Shera son Bollywood debut: बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान जब किसी के सिर पर हाथ रख देते हैं, तो उसकी किस्मत चमकते देर नहीं लगती। इंडस्ट्री में कई नए चेहरों को लॉन्च करने वाले भाईजान अब अपने सबसे भरोसेमंद और साए की तरह साथ रहने वाले बॉडीगार्ड गुरमीत सिंह जॉली उर्फ शेरा के परिवार को बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। चर्चा है कि शेरा के बेटे अबीर सिंह जल्द ही बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री करने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबीर फिल्म ‘टार्जन’ के जरिए बड़े पर्दे पर बतौर एक्टर अपनी पारी शुरू करेंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता सूरज पंचोली भी अहम किरदार में नजर आने वाले हैं।
2022 से चल रही थी तैयारी, सतीश कौशिक के निधन से रुका था प्रोजेक्ट| Shera son Bollywood debut
अबीर के फिल्मी सफर को लेकर कयास साल 2022 से ही लगाए जा रहे थे। उस वक्त यह खबर सामने आई थी कि खुद सलमान खान उनके डेब्यू की बारीकियों पर नजर बनाए हुए हैं और वे व्यक्तिगत तौर पर इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं। उस समय दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर सतीश कौशिक के निर्देशन में एक फिल्म प्लान की गई थी, जिसकी शूटिंग जनवरी 2023 से शुरू होनी थी। हालांकि, उस प्रोजेक्ट की कभी आधिकारिक घोषणा नहीं हो पाई और मार्च 2023 में सतीश कौशिक के अचानक निधन के बाद बात ठंडे बस्ते में चली गई। अब नए अपडेट में दावा किया गया है कि अबीर को आखिरकार ‘टार्जन’ के रूप में अपनी पहली फिल्म मिल गई है। हालांकि फिल्म के डायरेक्टर, प्रोडक्शन बैनर और बाकी स्टारकास्ट को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
सूरज पंचोली संग स्क्रीन शेयर करेंगे अबीर
फिल्म ‘टार्जन’ में अबीर के साथ सूरज पंचोली का होना इस प्रोजेक्ट को और खास बनाता है। याद दिला दें कि सूरज पंचोली को भी साल 2015 में सलमान खान ने ही अपने प्रोडक्शन बैनर ‘सलमान खान फिल्म्स’ (SKF) की फिल्म ‘हीरो’ से अथिया शेट्टी के साथ लॉन्च किया था। भले ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट न रही हो, लेकिन सूरज को इससे इंडस्ट्री में मजबूत पहचान मिली थी। अब अगर ‘टार्जन’ की रिपोर्ट पर मुहर लगती है, तो सूरज एक बार फिर सलमान के करीबी चेहरे के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।
नए टैलेंट के गॉडफादर रहे हैं भाईजान
सलमान खान का नए कलाकारों को मौका देने का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने सोनाक्षी सिन्हा (दबंग), जरीन खान (वीर), डेजी शाह (जय हो) और सई मांजरेकर (दबंग 3) जैसे चेहरों को बॉलीवुड में पहला बड़ा ब्रेक दिया। वहीं अपने बैनर एसकेएफ के जरिए उन्होंने सूरज पंचोली, अथिया शेट्टी, ‘लवयात्री’ (2018) से अपने जीजा आयुष शर्मा और वरीना हुसैन, ‘नोटबुक’ (2019) से जहीर इकबाल और प्रनूतन बहल, और 2023 में ‘फर्रे’ से अपनी भांजी अलीजेह अग्निहोत्री को लॉन्च किया।
भतीजे अरहान के डेब्यू में सलमान का खास कैमियो
सिर्फ शेरा के बेटे ही नहीं, सलमान के अपने परिवार में भी बड़े डेब्यू की तैयारी चल रही है। अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान जल्द ही बतौर लीड एक्टर फिल्मों में उतरने वाले हैं। अरहान के इस सफर को यादगार बनाने के लिए सलमान खान खुद फिल्म में कैमियो करते नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि यह एक एक्शन लव स्टोरी होगी, जिसका निर्देशन ‘एन एक्शन हीरो’ फेम अनिरुद्ध अय्यर करेंगे और इसे अश्विन वर्दे प्रोड्यूस कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान अपने 10 दिन के कैमियो की शूटिंग करेंगे और यह प्रोजेक्ट 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।












































