जो बाइडन का बड़ा कबूलनामा: कैंसर का पता पहले चल जाता तो 2024 का चुनाव नहीं लड़ता| Joe Biden cancer revelation

[nedrick_meta]
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google
[modern_share]

Joe Biden cancer revelation: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी सेहत और साल 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े फैसलों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बाइडन ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर उन्हें पद पर रहते हुए यह पता चल जाता कि वे कैंसर से जूझ रहे हैं, तो वे दूसरे कार्यकाल के लिए चुनावी मैदान में कभी नहीं उतरते। व्हाइट हाउस से जुड़े अपने संस्मरणों (मेमॉयर) के विमोचन से पहले एक इंटरव्यू में बाइडन ने अपनी राजनीतिक क्षमताओं, डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई चर्चित डिबेट और अपने बेटे हंटर बाइडन को दी गई राष्ट्रपति माफी (पार्डन) के फैसले पर खुलकर बात की।

और पढ़ें: ईरान की हिट लिस्ट में अमेरिकी वित्त मंत्री! जान के खतरे के बाद छोड़ा घर, मिलिट्री बेस में दी गई पनाह| Scott Bessent Iran threat

‘कैंसर से पीड़ित 80 साल के शख्स को चुनाव नहीं लड़ना चाहिए’| Joe Biden cancer revelation

20 नवंबर को 84 साल के होने जा रहे जो बाइडन को साल 2025 में राष्ट्रपति पद छोड़ने के कुछ महीनों बाद मेटास्टैटिक प्रोस्टेट कैंसर होने का पता चला था। इस पर बात करते हुए बाइडन ने कहा, “अगर मुझे यह जानकारी होती कि मेरी तबीयत कैंसर की वजह से खराब रह रही है, तो मैं बिल्कुल आगे नहीं बढ़ता। मेरा मानना है कि कैंसर से पीड़ित किसी 80 साल के व्यक्ति को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।”

जून 2024 में रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ हुई लाइव डिबेट में खराब प्रदर्शन के बाद बाइडन पर अपनी ही पार्टी के भीतर से हटने का दबाव बढ़ गया था, उस वक्त वे 81 साल के थे। हालांकि बाइडन का कहना है कि उस बहस से उन पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा था और उन्हें उम्मीद थी कि एक और डिबेट होगी, जो नहीं हो सकी। इसके कुछ हफ्तों बाद ही उन्होंने अपनी दावेदारी वापस ले ली और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का समर्थन किया, जिन्हें बाद में आम चुनाव में ट्रंप से हार का सामना करना पड़ा।

बाइडन ने जोर देकर कहा कि उम्र अधिक होने के बावजूद वे पद पर रहते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभाने में पूरी तरह सक्षम थे। उन्होंने कहा कि उम्र ने उन्हें अनुभव और वैश्विक नेताओं के साथ मजबूत रिश्ते दिए, और वे इस पद के लिए सबसे काबिल व्यक्ति थे।

ट्रंप की बदले की भावना से बचाने के लिए बेटे को दी माफी

इंटरव्यू में जो बाइडन ने अपने बेटे हंटर बाइडन को 2024 में संघीय बंदूक (गन चार्ज) और टैक्स चोरी से जुड़े मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद माफी देने के फैसले का भी पुरजोर बचाव किया। खुद हंटर बाइडन ने इस बात को माना था कि इस माफी से उनके पिता की राजनीतिक विरासत को नुकसान पहुंचा है, जबकि अगस्त में उन्होंने यह भी बताया था कि पिता का कैंसर फैल चुका है और उन्हें काफी दर्द व कमजोरी झेलनी पड़ रही है।

बेटे को माफी देने पर बाइडन ने तर्क दिया कि डोनाल्ड ट्रंप की ‘बदला लेने की आदत’ ने यह कदम उठाना बेहद जरूरी बना दिया था। बाइडन ने कहा, “ट्रंप बिना किसी वजह के विरोधियों के पीछे पड़ जाते हैं। मुझे अंदाजा था कि वे क्या करेंगे। अगर मैंने अपने बेटे, परिवार के सदस्यों और मेरे साथ काम करने वाले लोगों को माफी न दी होती, तो वे सत्ता में लौटकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की हर संभव कोशिश करते।”

ऑफिस छोड़ने के बाद से हंटर बाइडन सार्वजनिक जीवन में काफी सक्रिय हो गए हैं वे सोशल मीडिया पर रिपब्लिकन्स से बहस करते नजर आते हैं और अपनी खुद की क्रिप्टोकरेंसी भी लॉन्च कर चुके हैं। बाइडन ने अपने बेटे को अपने जानने वाले सबसे प्रतिभाशाली लोगों में से एक बताते हुए कहा कि उन्हें हंटर पर सचमुच गर्व है।

और पढ़ें: Nvidia के जेन्सेन हुआंग ने मानी पत्नी से बेवफाई की बात, चीनी महिला से रिश्ते पर अमेरिका में हड़कंप| Jensen Huang affair controversy

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds