Yogi Adityanath Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की सियासत में ‘घुसपैठ’ और ‘बाहरी बनाम स्थानीय’ के मुद्दे पर जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा हाल ही में दिए गए “घुसपैठिये” वाले बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कड़ा पलटवार किया है। लखनऊ में आयोजित ‘उत्तराखंड महोत्सव’ के मंच से सीएम योगी ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती, तो वे आज सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते। गौरतलब है कि अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़वाल का रहने वाला है।
‘यूपी के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से ही थे’| Yogi Adityanath Akhilesh Yadav
महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले दिनों वे एक व्यक्ति का बयान सुन रहे थे, जो उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बता रहा था। सीएम योगी ने इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि ऐसे लोगों को यह पता होना चाहिए कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत भी उत्तराखंड (अल्मोड़ा) से ही थे। खुद पौड़ी गढ़वाल में जन्मे सीएम योगी ने कहा कि देवभूमि के लोगों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना बेहद संकीर्ण और बांटने वाली मानसिकता को दिखाता है। बता दें कि साल 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखंड राज्य बना था।
गंगा-यमुना और एनएसए अजीत डोभाल का किया जिक्र
सीएम योगी ने उत्तराखंड के गौरव और देश की सुरक्षा में उसके योगदान को रेखांकित करते हुए गंगा, यमुना, सरयू, रामगंगा और राप्ती जैसी पवित्र नदियों का जिक्र किया, जिनका उद्गम उत्तराखंड से होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल भी इसी पहाड़ी राज्य की देन हैं और वहां के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा कर रहा है।
अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव
तीन बार के मुख्यमंत्री,
8 बार के MLA
7 बार के लोकसभा सदस्य
1 बार MLC
और एक बार रक्षामंत्री रहे,खुद अखिलेश यादव एक बार के मुख्यमंत्री रहे
पांच बार के सांसद
एक बार के MLA
एक बार के MLC रहे हैं,ऐसे में अखिलेश यादव को योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं कि, तुम्हारी पत्नी उत्तराखंड की ना होती तो तुम भैंस चरा रहे होते,
जब इतने बड़े राजनीतिक विरासत और इतिहास वाले अखिलेश यादव के बारे में योगी जी के इतने जातिवादी ख्याल हैं,
तो आम दलित, पिछड़े, आदिवासियों के बारे में उनकी सोच का सहज़ ही अंदाजा लगाया जा सकता है,— ANIL (@AnilYadavmedia1) November 11, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ से अधिक है और बड़ा राज्य होने के नाते यहां चुनौतियां भी बड़ी हैं। उन्होंने गर्व के साथ कहा, “हमने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न खाया है, इसलिए चुनौतियों को स्वीकार करना हमारे जींस में है।” उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि जब छोटी सोच के लोग ऊंचे पदों पर पहुंच जाते हैं, तो उनके व्यवहार और बातों में उनकी संकीर्ण मानसिकता झलक ही जाती है, जिसे जनता बार-बार नकारती है।
‘एक व्यक्ति’ उत्तराखण्ड वासियों को घुसपैठिए कह रहा है… https://t.co/1Ss1BViXpA
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 11, 2026
क्या था अखिलेश यादव का विवादित बयान?
इस पूरे सियासी घमासान की शुरुआत बीते 24 अक्टूबर को हुई थी, जब पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में भाजपा पर घुसपैठियों को लेकर मनगढ़ंत आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया था। इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा घुसपैठिये उत्तराखंड से हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “वैचारिक घुसपैठिया” बताते हुए उन्हें वापस उत्तराखंड भेजने की बात कही थी। अखिलेश के इस बयान के बाद से ही भाजपा इसे उत्तराखंड के लोगों के अपमान से जोड़कर हमलावर है।











































