अचानक सब-इंस्पेक्टर को जोरदार धक्का दे दिया और चेक-इन एरिया की तरफ तेजी से भागने लगा।

सब-इंस्पेक्टर ने तुरंत पलटकर उस पर झपट्टा मारा और उसे पकड़ भी लिया, लेकिन आरोपी किसी तरह हाथ छुड़ाकर दोबारा अंदर की ओर दौड़ पड़ा। इसी बीच CISF की क्विक रिएक्शन टीम (QRT) भी हरकत में आ गई। महज कुछ ही सेकंड में सब-इंस्पेक्टर और QRT कमांडो ने मिलकर युवक को चेक-इन एरिया के शुरुआती हिस्से में ही दबोच लिया और अपनी विशेष ट्रेनिंग का इस्तेमाल करते हुए उसका हाथ मरोड़कर उसे पूरी तरह काबू में कर लिया।

बैग की तलाशी में मिले आधार, पैन और कई सर्टिफिकेट

घटना के बाद संदिग्ध युवक को कंट्रोल रूम ले जाया गया, जहां वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ हुई। आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी 26 वर्षीय कुनाल कुमार के रूप में हुई है। उसके बैग की तलाशी लेने पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, खेल से जुड़े कुछ सर्टिफिकेट और कई आवेदन फॉर्म बरामद हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन सभी दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही हैं।

कोलकाता से वाराणसी होते हुए दिल्ली पहुंचा था आरोपी

जांच में कुनाल के पास से एक पुराना बोर्डिंग पास भी मिला है। इससे पता चला है कि वह 17 नवंबर को पहले कोलकाता से फ्लाइट लेकर वाराणसी गया था और उसी दिन वाराणसी से दूसरी फ्लाइट पकड़कर दोपहर करीब 3 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उतरा था। हैरानी की बात यह है कि ठीक 24 घंटे बाद यानी 18 नवंबर को उसी समय वह दोबारा टर्मिनल-3 पर पहुंचा और जबरन अंदर घुसने लगा। अब एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि दिल्ली उतरने के बाद अगले 24 घंटे तक वह कहां और किन लोगों के संपर्क में रहा।

पिता ने बताया मानसिक रूप से बीमार, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

प्रारंभिक पूछताछ के बाद जब सुरक्षा अधिकारियों ने सोनीपत में कुनाल के परिवार से संपर्क किया, तो उसके पिता ने दावा किया कि उनका बेटा नशे का आदी (ड्रग एडिक्ट) है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल CISF ने आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या कुनाल वाकई मानसिक बीमारी से जूझ रहा है या फिर कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए यह बहाना बनाया जा रहा है। साथ ही, टर्मिनल में जबरन घुसने के पीछे उसके असली मकसद को भी खंगाला जा रहा है।

और पढ़ें: जेल में बंद लॉरेंस के नाम पर कौन फैला रहा दहशत? दिल्ली पुलिस ने साबरमती जेल से मांगा विजिटर्स का पूरा रिकॉर्ड! Lawrence Bishnoi Sabarmati jail

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds