Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई से इंसानियत को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी ही खौफनाक घटना सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की एकतरफा प्यार और सनक की शिकार हो गई। वहीं इस घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे है। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते है क्या है पूरा मामला
क्या है पूरा मामला
कहते हैं कि अगर कोई किसी से सच्चा प्रेम करता है, तो वह उसे हर हाल में खुश देखना चाहता है क्योंकि प्रेम का आधार समर्पण और सम्मान होता है। लेकिन हरदोई की इस रूह कंपा देने वाली घटना ने प्रेम के नाम को कलंकित कर दिया है। सनक में की गई यह घिनौनी और क्रूर हरकत न केवल इंसानियत को शर्मसार करती है, बल्कि इलाके की कानून व्यवस्था को भी गंभीर कटघरे में खड़ा करती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की ने एकतरफा प्यार में पागल युवक से शादी करने से मना कर दिया था, जिसके बाद सिरफिरे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
दरअसल ये मामला हरदोई (Hardoi) का है जहां पर शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज 24 वर्षीय आरोपी युवक पिछले काफी समय से पीड़िता को परेशान कर रहा था। बीती 11 मई को जब लड़की एक शादी समारोह से लौट रही थी, तभी आरोपी उसे जबरन एक सुनसान जंगल में ले गया। वहां उसने पीड़िता को पेड़ से बांधकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। जब लड़की अधमरी हो गई, तब आरोपी ने उससे दोबारा शादी के लिए पूछा। पीड़िता के फिर से मना करने पर खूंखार युवक ने दातों से उसके दोनों स्तन काट दिए।
पीडिता की मां का आरोप
बेटी की इस हालत को देखकर बिलख रही पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि आरोपी अतुल काफी समय से उनकी नाबालिग बेटी पर बातचीत करने और शादी करने का दबाव बना रहा था, जिसका उनकी बेटी लगातार विरोध कर रही थी। घटना वाले दिन जब बेटी शादी समारोह के बाद घर लौट रही थी, तभी रास्ते से आरोपी ने उसका मुंह दबाकर उसे अगवा कर लिया और सुनसान जंगल में ले गया।
पीड़िता की मां ने रोते हुए बताया कि सनकी युवक ने उनकी बेटी को रस्सी से पेड़ से बांधा और डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से तब तक पीटा जब तक वह अधमरी नहीं हो गई। मां का आरोप है कि जब उनकी बेटी दर्द से चिल्ला रही थी और रिश्ते में भाई लगने की दुहाई देकर उसे छोड़ने की भीख मांग रही थी, तब भी उस हैवान का दिल नहीं पसीजा। शादी से दोबारा साफ मना करने पर आरोपी ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए अपने दांतों से नोचकर बेटी के संवेदनशील अंगों (स्तन) को क्षत-विक्षत कर दिया। मां ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस सिरफिरे को ऐसी सजा मिले जो मिसाल बन सके।
हरदोई में एकतरफा प्रेम प्रसंग में किशोरी से बर्बरता करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया!
– उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक और जघन्य वारदात सामने आई है। यहाँ एकतरफा प्यार में अंधे 24 वर्षीय युवक ने शादी से इनकार करने पर 17 वर्षीय… pic.twitter.com/Bp7QDidYVO— Nedrick News (@nedricknews) May 22, 2026
पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप
इस मामले में पीड़िता की मां ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। मां का सीधा आरोप है कि घटना के बाद वह अपनी लहूलुहान बेटी को न्याय दिलाने के लिए बेनीगंज कोतवाली पुलिस और स्थानीय चौकियों के चक्कर काटती रहीं, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। आरोप है कि पुलिस कई दिनों तक मामले को टालती रही और शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ मुख्य धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई।
पीड़िता की मां के अनुसार, जब मामला मीडिया में आया और सोशल मीडिया पर आक्रोश बढ़ा, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। मां का कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में गंभीर दरिंदगी को नजरअंदाज करते हुए केवल साधारण मारपीट की मामूली धाराओं में ही मामला दर्ज किया था। पीड़िता के परिवार ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी ढिलाई बरतने के आरोप में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी अतुल के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder), बंधक बनाने, गंभीर चोट पहुंचाने और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं गंभीर रूप से घायल नाबालिग लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





























