Twisha Sharma Insta Chat: भोपाल में नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अब इस केस में ट्विशा के आखिरी इंस्टाग्राम चैट सामने आए हैं, जो उन्होंने अपनी करीबी दोस्त मीनाक्षी को मौत से कुछ दिन पहले भेजे थे। इन चैट्स ने मामले को नया मोड़ दे दिया है और शादी के बाद उनकी मानसिक स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सामने आए चैट में ट्विशा ने अपनी दोस्त से लिखा था, “मैं फंस गई हूं यार… तुम मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती। सही समय आने पर कॉल करूंगी।” इस मैसेज से साफ जाहिर होता है कि वह किसी गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। ट्विशा के इस संदेश पर उनकी दोस्त मीनाक्षी ने जवाब दिया, “मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं।”
माता-पिता को भी भेजे थे परेशान करने वाले मैसेज| Twisha Sharma Insta Chat
इससे पहले ट्विशा के व्हाट्सएप चैट भी सामने आए थे, जो उन्होंने अपनी मौत से पांच दिन पहले अपने माता-पिता को भेजे थे। इन संदेशों में उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। ट्विशा ने लिखा था, “बहुत परेशान हूं। ये लोग बहुत घटिया हैं। मुझ पर शक करते हैं। समर्थ पूछता है कि मेरे पेट में किसका बच्चा है। मुझे यहां से ले जाओ। ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे।”
इन संदेशों के सामने आने के बाद परिवार ने आरोप लगाया है कि ट्विशा को शादी के बाद लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
दिसंबर 2025 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ सिंह रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। दोनों की मुलाकात मैट्रिमोनियल वेबसाइट और डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। परिवार के मुताबिक, शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था, लेकिन बाद में रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। इसी दौरान ट्विशा का गर्भपात भी हुआ था। परिवार का दावा है कि इसके बाद उनकी स्थिति और ज्यादा खराब हो गई थी।
12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा का शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी, लेकिन अब नए चैट सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि ट्विशा की मौत फांसी से हुई, लेकिन उनके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान भी मिले हैं। इसी वजह से परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहा है।
सात दिनों से मर्चुरी में रखा है शव
ट्विशा का शव पिछले सात दिनों से भोपाल एम्स की मर्चुरी में रखा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बिना दोबारा पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सकता। वहीं परिवार ने दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने और मामले की सुनवाई दूसरे राज्य में कराने की मांग उठाई है। न्याय की मांग को लेकर ट्विशा के माता-पिता और भाई भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर भी बैठे। बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री के ओएसडी से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं।
SIT कर रही मामले की जांच
मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते दबाव को देखते हुए भोपाल पुलिस ने छह सदस्यीय SIT का गठन किया है। यह टीम रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह पर लगे आरोपों की जांच करेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है और अब सभी की नजर SIT रिपोर्ट और आगे आने वाले खुलासों पर टिकी है।
और पढ़ें: किराया न चुका पाने पर पत्नी और बेटी को मकान मालिक को सौंपा! कई बार हुआ शोषण | Gujarat crime News






























