Top 5 Ghaziabad News: कहीं आप भी तो नहीं पहन रहे नकली कपड़े? आस्था पर पत्थर, घायल से बाइक लूट और जलता हुआ महल!

Rajni | Nedrick News Ghaziabad Published: 02 May 2026, 07:30 AM | Updated: 02 May 2026, 07:30 AM

Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद में कहीं नकली ब्रांड का काला कारोबार पकड़ा गया, तो कहीं सांप्रदायिक तनाव ने शहर की शांति को चुनौती दी। आज के बुलेटिन में हम आपको दिखाएंगे कि कैसे एक घायल युवक के साथ मानवता को शर्मसार किया गया और क्यों शहर की महिलाएं स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरीं। और अंत में एक ऐसा अग्निकांड जिसने एक आलीशान कोठी के पीछे छिपे ‘राजसी महल’ का रहस्य खोल दिया। तो चलिए इस लेख के जरिए गाजियाबाद की इन 5 खबरों को विस्तार से जानेगें।

और पढ़ें: 993 की भारी बढ़ोतरी! अखिलेश बोले, सीधे 1000 ही बढ़ा देते ये 7 का एहसान क्यों | LPG Cylinder Hike

नकली प्यूमा फैक्ट्री का भंडाफोड़

सावधान! अगर आप भी ब्रांडेड कपड़ों के शौकीन हैं, तो खरीदारी से पहले इस खबर को जरूर देख लें। कहीं ब्रांड के नाम पर आप ‘धोखा’ तो नहीं खरीद रहे? अगर आप भी कपड़ों पर चमकता हुआ लोगो (Logo) देखकर खरीदारी करते हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा देगी। गाजियाबाद में चल रहे एक बड़े ‘ब्रांडेड स्कैम’ का पुलिस ने पर्दाफाश किया है, जहाँ आपकी पसंद के बड़े ब्रांड के नाम पर नकली खेल खेला जा रहा था। आखिर कैसे चल रहा था यह ब्रांडेड लूट का काला कारोबार?

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि गाजियाबाद लोनी के रूपनगर औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए अंतरराष्ट्रीय ब्रांड ‘प्यूमा’ के नाम पर नकली कपड़े बना रही फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। प्यूमा कंपनी के प्रतिनिधियों की गुप्त सूचना पर शुक्रवार को हुई इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से करीब 27 लाख रुपये की कीमत के 1,504 नकली शॉर्ट्स और भारी मात्रा में ब्रांडेड लेबल बरामद किए हैं।

आरोपी फैक्ट्री संचालक आशु खान, जो कि बागपत का रहने वाला है, ब्रांड के नाम पर ग्राहकों और कंपनी दोनों को धोखा देकर बाजार में यह नकली माल खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य कड़ियों की तलाश शुरू कर दी है।

कैला भट्ठा में ‘जय माता की’ और स्कूटी टक्कर पर विवाद

गाजियाबाद की पहली खबर में जहाँ आपने देखा कि कैसे ब्रांड के नाम पर लूट मची थी, तो वहीं दूसरी तरफ शहर की सड़कों पर सांप्रदायिक तनाव की आहट सुनाई दे रही है। यह खबर आपको सावधान भी करेगी और हैरान भी, क्योंकि कैला भट्टा में आस्था और नारों को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष और पथराव तक जा पहुँचा।

मारपीट की इस सनसनीखेज वारदात में 15 से ज्यादा लोग लहूलुहान हुए हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मोर्चा तो संभाल लिया है, लेकिन सवाल वही है कि आखिर एक छोटी सी बात पर इतना बड़ा बवाल क्यों?

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक गाजियाबाद शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के कैला भट्ठा इलाके में ‘जय माता की’ के नारे लगाने और स्कूटी की टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच भीषण हिंसक झड़प हो गई। दरअसल, छोटा कैला इलाके के श्रद्धालु अपनी 9 दिवसीय देवी यात्रा पूरी कर ज्योत और प्रसाद के साथ मंदिर से लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ युवकों से स्कूटी टकराने के कारण विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और ‘जैद’ नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं पर पथराव और मारपीट शुरू कर दी, जिसमें 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और अब तक 10 दंगाइयों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पूरे इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

नंदग्राम में घायल की बाइक चोरी

हादसा, दर्द और फिर मौकापरस्ती की इंतहा! गाजियाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे। यहाँ एक युवक का एक्सीडेंट हुआ, सड़क पर उसका खून बहता रहा, लेकिन घायल की जान बचाने के बजाय शातिर चोर उसकी बाइक पर ही हाथ साफ कर गए।

आखिर शहर में कहाँ खो गई संवेदना? कैसे हादसे का शिकार हुए शख्स को भी इन चोरों ने नहीं बख्शा। गाजियाबाद की तीसरी खबर में पुलिस अब कैसे सीसीटीवी के जरिए उस ‘इंसानियत के दुश्मन’ की तलाश कर रही है।

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात हुई है। हिंडन धर्म कांटे के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रघुनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस वक्त राहगीर उन्हें अस्पताल पहुँचाने में जुटे थे, उसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर एक अज्ञात चोर उनकी बाइक लेकर फरार हो गया।

जब घायल के परिजन मौके पर पहुँचे, तो उन्हें बाइक गायब मिली। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे हादसे के तुरंत बाद एक शख्स चुपके से बाइक लेकर चंपत हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बेटे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन

पहले ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर क्या अब बिजली विभाग ने ‘स्मार्ट’ डाका डालना शुरू कर दिया है? नकली ब्रांड, सांप्रदायिक तनाव और शर्मनाक चोरी के बाद अब बात जनता के उस गुस्से की, जो प्रशासन के खिलाफ फूट पड़ा है। गाजियाबाद की चौथी खबर सीधे तहसील सभागार से है,

जहाँ बिजली के स्मार्ट मीटरों ने महिलाओं के सब्र का बांध तोड़ दिया। तहसील में आयोजित समाधान दिवस आज ‘हंगामा दिवस’ में बदल गया, जहाँ महिलाओं ने अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। आखिर क्यों स्मार्ट मीटर को लेकर गाजियाबाद में छिड़ा है ये संग्राम?

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के तहसील सभागार में उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब ‘विद्युत समाधान दिवस’ के दौरान महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का सीधा आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली के बिलों में जबरदस्त उछाल आया है, जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है।

अधिकारियों के साथ हुई तीखी नोकझोंक के बीच महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगी। हंगामे को बढ़ता देख अधिकारियों को पीछे हटना पड़ा, लेकिन महिलाओं का आक्रोश शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।

पवन पालीवाल की कोठी रहस्यमयी

नकली ब्रांड, सांप्रदायिक तनाव, शर्मनाक चोरी और जनता का गुस्सा! लेकिन अब बात गाजियाबाद की उस खबर की, जिसने सबके होश उड़ा दिए हैं। आलीशान कोठी, आसमान छूती लपटें और एक ऐसा राज जो आग के धुएं के बीच से निकलकर सामने आया। ‘गाजियाबाद की पांचवीं खबर’ आपको एक ऐसी कोठी के अंदर ले जाएगी, जहाँ लगी तो भीषण आग थी,

लेकिन जब धुआं छंटा तो अंदर का नजारा देख अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। उद्योगपति पवन पालीवाल की इस कोठी में आग बुझाने घुसी टीम को समझ नहीं आया कि यह कोई महल है या भव्य मंदिर? आखिर एक घर के अंदर क्यों बनाया गया था यह राजसी ढांचा? क्या था इसके पीछे का उद्देश्य?

मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के पॉश इलाके कवि नगर में उद्योगपति पवन पालीवाल की कोठी में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुआं देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं, लेकिन जब फायर फाइटर्स आग बुझाने के लिए घर के अंदर दाखिल हुए, तो वहां का अद्भुत इंटीरियर देख दंग रह गए।

घर के अंदर सोने जैसी चमक वाली बारीक नक्काशी, ऊंचे गुंबद और विशाल राजसी खंभे बने हुए थे, जो किसी आधुनिक घर के बजाय किसी प्राचीन महल या भव्य मंदिर का अहसास करा रहे थे। इस अग्निकांड में करोड़ों का कीमती फर्नीचर और साजो-सामान जलकर राख हो गया है, लेकिन अब पूरे शहर में इस ‘रहस्यमयी महल’ की चर्चा हो रही है।

गाजियाबाद की आज की इन 5 बड़ी खबरों से साफ है कि जहाँ एक तरफ पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कस रही है, वहीं दूसरी तरफ सामाजिक संवेदनाओं और सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

Rajni

rajni@nedricknews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds