Tilak Nagar slap controversy: राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए चर्चित थप्पड़कांड में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने 22 साल के युवक साहिब सिंह को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के मामले में दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ असंज्ञेय रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है। वहीं दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में बाकायदा प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
दोनों शिकायतों पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई| Tilak Nagar slap controversy
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि साहिब सिंह और पीडब्ल्यूडी (PWD) के सहायक अभियंता (Assistant Engineer) की शिकायतों पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। डीसीपी ने कहा कि इस घटना के सिलसिले में कुछ अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, PWD के सहायक अभियंता की शिकायत पर ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ लोक सेवकों को उनके कर्तव्य पालन से रोकने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, युवक साहिब सिंह की शिकायत पर मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ जानबूझकर चोट पहुंचाने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 के तहत एनसीआर काटी गई है। कानूनन असंज्ञेय अपराध (NCR) के मामलों में पुलिस को जांच शुरू करने के लिए अदालत या मजिस्ट्रेट से अनुमति लेनी पड़ती है, जबकि संज्ञेय अपराध में पुलिस तुरंत खुद जांच आगे बढ़ा सकती है।
कैसे शुरू हुआ था सड़क पर बवाल?
यह पूरा ड्रामा रविवार को तब शुरू हुआ, जब मंत्री प्रवेश वर्मा जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर चौक और नजफगढ़ नाले के बीच आउटर रिंग रोड पर सड़क मरम्मत के काम का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान तिलक नगर से ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह ने नई बनी सड़क की क्वालिटी पर सवाल उठाते हुए उसे हाथ से उखाड़कर दिखाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान जरनैल सिंह का सोशल मीडिया देखने वाला युवक साहिब सिंह मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। तभी प्रवेश वर्मा ने कथित तौर पर उस युवक को थप्पड़ जड़ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया। घटना के बाद दिल्ली भाजपा ने खेद जरूर जताया, लेकिन साथ ही आरोप लगाया कि वीडियो बना रहा युवक आदतन अपराधी है। वहीं प्रवेश वर्मा ने कहा कि वह अधिकारियों को काम से रोकने की कोशिश कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और ‘आप’ जानबूझकर बाधाएं खड़ी कर रही है।
थप्पड़ खाने वाले युवक का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड
इस विवाद के बीच थप्पड़ खाने वाले साहिब सिंह का पुराना पुलिस रिकॉर्ड भी सामने आ गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, साहिब सिंह पर इसी साल 2 जून को दिल्ली के तिलक नगर में एमसीडी (MCD) के एक सफाई कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। उस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था।
उस घटना में नगर निगम कर्मचारी जब गाड़ी में कचरा लोड कर रहा था, तब एक मकान की दूसरी मंजिल से कचरा फेंकने और बाइक को रास्ता न मिलने पर विवाद हुआ था। आरोप है कि साहिब और मोनू नाम के दो युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारी को कचरा गाड़ी से नीचे घसीटा और पीट-पीटकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद पीड़ित को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब तिलक नगर की सड़क पर हुए नए विवाद के बाद PWD विभाग ने भी जरनैल सिंह के खिलाफ काम रोकने की तहरीर देकर शिकंजा कस दिया है।














































