पहले पेट दर्द फिर झड़ने लगे सारे बाल, दिल्ली Indrapuri के इस परिवार की रहस्यमयी बीमारी के पीछे निकला दामाद का खौफनाक सच

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Indrapuri: क्या आपने कभी किसी ऐसी बीमारी के बारे में सुना है, जो एक ही घर के लोगों को एक-एक करके अपना शिकार बनाने लगे… और बड़े से बड़े डॉक्टर भी जिसका नाम तक न ढूंढ पाएं? फरवरी 2021 में दिल्ली के एक हंसते-खेलते परिवार के साथ कुछ ऐसा ही हुआ।

पहले पेट में तेज दर्द, फिर उल्टियां, पैरों में असहनीय जलन और अचानक सिर के सारे बाल झड़ जाना। किसी को लगा यह कोई नया वायरस है, तो किसी को लगा कि घर पर किसी का साया है। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं, दिल्ली के इंद्रपुरी केस की वह रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी।

और पढ़ें: क्या खतरे में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ ? जानिए उड़ता हरियाणा विवाद की पूरी हकीकत | Atul Agrawal Arres

खुशियों से भरा था Indrapuri का वह घर

नई दिल्ली के इंद्रपुरी (Indrapuri) इलाके में देवेंद्र मोहन शर्मा अपनी पत्नी अनीता, बड़ी बेटी दिव्या और छोटी बेटी प्रियंका के साथ रहते थे। दिव्या की शादी वरुण अरोड़ा से हुई थी और हाल ही में उसने जुड़वां बेटों को जन्म दिया था, इसलिए वह अपने मायके आई हुई थी। वहीं, छोटी बेटी प्रियंका लंदन में पढ़ाई कर रही थी और कुछ दिन पहले ही अपने माता-पिता के पास लौटी थी। घर में चारों तरफ खुशियों का माहौल था, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह खुशियां बस कुछ ही दिनों की मेहमान हैं।

आखिर क्या हुआ था उस दिन?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कहानी शुरू होती है 31 जनवरी 2021 की सुबह से, जब देवेंद्र के दामाद वरुण अचानक अपने ससुराल इंद्रपुरी (Indrapuri) पहुंचे। घर के सभी लोग उन्हें देखकर हैरान थे, क्योंकि वरुण अक्सर बुलाने पर भी ससुराल आने से कतराते थे। लेकिन उस दिन वरुण का अंदाज बिल्कुल बदला हुआ था। वे अपने साथ एक टिफिन में फिश करी लेकर आए थे और बड़े प्यार से कहा कि आज वे अपने हाथों से पूरे परिवार के लिए खास खाना बनाकर लाए हैं।

दामाद के इस बदले व्यवहार को देखकर देवेंद्र, उनकी पत्नी अनीता और बेटी दिव्या बेहद खुश हुए। उन्हें लगा कि शायद अब रिश्तों में आई कड़वाहट खत्म हो रही है। खाना परोसने से पहले वरुण ने अपने दोनों जुड़वां बच्चों को दूध पिला दिया। उन्होंने तर्क दिया कि दूध पीने के तुरंत बाद मछली नहीं खानी चाहिए, इसलिए बच्चों को फिश करी से दूर रखा गया।

वरुण ने पेट खराब होने या उपवास का बहाना बनाकर खुद वह फिश करी नहीं खाई, लेकिन अपने हाथों से ससुर देवेंद्र, सास अनीता, पत्नी दिव्या और घर की मेड को खाना परोसा। छोटी बेटी प्रियंका उस समय घर पर नहीं थी। वरुण ने शाम तक उसके लौटने का इंतजार किया और जैसे ही वह घर आई, बड़े प्यार से उसे भी फिश करी के दो बड़े टुकड़े खिलाए। सबको खाना खिलाने के बाद वरुण अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर वापस लौट गया। परिवार को इस बात की भनक तक नहीं थी कि जिस खाने को वे दामाद का प्यार समझकर खा रहे थे, उसके हर निवाले में एक ऐसा खामोश जहर मिला हुआ था—जो अगले ही दिन से उस घर में मौत का तांडव शुरू करने वाला था।

रहस्यमयी बीमारी और मौत का सिलसिला

अगले ही दिन यानी 1 फरवरी 2021 को प्रियंका के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हुआ और लगातार उल्टियां होने लगीं। धीरे-धीरे दर्द उसके पैरों तक पहुंच गया। दो दिन में हालत इतनी बिगड़ी कि उसे पहले अपोलो और फिर मैक्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। तमाम जांचों के बावजूद डॉक्टर बीमारी नहीं पकड़ पाए और आखिरकार 15 फरवरी 2021 को प्रियंका की मौत हो गई।

प्रियंका की मौत के महज 10 दिन बाद उसकी मां अनीता में भी बिल्कुल वैसे ही लक्षण दिखने लगे और उनके बाल तेजी से झड़ने लगे। उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके कुछ ही दिनों बाद पिता देवेंद्र और घर की मेड भी उन्हीं लक्षणों के साथ बीमार पड़ गए। 4 मार्च को वरुण का फोन आया कि दिव्या की तबीयत भी वैसी ही बिगड़ गई है। अब पूरा परिवार अस्पताल में था और डॉक्टर भी इस अनजान बीमारी से हैरान थे।

फिश करी का सुराग और ‘थैलियम’ का खुलासा

अस्पताल के बिस्तर पर लेटे देवेंद्र को अचानक 31 जनवरी की वह फिश करी याद आई। उन्हें याद आया कि उसे खाने के बाद ही सबसे पहले प्रियंका बीमार पड़ी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को अपने दामाद वरुण पर शक जताते हुए शिकायत दी। इसी बीच सर गंगाराम अस्पताल के डॉक्टरों की विशेष जांच (हेवी मेटल टॉक्सिसिटी) की रिपोर्ट सामने आई, जिसने सबके होश उड़ा दिए। परिवार के सभी सदस्यों के शरीर में ‘थैलियम’ (Thallium) नाम का बेहद खतरनाक ‘स्लो पॉइजन’ पाया गया।

थैलियम एक ऐसा जहरीला रसायन है जिसका न कोई रंग होता है, न गंध और न ही कोई स्वाद। पहले इसका इस्तेमाल चूहे मारने की दवाओं में होता था, लेकिन अब यह प्रतिबंधित है। पुलिस जांच में सामने आया कि वरुण ने कंपनी के फर्जी दस्तावेज बनाकर थैलियम मंगवाया था और इंटरनेट पर इस जहर के बारे में रिसर्च की थी।

एक अंधविश्वास ने ले ली तीन जानें

पुलिस पूछताछ में जब वरुण ने अपना जुर्म कबूला, तो उसके पीछे की वजह सुनकर हर कोई दंग रह गया। साल 2020 में वरुण के पिता की मौत हो गई थी। इसके कुछ महीने बाद जब दिव्या गर्भवती हुई, तो डॉक्टरों ने उसकी जान को खतरा बताते हुए गर्भपात की सलाह दी। लेकिन वरुण का अंधविश्वास था कि उसके मृत पिता का पुनर्जन्म दिव्या के गर्भ में हुआ है।

जब दिव्या की तबीयत बिगड़ने पर देवेंद्र और अनीता ने उसका गर्भपात करवा दिया, तो वरुण ने इसे अपने पिता की हत्या मान लिया। इसी का बदला लेने के लिए उसने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची। इस खौफनाक वारदात में पहले छोटी बेटी प्रियंका, फिर मां अनीता और अप्रैल 2021 में करीब दो महीने तक कोमा में रहने के बाद वरुण की पत्नी दिव्या की भी मौत हो गई। हालांकि, समय पर इलाज मिलने से पिता देवेंद्र और घर की मेड की जान बच गई।

समाज के लिए एक बड़ी सीख

वरुण की इस अंधविश्वास से भरी सोच ने दो परिवारों की जिंदगी तबाह कर दी। एक ऐसी धारणा पर भरोसा करके उसने अपनी ही पत्नी और ससुराल वालों की जान ले ली, जिसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं था। यह घटना हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि आज भी समाज में अंधविश्वास और पुरानी धारणाओं के कारण लोग किस तरह अपने ही वर्तमान और अपनों की खुशियों को बर्बाद कर देते हैं।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds