राजस्थान की खुली जेल में गजब फर्जीवाड़ा: उम्रकैद काट रहा कैदी 5 दिन थाईलैंड घूम आया, इधर रजिस्टर में लगती रही हाजिरी| Rajasthan open jail scam

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Rajasthan open jail scam: राजस्थान की खुली जेलों (ओपन एयर कैंप) की निगरानी व्यवस्था की पोल खोलने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जयपुर के चर्चित झोटवाड़ा (दुष्यंत शर्मा) हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा श्रीगंगानगर निवासी कैदी दीक्षांत कामरा जेल प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर पांच दिन तक थाईलैंड की सैर करके वापस भी लौट आया। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि जिस दौरान वह विदेश में छुट्टियां मना रहा था, उस वक्त यहां खुली जेल के रजिस्टर में सुबह-शाम उसकी नियमित हाजिरी दर्ज होती रही। इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ, जब हाल ही में जवाहर नगर थाना पुलिस ने उसे करीब 40 ग्राम अफीम के मामले में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा।

और पढ़ें: जमानत पर बाहर आईं छात्रा गीता सचान की सफाई, बोलीं- घबराहट में ब्रेक की जगह दब गया था एक्सीलरेटर| Kanpur Kalyanpur Thar crash

लावारिस कार की तलाशी में मिले पासपोर्ट और अफीम ने खोली पोल| Rajasthan open jail scam

मामले की जानकारी देते हुए एएसपी दीपक शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान जवाहर नगर थाना इलाके में एक लावारिस कार की तलाशी ली गई थी। जांच के दौरान गाड़ी के अंदर से करीब 40 ग्राम अफीम और एक पासपोर्ट बरामद हुआ, जो दीक्षांत कामरा के नाम पर था। तफ्तीश में पता चला कि यह कार दीक्षांत के भाई की है। पुलिस ने इस संबंध में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेज (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सब-इंस्पेक्टर नरेश कुमार को सौंपी। जांच में अपराध साबित होने पर पुलिस ने दीक्षांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एएसपी के मुताबिक, दीक्षांत पहले से ही हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काटते हुए नरसिंहपुरा खुली जेल में बंद था, और इसी दौरान वह नशा तस्करी के इस मामले में भी शामिल पाया गया।

9 से 13 अक्टूबर तक थाईलैंड में रहा, जेल प्रहरी लगाता रहा फर्जी हाजिरी

जब पुलिस ने बरामद हुए पासपोर्ट को खंगाला, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पासपोर्ट पर दर्ज इमिग्रेशन एंट्री से पुष्टि हुई कि दीक्षांत कामरा 9 अक्टूबर 2025 से 13 अक्टूबर 2025 तक बिना किसी आधिकारिक अनुमति के थाईलैंड में रहा था। जेल प्रशासन की आंतरिक जांच में सामने आया कि दीक्षांत की गैरमौजूदगी में जेल प्रहरी हापूराम रजिस्टर में उसकी नियमित हाजिरी लगाता रहा। मामला उजागर होते ही जेल महानिदेशक (DG) अशोक राठौड़ ने सख्त कदम उठाते हुए आरोपी प्रहरी हापूराम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, बीकानेर और जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर श्रीगंगानगर के घमूड़वाली (धमूडवाली) थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि ‘राजस्थान ओपन एयर कैंप नियम, 1972’ के तहत खुली जेल को बिना दीवारों और ताले वाली जेल माना जाता है, जहां कैदियों को भरोसे के आधार पर रखा जाता है।

क्या था 2018 का चर्चित दुष्यंत हत्याकांड?

बता दें कि दीक्षांत कामरा साल 2018 में जयपुर के बहुचर्चित दुष्यंत शर्मा हत्याकांड में दोषी ठहराया गया था। पुलिस जांच के अनुसार, दीक्षांत का कर्ज चुकाने के लिए उसकी प्रेमिका प्रिया सेठ ने झोटवाड़ा निवासी दुष्यंत को हनीट्रैप में फंसाया था। दोनों ने मिलकर दुष्यंत का अपहरण किया और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। तीन लाख रुपये की रकम मिलने के बाद भी आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से दुष्यंत की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इसी मामले में अदालत ने दीक्षांत को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

और पढ़ें: जन्मदिन पर कालकाजी मंदिर गई नाबालिग से दरिंदगी का मामला: बंदूक और चाकू की नोक पर हुई थी हैवानियत| Aasthakunj Park gangrape case

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds