यूपी चुनाव 2027 के लिए सीट शेयरिंग पर हलचल तेज: सपा से बातचीत से पहले खड़गे-राहुल-प्रियंका ने किया मंथन| UP Election 2027 Congress

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Akhilesh Yadav Congress alliance: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के दो प्रमुख घटक दलों समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार, 17 नवंबर को सपा के साथ होने वाली औपचारिक बातचीत से ठीक पहले कांग्रेस ने सोमवार को अपनी अंदरूनी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए एक अहम बैठक की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, वरिष्ठ नेता आराधना मिश्रा और सांसद इमरान मसूद ने भी बैठक में हिस्सा लेकर राज्य के मौजूदा सियासी समीकरणों पर अपने सुझाव रखे।

और पढ़ें: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में भूपेश बघेल के बेटे पर ईडी का बड़ा एक्शन: दुर्ग के ‘विट्ठल ग्रीन्स’ के 355 प्लॉट कब्जे में लिए| Bhupesh Baghel son ED

सीएम चेहरे पर नहीं हुई चर्चा, दिल्ली में आमने-सामने होंगे दोनों दल| Akhilesh Yadav Congress alliance

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया कि मंगलवार (17 नवंबर) से दिल्ली में समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर औपचारिक वार्ता शुरू होने जा रही है। हालांकि, बैठक किस समय और किस स्थान पर होगी, इसकी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी। मसूद ने यह भी साफ किया कि कांग्रेस की इस अंदरूनी बैठक में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को गठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर गहन मंथन हुआ है। खड़गे ने भरोसा जताया कि यूपी के आगामी चुनाव देश की राजनीति को एक नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ मिलकर कांग्रेस सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत करने वाला एक सशक्त विकल्प पेश करेगी।

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग और सपा का ‘चुनावी डोजियर’

17 नवंबर को होने वाली बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के बीच सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सीधी बातचीत होनी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने इस गठबंधन में समाजवादी पार्टी से 181 सीटों की मांग रखी है।

हालांकि, कांग्रेस की इस बड़ी मांग का जवाब देने के लिए समाजवादी पार्टी ने भी पहले से अपनी तैयारी पुख्ता कर ली है। सपा ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन के आंकड़ों के आधार पर एक विस्तृत ‘चुनावी डोजियर’ तैयार किया है। सपा का साफ मानना है कि सीटों का बंटवारा केवल आंकड़ों की जिद पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की ‘जीतने की क्षमता’ (विनेबिलिटी) के आधार पर होना चाहिए।

क्या कहते हैं 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े?

सपा द्वारा तैयार किए गए इस डोजियर में 2022 के चुनावी नतीजों का पूरा लेखा-जोखा रखा गया है, जो कांग्रेस के लिए चुनौती पेश कर सकता है:

  • 399 में से 387 सीटों पर जमानत जब्त: साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की कुल 403 में से 399 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा था, लेकिन इनमें से 387 सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई थी।
  • महज 2 सीटों पर जीत: पूरे प्रदेश में कांग्रेस को केवल दो सीटों—प्रतापगढ़ की रामपुर खास और महाराजगंज की फरेंदा सीट पर ही जीत मिल सकी थी, जबकि सिर्फ 4 सीटों पर पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी।
  • वोटों का गणित: उस चुनाव में कांग्रेस को पूरे उत्तर प्रदेश में महज 21.51 लाख वोट हासिल हुए थे। पूरे राज्य में सिर्फ 46 विधानसभा सीटें ही ऐसी थीं, जहां कांग्रेस के प्रत्याशी 10,000 से ज्यादा वोट पाने में कामयाब हो सके थे।

और पढ़ें: एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर सियासी घमासान: शरद पवार गुट ने खबरों को बताया झूठा| Amit Shah Pune visit

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds