Jaipur Mayank Gopaliya case: जयपुर के वैशाली नगर में 11 दिन पहले जानलेवा हमले का शिकार हुए कैफे संचालक मयंक गोपालिया ने सोमवार देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। कैफे की एक महिला कर्मचारी से मिलने आए उसके दोस्त को टोकने पर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तो चलिए इस लेख के जरिए इस पूरी घटना के बारे में जानते हैं।
और पढ़ें: कैसे एक बंद कंटेनर से खुला अमेरिका के सबसे खौफनाक सीरियल किलर का राज़ | Todd Kohlhepp Case
यह वारदात जयपुर के पॉश इलाके वैशाली नगर की है, जहां 34 वर्षीय कैफे संचालक मयंक गोपालिया की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
विवाद की जड़
मयंक गोपालिया (Mayank Gopaliya ) वैशाली मार्ग पर ‘ओवन द बेकरी’ (Oven The Bakery) नाम से कैफे चलाते थे। उनके कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी से मिलने के लिए उसका एक दोस्त (मोहम्मद शाहरुख) अक्सर वहां आता था। 5 नवंबर की दोपहर को भी वह युवक कैफे आया था। ग्राहकों को परेशानी न हो और कैफे का माहौल खराब न हो, इसलिए मयंक ने इस पर आपत्ति जताई और युवक को वहां आने से टोका। इसी बात से नाराज होकर आरोपी मयंक को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया था।
क्या हुआ था 5 नवंबर की रात?
5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे जब मयंक अपना कैफे बंद कर पैदल घर लौट रहे थे, तो पहले से गली के मोड़ पर घात लगाए बैठे बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखा कि हमलावरों ने लोहे के पाइप और लाठी-डंडों से मयंक के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए।
सिर पर गंभीर चोट लगने से मयंक जमीन पर गिर पड़े, लेकिन हमलावर रुके नहीं और उन पर लगातार वार करते रहे। जब मयंक बेसुध होकर लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े रहे, तो हमलावर उन्हें मरा हुआ समझकर अपनी बाइक और स्कूटी से फरार हो गए।
11 दिन मौत से जंग लड़ते रहे Mayank Gopaliya
बताया जा रहा है कि राहगीरों ने सड़क पर खून से लथपथ पड़े मयंक (Mayank Gopaliya ) को देखा और तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें होने के कारण डॉक्टरों को उनका ऑपरेशन करना पड़ा। वह पिछले 11 दिनों से आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे, लेकिन सोमवार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई
बता दें कि वैशाली नगर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद शाहरुख उर्फ पन्नया और उसके साथी अकमान खान सहित अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इलाके में आरोपियों का जुलूस भी निकाला था। मयंक (Mayank Gopaliya ) की मौत के बाद पुलिस ने अब इस मामले में हत्या (Murder) की धाराएं भी जोड़ दी हैं और अन्य फरार साथियों की तलाश की जा रही है।











































