छठी मइया हमरा बाबू लौटा दो…छठ घाट वाले तालाब में डूबा 16 साल का इकलौता बेटा, आंचल फैलाकर रोती रही मां| Bihar Samastipur viral news

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Bihar Samastipur viral news: बिहार के समस्तीपुर में महापर्व छठ की तैयारियों और उत्साह के बीच एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। शुक्रवार सुबह शहर के मोहनपुर मोहल्ला स्थित बीआरबी (BRB) कॉलेज परिसर के तालाब में डूबने से 16 वर्षीय एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईंधारा मोहल्ला (वार्ड संख्या-40) निवासी रामू दास के इकलौते बेटे गोलू कुमार के रूप में हुई है। इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

और पढ़ें: रोज 12 घंटे शिफ्ट, वीकेंड पर भी काम… फिर भी लॉगआउट करते ही मिली सीनियर की डांट, IT फ्रेशर का फूटा गुस्सा| Hyderabad IT professional burnout

दोस्तों के साथ घूमने गया था गोलू, रील बनाते समय बिगड़ा संतुलन| Bihar Samastipur viral news

जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा के लिए कॉलेज परिसर स्थित तालाब को तैयार किया जा रहा था। शुक्रवार सुबह गोलू कुमार अपने चार दोस्तों के साथ कॉलेज परिसर में घूमने गया था। इसी दौरान वह तालाब के बिल्कुल किनारे चला गया और मोबाइल फोन से रील (वीडियो) बनाने लगा। बताया जा रहा है कि वीडियो रिकॉर्ड करने की धुन में उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे तालाब के गहरे पानी में जा गिरा।

‘छठी मइया हमरा बाबू लौटा दो…’ बेबस मां की पुकार से भर आईं सबकी आंखें

गोलू को गहरे पानी में डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्त घबरा गए और शोर मचाते हुए तुरंत उसके परिजनों को खबर दी। सूचना मिलते ही मां समेत परिवार के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग बदहवास हालत में मौके पर दौड़े। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तालाब किनारे बैठी गोलू की मां का दर्द देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। बेबस मां अपना आंचल फैलाकर और छठ मइया के गीत गाते हुए बार-बार यही गुहार लगा रही थी,  “छठी मइया, हमरा बाबू हमको लौटा दो, पूरी धरती आपका चमत्कार देखेगी…” रोती-बिलखती मां का कहना था कि शादी के बाद लंबे समय तक उन्हें कोई संतान नहीं थी और छठी मइया के आशीर्वाद से ही उन्हें यह इकलौता बेटा मिला था।

4 घंटे की मशक्कत के बाद SDRF ने निकाला शव

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया। सभी लोग यही दुआ कर रहे थे कि किसी तरह बच्चे की जान बच जाए। एसडीआरएफ के जवानों ने तालाब में उतरकर करीब चार घंटे तक कड़ा रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घंटों की तलाश के बाद जब गोलू का शव पानी से बाहर निकाला गया, तो मां बेसुध होकर गिर पड़ी और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

और पढ़ें: कौन है बिट्टू तबाही जिसका मुरीद हुआ नीदरलैंड्स: मिला इंटरनेशनल ऑफर, आनंद महिंद्रा और CM भी कर चुके हैं तारीफ| Who is Bittu Tabahi

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds