दतिया में BJP टिकट पर संग्राम! नरोत्तम मिश्रा का नाम कटते ही सड़कों पर उतरे समर्थक…8 पुलिसकर्मी घायल| Narottam Mishra News

Nandani | Nedrick News Datia Published: 12 जुलाई 2026, 08:54 PM Updated: 12 जुलाई 2026, 08:54 PM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Narottam Mishra News: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा के अंदर टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने और आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनके समर्थक नाराज हो गए। शुक्रवार शाम शुरू हुआ विरोध शनिवार सुबह तक उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम किया और पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में एसपी, एसडीओपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं कुछ समर्थकों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

और पढ़ें: थप्पड़ वीडियो से लेकर 160 करोड़ हेलीकॉप्टर विवाद तक: आखिर क्यों चारों तरफ से घिरी ममता बनर्जी? Mamata Banerjee controversy

पथराव के बाद प्रशासन सख्त, जिले में लागू हुई धारा 163| Narottam Mishra News

हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने पूरे दतिया जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी तरह की सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाने में 27 भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नरोत्तम मिश्रा पहुंचे CM हाउस, हुई हाई लेवल बैठक

टिकट कटने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में हाई लेवल बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक बैठक में दतिया उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई और पार्टी को एकजुट होकर चुनाव लड़ाने पर सहमति बनी। इसके बाद नरोत्तम मिश्रा मुख्यमंत्री निवास से वापस लौट गए।

इससे पहले नरोत्तम मिश्रा ने बातचीत में कहा कि पार्टी के किसी बड़े नेता का उन्हें फोन नहीं आया है, लेकिन संगठन ने जो फैसला लिया है, वह उसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि नाराज कार्यकर्ताओं को समझाया जाएगा और सभी मिलकर पार्टी के लिए काम करेंगे।

CM मोहन यादव बोले- दतिया में भी जीतेंगे चुनाव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में मीडिया से बातचीत करते हुए दतिया उपचुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से भाजपा लगातार जीत हासिल कर रही है और दतिया में भी पार्टी जीत दर्ज करेगी। वहीं प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है और कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का अधिकार है। संगठन सभी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर मतभेद दूर करेगा।

कैलाश विजयवर्गीय बोले- टिकट घोषित होने के बाद बदलने की परंपरा नहीं

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भाजपा के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं। वह संगठन के फैसले का सम्मान करेंगे। उन्होंने साफ किया कि भाजपा में उम्मीदवार घोषित होने के बाद टिकट बदलने की परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि दतिया से आशुतोष तिवारी ही भाजपा के उम्मीदवार रहेंगे और पार्टी उन्हें जिताने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। विजयवर्गीय ने भरोसा जताया कि भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।

सुबह 4:30 बजे बिगड़े हालात, पुलिस बल तैनात

शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे प्रदर्शन के दौरान स्थिति और खराब हो गई। पथराव में एसपी, एसडीओपी और आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। बताया गया कि कुछ समर्थकों ने भाजपा कार्यालय के अंदर खुद को बंद कर लिया था। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद उन्हें बाहर निकाला गया।

भाजपा कार्यालय में 250 कार्यकर्ता रोके गए

बड़ौनकलां इलाके में सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई। दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे समय में टिकट को लेकर उठे विवाद ने भाजपा के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब पार्टी की कोशिश नाराज कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरने की है, ताकि उपचुनाव में संगठन की एकजुटता बनी रहे।

और पढ़ें: शराब पीने वालों को बड़ा झटका! थलपति विजय की सरकार में बढ़ने वाली हैं शराब की कीमतें | Tamil Nadu liquor price hike

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds