Sikkim border China intrusion: भारत और चीन के बीच सीमा पर जारी तनाव के बीच ड्रैगन ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकत से सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, बीते 12 नवंबर को चीन का एक सैन्य विमान भारतीय हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) में दाखिल हो गया और करीब 20 से 25 मिनट तक भारतीय इलाके में उड़ान भरता रहा। ‘आउटलुक’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, हवाई सीमा के उल्लंघन की यह घटना सिक्किम सेक्टर में सामने आई है। यह इलाका सामरिक और रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील माने जाने वाले सिलीगुड़ी कॉरिडोर के काफी करीब स्थित है।
वायुसेना की चेतावनी के बावजूद मंडराता रहा चीनी एयरक्राफ्ट| Sikkim border China intrusion
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गुरुवार, 12 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे भारतीय वायुसेना (IAF) के रडार और निगरानी तंत्र ने इस चीनी सैन्य विमान की संदिग्ध गतिविधि को ट्रैक किया। जैसे ही विमान की मौजूदगी का पता चला, भारतीय वायुसेना ने तुरंत प्रोटोकॉल के तहत उसे चेतावनी जारी की और भारतीय हवाई क्षेत्र से बाहर निकलने को कहा।
बहुत बड़ी खबर 💥
• चीन का मिलिट्री एयरक्राफ्ट भारत के हवाई क्षेत्र में घुस आया और करीब 20 मिनट तक सिक्किम के ऊपर मंडराता रहा.
• 12 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे ऐसा हुआ था. चीन का मिलिट्री एयरक्राफ्ट 25,000 फीट की ऊंचाई पर था.
• भारतीय वायुसेना ने बार बार चेतावनी दी कि वापस जाओ, लेकिन चीन का मिलिट्री एयरक्राफ्ट इसे अनसुना करता रहा.
सिक्किम चीन की सीमा से लगा हुआ है.
— Ranvijay Singh (@ranvijaylive) November 14, 2026
हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि वायुसेना की सख्त चेतावनी मिलने के बावजूद चीनी एयरक्राफ्ट तुरंत वापस नहीं लौटा और करीब 20 से 25 मिनट तक इलाके में मंडराता रहा। बताया जा रहा है कि यह विमान जमीन से करीब 25,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। फिलहाल इस बात की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ पाई है कि यह चीनी सैन्य विमान किस श्रेणी या मॉडल का था, उसने किस सटीक रूट से भारतीय सीमा में प्रवेश किया और आखिरकार वह किस समय वापस लौटा।
भारत के लिए क्यों बेहद संवेदनशील है ‘चिकन नेक’ यानी सिलीगुड़ी कॉरिडोर?
सिक्किम के पास हुई इस घटना ने रक्षा विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान इसलिए भी ज्यादा खींचा है क्योंकि यह सिलीगुड़ी कॉरिडोर के बेहद नजदीक है। पश्चिम बंगाल में स्थित यह संकरा भू-भाग पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों को देश की मुख्य भूमि से जोड़ने वाली एकमात्र लाइफलाइन और सप्लाई लाइन है। अपनी सबसे संकरी जगह पर इसकी चौड़ाई महज 20 से 22 किलोमीटर ही है। बेहद संकरा होने के कारण ही रणनीतिक भाषा में इसे ‘चिकन नेक’ (Chicken’s Neck) भी कहा जाता है।
डोकलाम से नजदीकी और चार देशों का जंक्शन बढ़ाता है चिंता
भौगोलिक स्थिति के लिहाज से सिलीगुड़ी कॉरिडोर बेहद संवेदनशील जंक्शन पर मौजूद है। इसके चारों तरफ चीन का तिब्बत क्षेत्र, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाएं लगती हैं। इसके अलावा, बहुचर्चित डोकलाम पठार भी इस कॉरिडोर से बेहद करीब है यह वही इलाका है जहां साल 2017 में भारत और चीन की सेनाओं के बीच करीब 73 दिनों तक लंबा सैन्य गतिरोध चला था। ऐसे अति-संवेदनशील क्षेत्र के पास चीनी सैन्य विमान की घुसपैठ ने सीमा सुरक्षा और हवाई निगरानी को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ा दी है।













































