Scott Bessent Iran threat: अमेरिका और ईरान के बीच जारी भारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरान की तरफ से जानलेवा हमले की गंभीर धमकियां मिलने के बाद अमेरिकी वित्त मंत्री (ट्रेजरी सेक्रेटरी) स्कॉट बेसेंट ने वॉशिंगटन डीसी स्थित अपना निजी आवास खाली कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर उन्हें फौरन एक सुरक्षित सैन्य अड्डे (मिलिट्री बेस) पर शिफ्ट किया गया है, जहां वे फिलहाल कड़ी सुरक्षा के बीच रह रहे हैं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने हालिया हफ्तों में किए गए आकलन में पाया कि मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की ईरानी साजिशें अब पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी हैं। इस खतरे का सीधा संबंध स्कॉट बेसेंट को मिली पुख्ता और सीधी धमकियों से जुड़ा हुआ है।
ईरान की आर्थिक कमर तोड़ने की कमान बेसेंट के हाथों में| Scott Bessent Iran threat
स्कॉट बेसेंट पिछले साल अगस्त से ही ईरान को वैश्विक स्तर पर आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के अमेरिकी अभियान की अगुवाई कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में अमेरिका ने ईरान पर बेहद कड़े आर्थिक प्रतिबंध थोपे हैं और उसके अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक रास्तों की नाकेबंदी को कड़ा किया है। सूत्रों के मुताबिक, ईरान की तेल कमाई और वित्तीय नेटवर्क को चोट पहुंचाने वाली इस मुहिम के चलते बेसेंट तेहरान की ‘हिट लिस्ट’ में सबसे ऊपर आ गए हैं।
हालांकि अधिकारी यह मानते हैं कि अमेरिका या विदेशी जमीन पर बड़े पैमाने पर हमला बोलने की ईरान की क्षमता सीमित है, लेकिन चुनिंदा अधिकारियों को ‘टारगेट किलिंग’ के जरिए निशाना बनाने की उसकी साजिशें बेहद गंभीर हैं। इसका सीधा उदाहरण 2024 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान दिखा था, जब डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रची गई थी। उस वक्त अमेरिकी जांच एजेंसियों ने ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) से जुड़े फरहाद शकेरी पर ट्रंप की हत्या की सुपारी लेने का औपचारिक आरोप तय किया था।
‘धमकियों से झुकेंगे नहीं बेसेंट’, वित्त मंत्रालय का दो टूक जवाब
इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के प्रवक्ता ने साफ शब्दों में कहा है कि स्कॉट बेसेंट ईरानी हुकूमत की ऐसी गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ईरानी अर्थव्यवस्था पर अधिकतम दबाव बनाने और उस पर कड़े प्रतिबंध लागू करने का अमेरिकी अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा।
आधा दर्जन से ज्यादा बड़े चेहरे पहले ही छोड़ चुके हैं घर
स्कॉट बेसेंट ट्रंप प्रशासन के पहले ऐसे अधिकारी नहीं हैं जिन्हें अपना घर छोड़कर सैन्य ठिकानों में शरण लेनी पड़ी हो। पिछले साल ही सुरक्षा कारणों से कम से कम आधा दर्जन शीर्ष अधिकारियों को मिलिट्री बेस या सीक्रेट सेफ हाउस में शिफ्ट किया गया था। इनमें मौजूदा व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर और तत्कालीन अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी शामिल थीं।
हालांकि इन सभी अधिकारियों को मिली धमकियों का ताल्लुक सिर्फ ईरान से नहीं था। पाम बॉन्डी के मामले में खतरा तब बढ़ा था जब अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को कराकस से गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क की अदालत में पेश किया था।
मध्य पूर्व में दूतावासों से स्टाफ घटाया गया, बॉम्बर भी हटाए
ईरान की ओर से बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिकी सरकार ने पिछले महीने मध्य पूर्व में तैनात अपने सभी कर्मचारियों को ‘हाई अलर्ट’ पर डाल दिया था। कई दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों से गैर-जरूरी स्टाफ को वापस बुला लिया गया है। यह फैसला उन खुफिया इनपुट्स के बाद लिया गया जिनमें संकेत मिले थे कि ईरानी नेटवर्क अमेरिकी ठिकानों पर हमले की योजना को अंतिम रूप दे रहा है। इसी खतरे के मद्देनजर हाल ही में ब्रिटेन स्थित एक एयरबेस को निशाना बनाने की संदिग्ध साजिश का भंडाफोड़ होने के बाद वहां से अमेरिकी बमवर्षक विमानों को भी अचानक दूसरी जगह शिफ्ट किया गया था।












































