Mumbai Diwali fire incidents: रोशनी और खुशियों का त्योहार दिवाली इस बार मायानगरी मुंबई के लिए बड़ी आफत लेकर आया। त्योहार के जश्न के बीच हुई आतिशबाजी और लापरवाही के चलते पूरे शहर में जगह-जगह आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दौरान पिछले 7 दिनों में मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की 630 से अधिक घटनाएं दर्ज की गईं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 450 से ज्यादा हादसे सीधे तौर पर पटाखों की वजह से हुए। इन दर्दनाक दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।
कचरे के ढेर से भड़की आग ने वाहनों को किया खाक| Mumbai Diwali fire incidents
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सबसे ज्यादा शिकायतें कचरे के ढेर, सूखे पत्तों, रिहायशी सोसायटियों की पार्किंग में खड़े वाहनों और झुग्गी बस्तियों से सामने आईं। कई इलाकों में लोगों द्वारा लापरवाही से चलाए गए पटाखों की चिंगारी इमारतों के नीचे जमा कचरे में जा गिरी। देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
दिवाली की रात सबसे ज्यादा आए इमरजेंसी कॉल
अधिकारियों ने बताया कि लक्ष्मी पूजन यानी मुख्य दिवाली की रात फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को आग लगने के 120 से अधिक आपातकालीन कॉल मिले। मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों खासकर मुलुंड, गोरेगांव, अंधेरी, कुर्ला और दादर में सबसे ज्यादा आगजनी की घटनाएं हुईं। फायर ब्रिगेड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लोगों ने आतिशबाजी के लिए तय समय-सीमा और सुरक्षित स्थानों के नियमों की खुलेआम अनदेखी की। सोसायटी परिसरों और खड़ी गाड़ियों के बेहद करीब पटाखे फोड़ने के कारण ये हादसे बढ़े।
दो अलग-अलग हादसों में गई दो लोगों की जान
आतिशबाजी से जुड़ी दो भीषण घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पहले हादसे में एक झोपड़ी में आग लगने के बाद धुएं से दम घुटने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना में पटाखों की एक दुकान के पास अचानक आग भड़कने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
फायर ब्रिगेड की अपील: नियमों का करें पालन
इन आंकड़ों से साफ है कि अनियंत्रित आतिशबाजी न केवल हवा और ध्वनि प्रदूषण बढ़ा रही है, बल्कि जान-माल के लिए भी बड़ा खतरा बन गई है। फायर ब्रिगेड विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे भविष्य में केवल खुले मैदानों में ही पटाखे जलाएं, बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने दें और वाहनों व ज्वलनशील कचरे से दूरी बनाए रखें।













































