Delhi air pollution Diwali: दिवाली खत्म होते ही देश की राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर बहस और सियासत के केंद्र में आ गई है। जहां एक तरफ जहरीली धुंध के लिए पटाखों को मुख्य वजह बताकर सख्त पाबंदियों की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ व्यापारियों और उद्यमियों के प्रमुख संगठन ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (CTI) ने पटाखा कारोबारियों के हक में खुलकर आवाज उठाई है। CTI का साफ कहना है कि दिल्ली के दमघोंटू प्रदूषण के लिए सिर्फ दिवाली की एक रात को जिम्मेदार ठहराना सरासर गलत है। वहीं, दिवाली की रात जमीन पर की गई ग्राउंड पड़ताल ने सरकारी निगरानी तंत्र, लाइव डिस्प्ले और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों के बीच के बड़े अंतर को उजागर कर दिया है।
5, 6 और 7 नवंबर के प्रदूषण का जिम्मेदार कौन था? Delhi air pollution Diwali
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राजनीतिक दलों को पत्र लिखकर अपील की है कि वे पटाखों को प्रदूषण का एकमात्र खलनायक बनाना बंद करें। गोयल ने सरकारी आंकड़ों के जरिए तीखे सवाल दागते हुए कहा कि जब दिल्ली में पटाखे 8 नवंबर को जले, तो उससे पहले 5, 6 और 7 नवंबर को हवा क्यों जहरीली थी? इन तीनों दिनों में दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 350 से 400 के बीच यानी ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज हुआ था। उस समय तो कोई आतिशबाजी नहीं हो रही थी।
उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली में प्रदूषण का यह भयानक स्तर हर साल अक्टूबर से जनवरी के बीच ही क्यों देखने को मिलता है? मार्च से सितंबर तक हवा इतनी जहरीली क्यों नहीं होती? इसकी सबसे बड़ी वजह पड़ोसी राज्यों में जलने वाली पराली है। जैसे ही खेतों में पराली जलना शुरू होती है, दिल्ली का दम घुटने लगता है। CTI ने मांग की है कि सभी राजनीतिक दल आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर केंद्र सरकार के साथ मिलकर पराली की समस्या का स्थायी समाधान निकालें।
10 लाख परिवारों की रोजी-रोटी और त्योहार का सवाल
CTI ने कहा कि तमिलनाडु के शिवकाशी की निर्माण इकाइयों से लेकर दिल्ली की गलियों में सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों तक, करीब 10 लाख लोगों की आजीविका इस कारोबार पर टिकी है। एक छोटा दुकानदार साल भर अपनी जमा-पूंजी लगाता है और दिवाली के 15-20 दिनों में परिवार का सालभर का खर्च निकालता है। ऐन वक्त पर लगने वाले प्रतिबंधों से व्यापारियों का पूरा निवेश डूब जाता है।
बृजेश गोयल ने एक बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली के कई कारोबारी CTI से जुड़े हैं और संगठन उन्हें अगले साल दुकानें न लगाने के लिए राजी भी कर सकता है, लेकिन क्या कोई जवाबदेह पार्टी या संस्था यह लिखित गारंटी देगी कि पटाखे पूरी तरह बंद होने के बाद भी अक्टूबर से जनवरी के बीच दिल्ली का AQI 300 के पार नहीं जाएगा?
उन्होंने यह भी कहा कि जब कोर्ट के आदेश पर निर्माताओं ने ग्रीन पटाखे तैयार किए, तब भी कारोबारियों को ही निशाना बनाया जा रहा है। पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बजाय तय समय सीमा, सीमित संख्या और ग्रीन पटाखों जैसे संतुलित विकल्प अपनाने चाहिए। बच्चों के लिए त्योहार का मतलब केवल पाबंदियां नहीं होना चाहिए। संगठन ने यह भी सवाल उठाया कि पर्यावरण के नाम पर सबसे सख्त नियम हिंदू त्योहारों पर ही क्यों लागू होते हैं चाहे दिवाली के पटाखे हों, होली का पानी, छठ पर यमुना या कांवड़ के डीजे। जबकि नए साल पर रात 12 बजे देश भर में जलने वाले पटाखों पर ऐसी आवाजें नहीं उठतीं।
ग्राउंड चेक: डिस्प्ले पर PM 2.5 पहुंचा 1725, लेकिन ऑनलाइन दिखा सिर्फ 403
दिवाली की रात जब दिल्ली की सड़कों और सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशनों का जमीनी मुआयना किया गया, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। द्वारका सेक्टर 8 के सरकारी एयर क्वालिटी स्टेशन पर लगे फिजिकल डिस्प्ले ने रात 11:30 बजे PM 2.5 का स्तर 1725 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और PM 10 का स्तर 2005 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दिखाया। वहीं, आईटीओ स्टेशन पर रात 1 बजे PM 2.5 की रीडिंग 994 दर्ज की गई।
हैरानी की बात यह रही कि उसी समय जब ऑनलाइन दिल्ली AQI डैशबोर्ड चेक किया गया, तो द्वारका का AQI मात्र 403 और आईटीओ का 407 दिख रहा था।
आंकड़ों में इतना बड़ा अंतर क्यों?
इस अंतर की सबसे बड़ी वजह AQI सिस्टम की अपनी तकनीकी सीमाएं हैं:
- स्केल की ऊपरी सीमा: भारत का नेशनल AQI फॉर्मूला 0 से 500 तक ही काम करता है। 401 से 500 के बीच का स्तर ‘गंभीर’ माना जाता है। PM 2.5 की सांद्रता जैसे ही 250 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से ऊपर जाती है, वह सीधे 401-500 के बैंड में आ जाती है। यानी हवा में प्रदूषण 500 हो, 1000 हो या 1725, स्केल 500 से ऊपर नंबर दिखा ही नहीं सकता।
- 24 घंटे का रनिंग एवरेज: ऑनलाइन दिखने वाला AQI पिछले 24 घंटों के औसत डेटा पर आधारित होता है। इसलिए जब दिवाली की रात अचानक कुछ घंटों में प्रदूषण चरम पर पहुंचा, तो फिजिकल डिस्प्ले पर तात्कालिक रीडिंग तुरंत उछल गई, जबकि ऑनलाइन सिस्टम उसे धीरे-धीरे रनिंग एवरेज में दर्ज कर रहा था।
कई जगह लाइव डिस्प्ले बंद, 10 बजे की डेडलाइन की उड़ीं धज्जियां
पड़ताल के दौरान यह भी सामने आया कि कई महत्वपूर्ण जगहों पर जनता को लाइव डेटा मिल ही नहीं रहा था। एनएसआईटी द्वारका स्टेशन पर सार्वजनिक डिस्प्ले बंद मिला। वहां मौजूद गार्ड ने बताया कि रात करीब 9 बजे आतिशबाजी शुरू होते ही बोर्ड को बंद कर दिया गया था। वहीं, लोधी रोड स्थित मौसम भवन पर गार्ड ने बताया कि मॉनिटरिंग स्टेशन चालू है, लेकिन उसका डेटा अब पब्लिक डिस्प्ले पर नहीं दिखाया जाता।
जमीन पर नियमों के पालन का हाल भी बेहाल रहा। सुप्रीम कोर्ट की रात 10 बजे तक पटाखे जलाने की समय सीमा का खुलेआम उल्लंघन हुआ। लोग देर रात तक आतिशबाजी करते रहे। सबसे हैरान करने वाला नजारा द्वारका सेक्टर 8 में दिखा, जहां सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशन के ठीक बाहर लोग पटाखे फोड़ रहे थे, जबकि उसी स्टेशन का मीटर हवा में PM 2.5 का स्तर 1725 रिकॉर्ड कर रहा था। सरदार पटेल मार्ग, लोधी रोड, आईटीओ और कनॉट प्लेस तक पूरी दिल्ली घने स्मॉग की मोटी चादर में लिपटी नजर आई।












































