Rahul Mahajan emotional podcast: टेलीविजन पर्सनैलिटी और दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन के बेटे राहुल महाजन की जिंदगी किसी रोलरकोस्टर राइड से कम नहीं रही है। चकाचौंध से भरी टीवी इंडस्ट्री से लेकर तिहाड़ जेल की सलाखों और टूटे रिश्तों तक, राहुल ने अपनी जिंदगी में वो सब देखा है जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। कई सालों बाद अब राहुल महाजन ने अपने पिता के निधन और उसके बाद जिंदगी में आए अंधेरे दौर पर खुलकर बात की है। एक पॉडकास्ट के दौरान उस खौफनाक वक्त को याद करते हुए राहुल अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए और फूट-फूटकर रो पड़े। उनका यह भावुक रूप देखकर दर्शक भी सन्न रह गए।
पिता के निधन पर पैपराजी का वो बर्ताव| Rahul Mahajan emotional podcast
सुभोजित घोष के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान राहुल महाजन ने अपनी जिंदगी के कई अनकहे दर्द साझा किए। उन्होंने आज के दौर के पैपराजी कल्चर पर तंज कसते हुए कहा कि आज लोग अपनी तस्वीरें खिंचवाने के लिए पैपराजी को पैसे देते हैं, लेकिन उनके दौर में ऐसा बिल्कुल नहीं था।
राहुल ने बताया कि उन्हें मीडिया और पैपराजी पर सबसे ज्यादा गुस्सा तब आया था, जब उनके पिता प्रमोद महाजन का निधन हुआ था। उस गमगीन माहौल में भी हर कोई सिर्फ उनके चेहरे के भाव और रिएक्शन को कैमरे में कैद करने की होड़ में लगा हुआ था।
‘400 कैमरों के सामने पिता को दी थी मुखाग्नि’
उस दर्दनाक मंजर को याद करते हुए राहुल ने कहा, “मुझे आज भी याद है कि जब मैं अपने पिता का अंतिम संस्कार कर रहा था, तब वहां करीब 400 कैमरे सिर्फ मुझे रिकॉर्ड कर रहे थे। जब मुझे अस्पताल में पता चला कि पिता जी अब इस दुनिया में नहीं रहे, तो मैं बदहवास हालत में बाहर निकला। पिता का पार्थिव शरीर वहां रखा था और बाहर निकलते ही 15-20 कैमरे सीधे मेरे चेहरे के पास आ गए। लोग तस्वीरें ले रहे थे, मानो वे इस बात का लुत्फ उठा रहे हों कि इतने बड़े सदमे में मेरे चेहरे पर कैसे भाव आते हैं। उस पल मुझे बेहद असहज और बुरा महसूस हुआ।”
बात करते-करते राहुल का गला रुंध गया। उन्होंने रुंधे गले से कहा, “मैंने अपनी जिंदगी में बहुत बुरे दिन देखे हैं। मुझे अंदर से बुरी तरह तोड़ा गया। मेरे साथ ऐसा बर्ताव हुआ जैसे गर्म लोहे पर बार-बार हथौड़े बरसाए जाते हैं। उस प्रताड़ना के बारे में मैं अभी ज्यादा बात भी नहीं कर सकता।”
365 दिनों में तिहाड़ जेल से लेकर तलाक तक का सफर
पिता के जाने के बाद राहुल की मुश्किलें थमी नहीं, बल्कि और बढ़ गईं। उन्होंने बताया कि पिता की मौत के बाद उन्हें लगा था कि जिंदगी में इससे बुरा अब क्या होगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। महज एक महीने के भीतर वे तिहाड़ जेल पहुंच गए।
राहुल ने कहा, “एक साल यानी 365 दिनों के भीतर मैंने सब कुछ देख लिया। पिता को खोया, जेल गया, शादी हुई और फिर तलाक भी हो गया। जिंदगी ने दिखा दिया कि बुरे से भी बुरा वक्त कैसा होता है।”
तीन शादियां और तीनों बार मिला दर्द
राहुल महाजन की निजी जिंदगी भी हमेशा सुर्खियों और विवादों में रही। उनके तलाक का सिलसिला तीनों शादियों तक चला। उनकी पहली शादी श्वेता सिंह से हुई थी, जो टूट गई। इसके बाद एक रियलिटी शो के जरिए उन्होंने डिंपी गांगुली से दूसरी शादी की, लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा दिन नहीं टिक सका। बाद में उन्होंने नतालिया इलिना से तीसरी शादी की, मगर यह शादी भी तलाक पर खत्म हुई। तीन बार घर टूटने के बाद राहुल अब अपनी जिंदगी अकेले ही गुजार रहे हैं।







































