Rajiv Thakur struggle story: मंच पर आते ही अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से सबको हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देने वाले कॉमेडियन राजीव ठाकुर की निजी जिंदगी के पन्नों में ऐसा दर्द छिपा है, जिसे सुनकर किसी की भी आंखें भर आएं। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के चर्चित चेहरे राजीव ठाकुर ने हाल ही में वैभव मुंजाल के पॉडकास्ट पर अपने बचपन के संघर्ष और घोर तंगी के दिनों को याद किया। उन्होंने नम आंखों से बताया कि उनका शुरुआती जीवन इतनी बेबसी में बीता कि वे आज भी उस दौर को याद करने से कतराते हैं, क्योंकि वे जख्म आज भी पूरी तरह भरे नहीं हैं।
‘लोग सोचते हैं कहानी मनगढ़ंत है’| Rajiv Thakur struggle story
अपने संघर्ष के दिनों को साझा करते हुए राजीव ठाकुर ने कहा कि उनका सफर ऐसे मुश्किल हालातों से शुरू हुआ जिन्हें वे कभी मुड़कर देखना भी नहीं चाहते। उन्होंने कहा, “अगर आज मैं किसी को अपनी उस दौर की दास्तां सुनाऊं, तो लोगों को यह किसी फिल्मी कहानी या मनगढ़ंत किस्से जैसा लगेगा, क्योंकि उस सच की गवाही देने वाला अब कोई बचा नहीं है।”
राजीव ने आगे कहा कि अक्सर लोग कलाकारों को सलाह देते हैं कि अपने दर्द को स्टैंड-अप कॉमेडी में बदलकर पेश करो। वे कहते हैं, “मैंने कुछ मौकों पर ऐसा करने की कोशिश भी की, लेकिन मंच पर उन जोक्स को बोलते वक्त वह पुराना दर्द इतना हावी हो जाता है कि मैं हंसते-हंसाते बैकस्टेज जाकर फूट-फूटकर रोने लगता हूं। यही वजह है कि मैं अपनी जिंदगी के उस हिस्से पर कभी खुलकर बात नहीं करता।”
रातों-रात छिन गई छत, एक कमरे में सिमटी पूरी दुनिया
राजीव ने बताया कि उनके परिवार की बर्बादी किसी पुरानी हिंदी फिल्म के ड्रामे जैसी रही। माता-पिता की शादी के ठीक बाद उनके पिता को पुश्तैनी घर से बेदखल कर दिया गया। एक भरे-पूरे और आरामदायक घर से निकलकर पूरा परिवार रातों-रात एक छोटे से कमरे में आ गया।
राजीव ने उस बेबसी को बयां करते हुए कहा, “वही एक कमरा हमारा बेडरूम था, वही लिविंग रूम, वही किचन और उसी में जैसे-तैसे नहाने की जगह बनी थी। हम तीनों भाई-बहन उसी एक कमरे में पैदा हुए और वहीं बड़े हुए। हालात ऐसे थे कि अगर परिवार का कोई एक सदस्य नहा रहा होता, तो बाकी चार लोगों को कमरे से बाहर खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। मुझे कई बार ऐसा लगता था जैसे हमारा घर न होकर कोई पब्लिक टॉयलेट हो।”
1984 के दंगों में फैक्ट्री खाक, 40-वाट के बल्ब में कटी जिंदगी
राजीव के परिवार की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब अमृतसर में उनके पिता की धागा बनाने वाली फैक्ट्री 1984 के दंगों की आग में जलकर पूरी तरह राख हो गई। फैक्ट्री बर्बाद होते ही पिता पूरी तरह बेरोजगार हो गए और परिवार के आगे दाने-दाने का संकट खड़ा हो गया।
आर्थिक तंगी का आलम यह था कि वे उस एक कमरे का किराया तक चुकाने में असमर्थ थे। कमरे में रोशनी के नाम पर सिर्फ 40-वाट का एक पीला बल्ब जलता था। राजीव ने कहा, “मुझे उस पीले बल्ब की रोशनी से नफरत हो गई थी, क्योंकि मैंने कभी अपने घर में ट्यूबलाइट नहीं देखी थी। जब किसी दूसरे के घर सफेद रोशनी देखता था, तो मन में यही सवाल उठता कि हमारे घर ऐसी रोशनी कब आएगी।” ऊपर से सितम यह था कि मकान मालिक ठीक रात 9 बजे बिजली का मेन स्विच बंद कर देता था, क्योंकि किराए में बिजली का बिल भी जुड़ा था। इसके बाद पूरे परिवार को या तो अंधेरे में सोना पड़ता था या फिर मिट्टी के तेल वाले दीये और लालटेन के सहारे रात काटनी पड़ती थी।
मां ने कपड़े सिलकर पाला, बाल्टियों से ढोया पानी
घर का चूल्हा जलता रहे, इसके लिए राजीव की मां ने कपड़े सिलने का काम शुरू किया। वे ग्राहकों के कपड़े सिलतीं, खुद उन्हें पहुंचाने जातीं और नया काम लेकर पैदल लौटती थीं। इसके अलावा, वे बिना लिफ्ट वाली इमारत की तीसरी मंजिल पर रहते थे, इसलिए रोज पानी की भारी बाल्टियां सीढ़ियों से ऊपर चढ़ानी पड़ती थीं। अमृतसर में अपने साथी कपिल शर्मा और चंदन प्रभाकर के साथ थियेटर व कॉमेडी का ककहरा सीखने वाले राजीव ठाकुर ने आज लंबा सफर तय कर लिया है। ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’, ‘कॉमेडी सर्कस’ से लेकर ‘द कपिल शर्मा शो’ और ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ तक अपनी छाप छोड़ने वाले राजीव आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। हालांकि, वे आज भी जमीन से जुड़े हैं और मानते हैं कि इंसान जिंदगी में चाहे जितना हासिल कर ले, कभी-कभी मुड़कर देखने पर संघर्ष के वो दिन अंदर तक झकझोर जाते हैं।












































