नाबालिग के अपहरण से लेकर एनकाउंटर तक… ऐसे खत्म हुआ सत्तू का अपराध साम्राज्य| Muzaffarnagar Encounter

Nandani | Nedrick News Muzaffarnagar Published: 24 Jun 2026, 06:23 PM | Updated: 24 Jun 2026, 07:24 PM

Muzaffarnagar Encounter: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस बात की पुष्टि एसपी सिटी अमृत जैन ने की है। सतपाल लंबे समय से कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उसके खिलाफ गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे।

पुलिस के मुताबिक, हाल ही में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले की जांच के दौरान आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली थी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया था, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

और पढ़ें: मुजफ्फरनगर की टॉर्चर फैक्ट्री का खुलासा! मजदूरों को बनाते थे बंधक, भागने पर छोड़ते थे पिटबुल| Muzaffarnagar Factory Case

नाबालिग के अपहरण की जांच से खुली पूरी कहानी| Muzaffarnagar Encounter

पूरा मामला 19 जून का बताया जा रहा है, जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस केस को प्राथमिकता देते हुए 10 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि अपहरण के पीछे सतपाल उर्फ सत्तू का हाथ हो सकता है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सतपाल फरवरी 2026 में पंजाब के लुधियाना जेल से फरार हो गया था और उसके बाद लगातार विभिन्न राज्यों में अपराध कर रहा था।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अपहरण मामले में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस और एसओजी टीम ने बामनहेड़ी-रुड़की रोड पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर कार सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और घेराबंदी कर दी। मुठभेड़ के दौरान सतपाल गोली लगने से घायल हो गया। वहीं सब-इंस्पेक्टर अजय गौड़ और सिपाही अंकित भी गोली लगने से जख्मी हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद घायल आरोपी और पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सतपाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

छोटा राजन गैंग से जुड़ चुका था नाम

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सतपाल उर्फ सत्तू मूल रूप से चंडीगढ़ का रहने वाला था। उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, बलात्कार, गैंगरेप और हमले जैसे दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। साल 2010 में मेरठ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान उसका नाम कथित तौर पर छोटा राजन गैंग से भी जोड़ा गया था। वह खुद को रणजी क्रिकेट खिलाड़ी बताकर भी लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करता था।

कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

पुलिस का दावा है कि पिछले चार महीनों में उसने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों में 10 से अधिक नाबालिग लड़कियों के अपहरण की घटनाओं को अंजाम दिया था। मेरठ, सहारनपुर, करनाल और मुजफ्फरनगर समेत कई जगहों पर उसके खिलाफ मामले दर्ज थे। जांच में यह भी सामने आया कि वह बेहद सावधानी से अपनी पहचान छिपाकर रहता था। वह साधारण कीपैड फोन इस्तेमाल करता था और अधिकतर समय उसे बंद रखता था। सीसीटीवी निगरानी वाले इलाकों और टोल प्लाजा से बचकर निकलना उसकी आदत थी।

अपहृत किशोरी सकुशल बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अपहृत नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से एक कार, अवैध पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड और किशोरी से जुड़ा सामान भी बरामद किया गया है।

और पढ़ें: शादी नहीं करनी थी तो छोड़ देती… केतन हत्याकांड के बाद लोगों ने पूछा- जान लेना क्यों जरूरी था? Ketan Agarwal Murder Case

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds