Agnipath scheme changes update: सेना भर्ती से जुड़ी बहुचर्चित ‘अग्निपथ स्कीम’ में सरकार ने एक बड़े बदलाव का खाका तैयार किया है, लेकिन इस नए ऐलान ने राहत देने के बजाय युवाओं और मौजूदा अग्निवीरों के मन में कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी तस्वीर साफ न होने की वजह से चारों तरफ असमंजस का माहौल है। सियासी गलियारों और जानकारों के बीच यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या यह फैसला अगले कुछ महीनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों को साधने के लिए आनन-फानन में लिया गया है? अंदरखाने से आ रही खबरों के मुताबिक, अभी सिर्फ एक मोटा-मोटा ढांचा तय हुआ है, जबकि कई बेहद अहम तकनीकी और नीतिगत पहलुओं पर फैसला होना अभी बाकी है।
जब सब कुछ तय नहीं था, तो इतनी जल्दी क्यों? Agnipath scheme changes update
रक्षा विशेषज्ञों और सेना में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर बदलाव से जुड़ी सभी जानकारियां अभी न तो मौजूदा अग्निवीरों को दी जा सकती हैं और न ही नई भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को, तो फिर घोषणा करने में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? क्या यह वाकई दूरगामी सोच के साथ लिया गया कदम है?
याद दिला दें कि साल 2022 में जब बिना किसी पायलट प्रोजेक्ट के इस स्कीम को लागू किया गया था, तब दलील दी गई थी कि सेना को युवा और ज्यादा फिट बनाना जरूरी है। दुनिया भर की सेनाओं के आंकड़े गिनाते हुए कहा गया था कि भारतीय जवानों की औसत उम्र अभी 32 साल है, जिसे 6 से 7 सालों के भीतर घटाकर 26 साल पर लाना है। लेकिन अब जब अग्निवीर 4 या 6 साल बाद दोबारा रेगुलर सिपाही बनेंगे, तो सेना की औसत उम्र कम करने का वह मूल तर्क कहां टिकता है?
18 हजार अग्निवीरों को एक्सटेंशन, पर छुट्टियों और पेंशन पर सस्पेंस
नए बदलाव के तहत करीब 18 हजार अग्निवीर, जिनका चार साल का कार्यकाल इस साल के अंत में पूरा हो रहा था और वे बाहर होने वाले थे, उन्हें अब दो साल का सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) दिया जा रहा है। इसके बाद उनकी फिटनेस, सेवा रिकॉर्ड, अनुशासन और व्यक्तिगत सहमति के आधार पर उन्हें परमानेंट करने पर विचार होगा।
मगर पेच यह है कि अग्निवीरों को साल में सिर्फ 30 दिन की छुट्टी मिलती है, जबकि नियमित सैनिकों को 90 दिन की। क्या दो साल के एक्सटेंशन के दौरान भी उन्हें महज 30 दिन की छुट्टी मिलेगी? सबसे गंभीर सवाल यह है कि अगर सेवा विस्तार के दौरान कोई जवान दिव्यांग हो जाता है या ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देता है, तो क्या उसके परिवार को नियमित सैनिकों की तरह पेंशन और सभी सुविधाएं मिलेंगी? इस पर अब तक कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
शादी की उम्र और 2026 के बाद के बैच का भविष्य
एक और बड़ा उलझाव वैवाहिक स्थिति को लेकर है। स्थायी सैनिक के तौर पर सेवा देने के लिए अविवाहित होना अनिवार्य नियम रहा है। ऐसे में क्या अग्निवीर 27 या 28 साल की उम्र तक शादी नहीं करेंगे? पहले बैच के कई जवान तो भर्ती के वक्त 23 साल के थे, जो 6 साल बाद 29 साल के हो जाएंगे। सवाल यह है कि क्या नीति निर्माताओं ने पहले इन व्यावहारिक दिक्कतों पर विचार नहीं किया था?
इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि 2 साल का एक्सटेंशन और परमानेंट होने का मौका सिर्फ मौजूदा अग्निवीरों के लिए ही हो सकता है। ऐसे में दिसंबर 2026 के बाद भर्ती होने वाले नए बैच का क्या होगा? क्या उन्हें 4 साल बाद फिर से घर भेज दिया जाएगा? अगर बाहर किया गया, तो क्या उन्हें अर्धसैनिक बलों या राज्य पुलिस में आरक्षण मिलेगा, जबकि फिलहाल आरक्षण न देने की बात कही जा रही है? जब तक इन बुनियादी सवालों के सीधे जवाब नहीं मिलते, तब तक युवाओं के भीतर की घबराहट और असमंजस कम होना मुश्किल है।











































