Pranit More 370 Biryani Controversy: एक वायरल कॉमेडी क्लिप, सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा और अब सार्वजनिक माफी। इंटरनेट पर तहलका मचाने वाले ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद में अब एक नया मोड़ आ गया है। कॉमेडियन प्रणित मोरे इस समय चौतरफा घिरे हुए हैं। हालांकि, उन्होंने वीडियो जारी कर माफी मांग ली है और स्वीकार किया है कि वे इस गुस्से के हकदार हैं। लेकिन आखिर कैसे एक ऑडियंस मेंबर की टिप्पणी ने उस लड़के की नौकरी छीन ली और कॉमेडियन को पुलिस केस तक पहुंचा दिया?
कहानी यहीं खत्म नहीं होती! इसी बीच प्रणित के शो का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला मेडिकल स्टूडेंट का मेडिकल कॉलेज में पुरुषों की ‘डेड बॉडीज़’ के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर टिप्पणी करती नजर आ रही हैं। अब इंटरनेट दो गुटों में बंट गया है। एक तरफ जहां लोग महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर इस ‘बिरयानी विवाद’ की आलोचना कर रहे हैं,
तो वहीं दूसरी तरफ लोग इस मेडिकल स्टूडेंट का वीडियो शेयर कर ‘जेंडर डबल स्टैंडर्ड’ यानी दोहरे मापदंड का आरोप लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सवाल उठाया जा रहा है कि क्या कानून और समाज की कार्रवाई दोनों के लिए बराबर है? तो चलिए बिना किसी पक्षपात के जानते हैं कि आखिर क्या है इस पूरे मामले की ज़मीनी हकीकत…
और पढ़ें: गाजियाबाद में कुदरत का कहर और चोरों का तांडव! 5 ऐसी खबरें जो आपको चौंका देंगी | Top 5 Ghaziabad News
‘पीक गुरुग्राम कंटेंट’ कहकर दिया बढ़ावा
मामले की शुरुआत होती है स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक लाइव शो से। शो के दौरान क्राउड-वर्क यानी दर्शकों से बातचीत करते हुए हिमांशु जांगड़ा नाम का एक युवक माइक पर आता है। वह हंसते हुए बताता है कि उसने अपनी डेट पर एक लड़की को 370 की बिरयानी खिलाई थी और उसके बदले में वह उससे शारीरिक संबंध बनाने की उम्मीद कर रहा था। इस बेहद आपत्तिजनक बात पर कॉमेडियन प्रणित मोरे ने उसे टोकने या रोकने के बजाय, इसे ‘पीक गुरुग्राम कंटेंट’ कहकर बढ़ावा दिया और हंसने लगे। इतना ही नहीं, प्रणीत ने इस क्लिप को रील्स पर भी पोस्ट कर दिया।
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, महिलाओं की सुरक्षा, मर्यादा और आपसी सहमति (consent) का मज़ाक उड़ाने को लेकर सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश फैल गया। कई बड़े कंटेंट क्रिएटर्स और आम जनता ने इस सोच की कड़ी निंदा की। इसका नतीजा यह हुआ कि विवादित टिप्पणी करने वाले युवक हिमांशु को गुरुग्राम की उसकी कंपनी ने नौकरी से तुरंत निकाल दिया।
हिमांशु जांगड़ा ने सोशल मीडिया पर मांगी माफी
हालांकि, भारी आलोचना झेलने के बाद हिमांशु जांगड़ा ने भी सोशल मीडिया पर अपनी इस घटिया सोच के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स डिएक्टिवेट कर दिए। कंपनी के मालिक के मुताबिक हिमांशु अपनी गलती पर बेहद पछता रहा था, लेकिन समाज और क्लाइंट्स के दबाव के चलते कंपनी को उसे बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा। दूसरी तरफ, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रणित और हिमांशु दोनों को समन जारी किया, और महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली।
‘नफरत डिज़र्व करता हूँ’ – प्रणित मोरे ( 370 Biryani Controversy)
चौतरफा घिरे होने और भारी कानूनी दबाव के बाद, आखिरकार कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने सोशल मीडिया पर सामने आकर एक वीडियो जारी किया और माफी मांगी। प्रणीत ने वीडियो की शुरुआत में स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे पर काफी पहले ही बात करना और माफी मांगना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट हो गया था, जिसके कारण वह ऐसा नहीं कर सके।
प्रणीत ने कहा, ‘आप सबने मेरा जो क्राउड-वर्क वीडियो देखा है, उसके लिए मुझे काफी हेट मिल रही है और मुझे लगता है कि मैं यह नफरत डिज़र्व भी करता हूँ।’ उन्होंने आगे स्वीकार किया कि जब वह उस लड़के के साथ क्राउड वर्क कर रहे थे, तो उसने काफी अपमानजनक बातें बोलीं। लेकिन उस वक्त शो में सब लोग हंस रहे थे, इसलिए वे भी भावनाओं में बह गए और उनसे फैसले में भारी चूक हो गई।
अपनी सबसे बड़ी गलती मानते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता तो उस लड़के को वहीं पर रोक सकता था या स्टैंड ले सकता था, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाया। उल्टा मैंने उसे एक प्लेटफॉर्म दिया, जिसकी वजह से ये चीजें इतनी ज्यादा बढ़ गईं।’
प्रणीत ने की अपील (Pranit More 370 Biryani Controversy)
प्रणीत ने वीडियो में यह भी बताया कि उनके खिलाफ जो भी कानूनी कार्रवाई या पुलिस जांच चल रही है, वह उसमें अधिकारियों और प्रशासन के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। आखिर में उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा, ‘आप सबसे बस यही गुजारिश है कि मुझे प्लीज एक चांस दें, मैं एक बेहतर इंसान बनकर दिखाऊंगा। यह मेरे लिए एक बड़ा सबक था। मैं खुद पर और अपने कंटेंट पर काम कर रहा हूँ, जिसका सुधार आपको भविष्य में मेरे काम में देखने को मिलेगा।’
पुरुषों की ‘डेड बॉडीज़’ के प्राइवेट पार्ट्स पर असंवेदनशील टिप्पणी
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती! सोशल मीडिया पर प्रणीत के ही शो का एक और पुराना वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में मेडिकल स्टूडेंट डॉ. सेजल पवार मेडिकल कॉलेज में शव विच्छेदन (Cadaver Dissection) के दौरान पुरुषों की ‘डेड बॉडीज़’ के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर बेहद असंवेदनशील टिप्पणी करती और हंसती नजर आ रही हैं।
जेंडर डबल स्टैंडर्ड (Pranit More 370 Biryani Controversy)
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का एक बड़ा वर्ग भड़क उठा। लोगों का कहना है कि जहां एक तरफ पुरुष की घटिया टिप्पणी पर तुरंत नौकरी चली गई और कानूनी कार्रवाई हो गई, वहीं दूसरी तरफ एक मेडिकल स्टूडेंट द्वारा मृत शरीरों और पुरुषों के अंगों का इस तरह सरेआम मज़ाक उड़ाने पर पहले चुप्पी क्यों साधी गई? इंटरनेट पर लोग इसे ‘जेंडर डबल स्टैंडर्ड’ यानी कार्रवाई में भेदभाव का सीधा उदाहरण बताने लगे।”
दोनों ही मामलों पर कानून का कड़ा रुख
तो आखिर क्या है इस पूरे मामले की ज़मीनी हकीकत? क्या सच में कार्रवाई में भेदभाव हुआ है? फैक्ट्स की बात करें तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। कानून ने दोनों ही मामलों में कड़ा रुख अपनाया है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने केवल ‘बिरयानी विवाद’ पर ही नहीं, बल्कि महिला डॉक्टर सेजल पवार के इस विवादित वीडियो पर भी संज्ञान लेते हुए अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। केईएम (KEM) हॉस्पिटल ने भी डॉक्टर के खिलाफ आंतरिक जांच बैठा दी है। इसके अलावा, चौतरफा घिरने के बाद डॉ. सेजल पवार ने भी सोशल मीडिया पर अपनी इस हरकत के लिए बिना शर्त माफी मांग ली है।
यह पूरा विवाद हमें यह सिखाता है कि चाहे वो पुरुष हो या महिला, डिजिटल स्पेस में कॉमेडी के नाम पर किसी की मर्यादा, सहमति या मृत शरीरों का मज़ाक उड़ाना बिल्कुल सही नहीं है। कानून सबके लिए बराबर है।





























