Tiger Shroff firing update: मायानगरी मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में अब एक बड़ा और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ले ली है। फायरिंग की घटना के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट और एक ऑडियो क्लिप सामने आया, जिसके जरिए अनिल पंडित नाम के शख्स ने हमले की बात कबूल की। उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का ‘छोटा भाई’ बताते हुए हमले की वजह भी साफ की है। इस खुलासे के बाद फिल्म इंडस्ट्री और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
ऑडियो में खुली धमकी: ‘जो सलमान के साथ दिखेगा, मारा जाएगा’| Tiger Shroff firing update
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे ऑडियो में अनिल पंडित सीधे तौर पर चेतावनी देता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में वह कहता है, “मैं अनिल पंडित, लॉरेंस का छोटा भाई। आज जो मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है, उसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और मेरा बड़ा भाई हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने पहले समझाया था, लेकिन इसे बात समझ में नहीं आई।”
बात यहीं खत्म नहीं हुई। अनिल पंडित ने पूरे बॉलीवुड को धमकाते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में जो भी उनके खिलाफ जाएगा या सुपरस्टार सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे जान से मार दिया जाएगा। इसे ‘पहली और आखिरी चेतावनी’ बताते हुए उसने सलमान खान को भी सीधे ललकारा। ऑडियो में कहा गया कि सलमान यह मुगालता छोड़ दें कि भारी सिक्योरिटी उन्हें बचा लेगी, अगर उन्होंने लॉरेंस से पंगा जारी रखा तो अंजाम बेहद खौफनाक होगा।
आखिर कौन है यह अनिल पंडित?
इस घटना के बाद से ही हर किसी की जुबान पर यह सवाल है कि आखिर अनिल पंडित कौन है और गैंग में उसकी भूमिका क्या है। मिली जानकारी के अनुसार, अनिल पंडित मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है। खुफिया सूत्रों की मानें तो वह इस समय भारत में नहीं है, बल्कि अमेरिका के कैलिफॉर्निया में बैठकर पूरा नेटवर्क चला रहा है। वह विदेश में सुरक्षित बैठकर दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक लॉरेंस बिश्नोई के रंगदारी (एक्सटॉर्शन) सिंडिकेट को ऑपरेट करता है। दिल्ली-एनसीआर में भी उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी और भरोसेमंद माना जाता है। इससे पहले महाराष्ट्र के कद्दावर नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आ चुका है।
सिंगर दिलेर खरकिया पर भी कराई थी फायरिंग
यह पहला मौका नहीं है जब अनिल पंडित का नाम किसी सेलेब्रिटी पर हुए हमले में सामने आया हो। कुछ ही समय पहले मशहूर हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की कार पर हुई फायरिंग में भी इसी का हाथ बताया गया था। उस वक्त भी फेसबुक पोस्ट के जरिए दावा किया गया था कि दिलेर को बड़े भाई अनिल पंडित ने फोन करके समझाया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी, जिसके बाद उस पर गोलियां चलवाई गईं।
फिलहाल मुंबई पुलिस और जांच एजेंसियां इस वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। आईपी एड्रेस और ऑडियो की फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि इस बात की पुष्टि हो सके कि यह पोस्ट कहां से अपलोड की गई थी। इस नए खतरे को देखते हुए बॉलीवुड के कई कलाकारों की सुरक्षा की भी समीक्षा की जा रही है।













































