Sheikh Hasina Bangladesh return: बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में देश लौटने की चर्चाओं के बीच वहां एक बार फिर राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच गया है। रविवार को शेख हसीना की पार्टी ‘अवामी लीग’ के सैकड़ों समर्थकों ने उनके गृह नगर गोपालगंज में जमकर हिंसक प्रदर्शन किया। हाथों में धारदार हथियार और भाले लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी, एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की और पुलिस के एक बख्तरबंद वाहन को आग के हवाले कर दिया। हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने इलाके में अर्धसैनिक बल ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ (BGB) की टुकड़ियां तैनात कर दी हैं।
स्मारक गिराया, BNP दफ्तरों में आगजनी और अधिकारियों पर गिरी गाज| Sheikh Hasina Bangladesh return
रविवार को हुए इस उग्र प्रदर्शन में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। प्रदर्शनकारियों ने गोपालगंज शहर की कई सड़कों पर कब्जा जमाते हुए 5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार के पतन की याद में बनाए गए एक स्मारक को भी ध्वस्त कर दिया। इससे पहले शनिवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के दो दफ्तरों को आग के हवाले कर दिया था। लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बाद सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए जिले के डिप्टी कमिश्नर (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) को उनके पदों से हटा दिया है।
अवामी लीग के गोपालगंज जिला नेता इलियास हक ने एक रैली को संबोधित करते हुए दो टूक कहा कि जब तक पूर्व प्रधानमंत्री और ‘बंगबंधु’ की बेटी शेख हसीना को वापस देश नहीं लाया जाता, तब तक सड़कों पर उनका यह आंदोलन थमने वाला नहीं है।
मौत की सजा के बावजूद दिसंबर में लौटना चाहती हैं 79 वर्षीय हसीना
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और तब से वे भारत में रह रही हैं। इसके बाद नवंबर 2025 में बांग्लादेश के ‘इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल’ ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में उन्हें ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ का दोषी ठहराते हुए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी, जिसे हसीना ने सिरे से खारिज कर दिया था। अब 79 वर्षीय हसीना कई बार कह चुकी हैं कि वे मौत की सजा की परवाह किए बिना दिसंबर में बांग्लादेश लौटकर कानूनी कार्यवाही का सामना करने को तैयार हैं।
प्रत्यर्पण को लेकर आमने-सामने ढाका और नई दिल्ली
हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश और भारत के बीच कूटनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं:
- बांग्लादेश का रुख: बांग्लादेश सरकार द्विपक्षीय संधि के तहत भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। सरकार ने हसीना की ओर से लंदन की एक लॉ फर्म द्वारा पासपोर्ट के लिए किए गए अनुरोध को भी ठुकरा दिया है। कानून मंत्री मो. असदुज्जमां ने शनिवार को कहा कि बांग्लादेश ने प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब गेंद भारत के पाले में है। ढाका ने हसीना और अन्य भगोड़ों के प्रत्यर्पण को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा के लिए अनुकूल माहौल बनाने से भी जोड़ा है।
- भारत का जवाब: भारत ने प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन अभी कोई फैसला नहीं लिया है। शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि यह एक कानूनी मामला है और इस पर कानून के तहत ही विचार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने की बैठक, गृह मंत्री की चेतावनी
गोपालगंज में भड़की हिंसा को लेकर रविवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में गंभीर मंथन हुआ। रहमान ने संसद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर बीएनपी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए। वहीं, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार हालात को बेकाबू नहीं होने देगी और एजेंसियां तोड़फोड़ व हिंसा को कुचलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।












































