नहीं रहे हमारे बीच मुलायम सिंह यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश और पूरे देश के एक जाने-माने राजनीतिक चेहरा थे, जो की अब हमारे बिच नहीं रहे। 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव का आज 10 अक्टूबर को सुबह 8 से 8:30 बजे के बीच निधन हो गया है। समाजवादी पार्टी की ओर से ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई। समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव की ओर से लिखा, मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं अब हमारे बिच नहीं रहे। उन्होंने अपनी आखिरी सास गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली।
सैफ़ई में मंगलवार को होगा उनका अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को सैफ़ई में होगा। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि उनका पार्थिव शरीर सैफ़ई ले जाया जा रहा है। फिलहाल उनका शव गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में है। सैफ़ई में मंगलवार को दोपहर तीन बजे उनका अंतिम संस्कार होगा।
1 अक्टूबर की रात उनकी हालत हो गई थी ख़राब, सास लेने में हो रही थी तकलीफ
वह बीते 2 अक्टूबर से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। रविवार को मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया था कि मुलायम सिंह यादव की सेहत नाज़ुक बनी हुई है और उन्हें जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही हैं। बीते 22 अगस्त को तबीयत खराब होने के कारण मुलायम सिंह यादव को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें चेस्ट इंफेक्शन सहित यूरिन इंफेक्शन और सास लेने में तकलीफ की शिकायत बताई जा रही थी। 1 अक्टूबर की रात को उनकी तबियत ज्यादा ख़राब होने के वजह से उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया था।
अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां दे रहे श्रद्धांजलि
सोशल मीडिया पर मुलायम सिंह यादव के निधन की ख़बर आने के बाद से अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं यूपी के पूर्व सीएम और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर अपने पिता के निधन की पुष्टि की है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट हो गया कि उनका अंतिम संस्कार सैफई में ही होगा। अगले कुछ घंटों में उनके शव को सैफई ले जाया जाएगा।
दोनों पत्नियों की हो चुकी है पहले ही मौत
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव नेताजी के नाम से भी विख्यात थे, उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी और वह समाजवादी पार्टी के नींव के रूप में भी जाने जाते हैं। वर्तमान में वो लोकसभा में मैनपुरी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इसी साल जुलाई में मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया था। आपको बता दे साधना गुप्ता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। वहीं उनकी पहली पत्नी मालती देवी का निधन 2003 में हो गया था। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।
कई दिनों से थे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर
गुरुग्राम के मेदांता में भर्ती मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रहे डा. यतिन मेहता ने बताया कि, 9 अक्टूबर से उनकी हालत लगातार गंभीर ही बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव 2 अक्टूबर से ही लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उनकी किडनी सामान्य तौर पर काम नहीं कर रही थी। साथ-ही-साथ उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत आ रही थी। इन्हीं सब वजहों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
योगी ने तीन दिन के राजकीय शोक का किया ऐलान
उत्तर प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है और राज्य भर में तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर कहा है कि, “मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।” मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने आगे कहा कि शोक के इस समय में उनके पुत्र अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।
