Pawan Kalyan divorce news: तेलुगु सिनेमा के पावर स्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी ऐना कोनिडेला ने शादी के 13 साल बाद अलग होने का फैसला कर लिया है। दोनों ने आपसी सहमति से अपने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करने का कदम उठाया है। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक और फिल्मी गलियारों के साथ-साथ उनके लाखों फैंस हैरान हैं।
जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर दी जानकारी| Pawan Kalyan divorce news
पवन कल्याण और ऐना ने सोमवार देर रात एक साझा बयान जारी कर अपने अलग होने की पुष्टि की। बयान में कहा गया कि शादी के 13 साल बाद दोनों ने आपसी समझ से अपनी राहें जुदा करने का फैसला लिया है। दोनों ने साफ किया कि उनके अलग होने का असर बच्चों की परवरिश पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा। पति-पत्नी का रिश्ता भले ही खत्म हो रहा हो, लेकिन उनके बीच दोस्ती का रिश्ता हमेशा कायम रहेगा।
बयान के मुताबिक, वे दोनों जिम्मेदार माता-पिता के तौर पर मिलकर अपने बच्चों की देखभाल करेंगे। हालांकि, इस साझा बयान में तलाक की किसी खास वजह का जिक्र नहीं किया गया है और न ही बच्चों की कस्टडी को लेकर कोई औपचारिक जानकारी साझा की गई है। दोनों ने इस संवेदनशील समय में मीडिया और फैंस से अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
‘तीन मार’ के सेट पर मिले थे पवन और ऐना
पवन कल्याण की रूसी मूल की पत्नी ऐना से मुलाकात साल 2011 में फिल्म ‘तीन मार’ के सेट पर हुई थी। इस फिल्म में ऐना ने एक छोटा किरदार निभाया था। शूटिंग के दौरान दोनों में दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई। इसके बाद साल 2013 में दोनों ने शादी कर ली थी। कपल के दो बच्चे हैं बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटा मार्क शंकर पवनोविच।
तीसरी शादी का भी हुआ अंत
यह पवन कल्याण का तीसरा तलाक है। उनकी पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से हुई थी। शादी के महज दो साल बाद, 1999 में दोनों अलग रहने लगे और आखिरकार साल 2008 में उनका कानूनी तौर पर तलाक हो गया। इसके बाद पवन ने साल 2009 में अभिनेत्री रेणु देसाई से दूसरी शादी की। हालांकि, यह रिश्ता भी लंबा नहीं चला और शादी के दो साल बाद 2011 में दोनों अलग हो गए, जिसके बाद 2012 में उनका तलाक फाइनल हुआ था। अब 2013 में ऐना के साथ शुरू हुआ उनका वैवाहिक सफर भी 13 साल बाद समाप्त हो गया है।












































