Gold-Silver price prediction: मशहूर किताब Rich Dad Poor Dad के लेखक और निवेशक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों को लेकर बड़ा अनुमान लगाया है। कियोसाकी का मानना है कि आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 10,000 डॉलर प्रति औंस और चांदी 200 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। अगर इन स्तरों को भारतीय बाजार के हिसाब से देखें तो सोना करीब ₹3 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब ₹6 लाख प्रति किलो के पार जा सकती है।
कियोसाकी की इस भविष्यवाणी के पीछे अमेरिका की आर्थिक स्थिति और तेजी से बढ़ता राष्ट्रीय कर्ज अहम वजह है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अमेरिका का कर्ज जल्द ही 40 ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है। उनके मुताबिक, बढ़ते कर्ज, महंगाई और करेंसी की घटती खरीद क्षमता के बीच सोना और चांदी जैसे एसेट निवेशकों के लिए अहम हो सकते हैं।
जिम रिकर्ड्स के अनुमान का दिया हवाला| Gold-Silver price prediction
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की गई एक पोस्ट में अपने करीबी दोस्त और फाइनेंशियल कमेंटेटर जिम रिकर्ड्स के अनुमान का जिक्र किया। रिकर्ड्स के मुताबिक, आने वाले समय में सोने की कीमत 10,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है, जबकि चांदी 200 डॉलर प्रति औंस के स्तर को छू सकती है।
$40 TRILLION US NATIONAL soon!!
Q: What are you doing about it?
Friends who are much smarter than me, such as Jim Rickards are predicting $200 an ounce for silver and $10,000 an ounce gold soon.
Of the two…. I think silver is the best choice in August 2026.
Q: What do you…
— Robert Kiyosaki (@theRealKiyosaki) August 15, 2026
एक औंस में करीब 31.1035 ग्राम होते हैं। इस हिसाब से 10,000 डॉलर प्रति औंस का सोना भारतीय कीमत में लगभग ₹3.06 लाख प्रति 10 ग्राम बैठता है। वहीं 200 डॉलर प्रति औंस की चांदी करीब ₹6.13 लाख प्रति किलोग्राम के बराबर होगी। हालांकि, ये संभावित कीमतें हैं और वास्तविक भारतीय बाजार भाव कई दूसरे कारकों, जैसे डॉलर-रुपया विनिमय दर, टैक्स और स्थानीय प्रीमियम पर भी निर्भर करेगा।
अगस्त में सोने से ज्यादा चांदी पसंद
कियोसाकी ने सिर्फ भविष्य की कीमतों का अनुमान नहीं लगाया, बल्कि अगस्त 2026 के मौजूदा माहौल में अपनी पसंद भी साफ कर दी है। उनका कहना है कि इस समय वह सोने की तुलना में चांदी को बेहतर विकल्प मानते हैं। उनके मुताबिक, चांदी में आने वाले समय में सोने के मुकाबले ज्यादा रिटर्न की संभावना हो सकती है। हालांकि, यह कियोसाकी की व्यक्तिगत राय और बाजार का अनुमान है, इसे निश्चित भविष्यवाणी या निवेश की गारंटी नहीं माना जा सकता। सोने और चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव हो सकता है।
कैश रखने वालों को फिर दी चेतावनी
कियोसाकी ने एक बार फिर नकदी यानी Fiat Currency को लेकर निवेशकों को सावधान किया। उनका तर्क है कि जब महंगाई बढ़ती है और सिस्टम में लगातार ज्यादा पैसा आता है, तो कैश की खरीद क्षमता कमजोर होती जाती है। ऐसे माहौल में सिर्फ नकदी पर निर्भर रहने वाले लोगों को लंबे समय में नुकसान हो सकता है।
उन्होंने निवेशकों से सवाल किया कि अमेरिका के बढ़ते कर्ज और घटती खरीद क्षमता के बीच वे अपनी मेहनत की कमाई और संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं।
अभी भारत में क्या है सोने-चांदी का भाव?
पिछले कारोबारी सत्र में भारत में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,56,200 प्रति 10 ग्राम रही, जबकि चांदी ₹2,40,000 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड मामूली गिरावट के साथ 4,351.01 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। दूसरी तरफ चांदी में 0.33 फीसदी की तेजी दर्ज हुई और इसका भाव 64.68 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया।











































