Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद की 5 बड़ी और सनसनीखेज खबरों में पहली खबर गाजियाबाद के साहिबाबाद में दिल्ली तीस हजारी कोर्ट के वकील को दुकान से खींचकर सड़क पर 17 डंडे मारने वाले हमलावरों पर FIR दर्ज। पीड़ित वकील ने जताया जान का खतरा।
दूसरी खबर बिना सीवर लाइन के 140 करोड़ का STP प्रोजेक्ट! गाजियाबाद के खोड़ा में छिड़ा नया प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद; स्थानीय सभासद हुए आगबबूला।
तीसरी खबर गाजियाबाद के हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी के एक वीडियो वायरल होने के बाद पड़ोसी जिले मेरठ की केसरगंज मंडी में भारी तनाव; मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद 5 थानों की पुलिस मुस्तैद, बाजार पूरी तरह बंद। चौथी खबर पूरे उत्तर प्रदेश में लागू होगा गाजियाबाद का ‘नंदी पार्क गोशाला मॉडल’; अब 125 रुपये लीटर वाले गोबर के प्राकृतिक इको-फ्रेंडली पेंट से चमकेगी सूबे की सरकारी दीवारें।
और पांचवीं खबर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर गाजियाबाद के लोनी में गूंजा इंकलाब; युवाओं ने निकाली 6 किलोमीटर लंबी भव्य ‘युवा भारत संकल्प यात्रा’। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
और पढ़ें: कहीं बीच सड़क पर तांडव, तो कहीं डॉक्टर की बड़ी लापरवाही से मचा हड़कंप! | Top 5 Ghaziabad News
वकील और उनकी पत्नी को दबंगो ने बेरहमी से पीटा
गाजियाबाद की पहली खबर साहिबाबाद क्षेत्र से है, जहां तीस हजारी कोर्ट के वकील को आशीष पन्नू पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। पीड़ित वकील ने आरोप लगाया है कि इस हमले के बाद उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि पीड़ित वकील आशीष पन्नू राजेंद्र नगर सेक्टर-3 में एक जनरल स्टोर से सामान (अमूल घी) ले रहे थे। इसी दौरान 5-6 हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें दुकान के अंदर से जबरन बाहर घसीटा और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों व करीब 17-18 डंडों से बेरहमी से पीटा।
कार में बैठी उनकी पत्नी जब उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। बाद में आसपास के दुकानदारों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई। इस हमले में वकील आशीष के चेहरे और पेट में गहरी चोटें आई हैं और उनका एक हाथ फ्रैक्चर (टूट) हो गया है।
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अपने पड़ोस में हो रहे अवैध बेसमेंट निर्माण के कारण घर में आई दरारों को लेकर पारस ऐस डेवलपर्स (Paras Ace Developers) के डायरेक्टर सुशील गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हमलावर मारपीट के दौरान चिल्ला रहे थे कि शिकायत क्यों की, और दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज के आधार पर साहिबाबाद थाना पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश कर रही है
खोड़ा में नहीं बिछी सीवर लाइनें (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की दूसरी खबर खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र से है, जहां डंपिंग यार्ड की करीब 16 हजार वर्ग मीटर जमीन पर 140 करोड़ रुपये (कुछ रिपोर्टों में 144 करोड़) की लागत से बनने वाले 66 MLD क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) को लेकर एक नया और बड़ा विवाद छिड़ गया है. स्थानीय सभासदों ने इस परियोजना के क्रियान्वयन के तरीके पर उग्र विरोध जताया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभासदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पूरे खोड़ा क्षेत्र में अभी तक सीवर लाइनें ही नहीं बिछाई गई हैं, तो सीधे एसटीपी (STP) बनाने का क्या तर्क है? उनका आरोप है कि जब घरों से गंदा पानी प्लांट तक पहुंचाने के लिए कोई अंडरग्राउंड पाइपलाइन नेटवर्क ही मौजूद नहीं है,
तो इतने भारी-भरकम बजट से बनने वाला यह प्लांट सफेद हाथी साबित होगा और जनता के पैसों का खुला दुरुपयोग है। विरोध कर रहे नेताओं का कहना है कि बिना सीवर नेटवर्क के यह प्रोजेक्ट शुरू करने से सीवर ओवरफ्लो होता रहेगा और दूषित पानी नालियों और सड़कों पर ही बहेगा, जिससे स्थानीय निवासियों को कोई राहत नहीं मिलेगी. उनकी मांग है कि पहले सीवर लाइन डालने का काम होना चाहिए।
खोड़ा नगर पालिका प्रशासन इस जल्दबाजी के पीछे नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के कड़े आदेशों का हवाला दे रहा है। खोड़ा से निकलने वाला अनट्रीटेड (गंदा) पानी नोएडा और दिल्ली के नालों से होते हुए सीधे यमुना नदी में गिरता है। इस कारण एनजीटी पहले ही खोड़ा नगर पालिका परिषद पर करीब सवा करोड़ रुपये का जुर्माना लगा चुका है।
इस प्रोजेक्ट के लिए नोएडा प्राधिकरण से खरीदी गई जमीन पर लंबे समय से विवाद और अतिक्रमण था, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए तय समय-सीमा में निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया था। प्रशासन का तर्क है कि प्रदूषण रोकने के लिए उन्हें पहले प्लांट का ढांचा तैयार करना अनिवार्य है।
खोड़ा नगरपालिका की पिछली योजना के मुताबिक, शुरुआत में दिल्ली और नोएडा सीमा पर मोटर पंप लगाकर खुले नालों को टैप (बंद) किया जाना था और उस पानी को पाइप के जरिए एसटीपी तक पहुंचाया जाना था।
लेकिन अब धरातल पर बिना आंतरिक सीवर इंफ्रास्ट्रक्चर के करोड़ों का बजट झोंकने के कारण स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता में भारी रोष है, जिससे यह पूरा प्रोजेक्ट एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक खींचतान के केंद्र में आ गया है।
मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा करने का ऐलान! (Top 5 Ghaziabad News)
हिन्दू रक्षा दल के गाजियाबाद निवासी राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पड़ोसी जिले मेरठ के केसरगंज मंडी इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पिंकी चौधरी द्वारा मेरठ की एक मस्जिद के बाहर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ करने के खुले ऐलान के बाद मेरठ पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।
एहतियात के तौर पर मेरठ की केसरगंज मंडी के गेट पर भारी बैरिकेडिंग कर बाजार को बंद करा दिया गया है और 5 थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। इस मामले में मेरठ की मस्जिद कमेटी ने एसएसपी से मिलकर गाजियाबाद के इन नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रह है कि केसरगंज मस्जिद के अंदर कथित रूप से नया निर्माण कार्य (लेंटर डालने) को लेकर पहले विवाद हुआ था, जिसे प्रशासन ने बीच-बचाव कर रुकवा दिया था। इसके विरोध में हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वीडियो में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मस्जिद के निर्माण को पूरी तरह हटाया नहीं गया, तो वे मंगलवार (29 सितंबर 2026) शाम 6:00 बजे मस्जिद के सामने आकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। वीडियो सामने आने के बाद मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर और अन्य स्थानीय लोग एआईएमआईएम (AIMIM) नेताओं के साथ मेरठ एसएसपी (SSP) कार्यालय पहुंचे और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने केसरगंज मंडी की तरफ जाने वाले दोनों मुख्य गेटों पर बैरिकेडिंग कर दी है और पूरे एरिया को सील कर दिया है। मंडी के अंदर केवल स्थानीय निवासियों को ही उनके आईडी (ID) कार्ड देखने के बाद प्रवेश दिया जा रहा है।
मस्जिद और उसके आसपास सुरक्षा के लिए 5 थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी (PAC) के 100 से अधिक जवान मुस्तैद किए गए हैं। खुद एसपी सिटी (SP City) विनायक गोपाल भोसले मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर और माइक से अनाउंसमेंट कर स्थानीय लोगों से अपने घरों के अंदर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं।
सुरक्षा चिंताओं और किसी भी संभावित टकराव को देखते हुए व्यापारियों ने केसरगंज बाजार को पूरी तरह बंद कर दिया है। तनाव को देखते हुए पूरे मंडी क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और पुलिस की गश्त बेहद तेज कर दी गई है।
नंदी पार्क गोशाला मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने की तैयारी (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की चौथी खबर नंदी पार्क गोशाला मॉडल को लेकर है। नंदी पार्क गोशाला मॉडल को अब पूरे प्रदेश में लागू करने की तैयारी कर रही है। उत्तर प्रदेश की महानिदेशक मत्स्य पालन एवं दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने गाजियाबाद नगर निगम द्वारा संचालित इस गोशाला का औचक निरीक्षण किया और इसके शानदार रख-रखाव व नवीन पहलों को देखते हुए इसे प्रदेश की आदर्श गोशाला घोषित किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजनगर एक्सटेंशन स्थित नंदी पार्क गोशाला में गोबर से प्राकृतिक पेंट (Natural Eco-Friendly Paint) बनाने का काम शुरू हो चुका है। करीब 25 लाख रुपये की लागत से यह प्लांट स्थापित किया गया है। इसमें 100 किलो गोबर से लगभग 30 से 40 लीटर तक प्राकृतिक पेंट तैयार किया जा रहा है।
इस प्राकृतिक पेंट की कीमत महज 125 रुपये प्रति लीटर के आसपास है, जबकि बाजार में केमिकल युक्त पेंट 300 से 500 रुपये प्रति लीटर मिलते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुसार, प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों और भवनों की पुताई के लिए इसी गोबर से बने नेचुरल पेंट का इस्तेमाल अनिवार्य किया जा रहा है। यह पेंट दीवारों का तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक कम रखने में मददगार है।
इस मॉडल का मुख्य उद्देश्य निराश्रित गोवंश का बेहतर रख-रखाव करने के साथ-साथ गोशालाओं को खुद के खर्च पर आत्मनिर्भर बनाना है। इस पूरी परियोजना और पेंट बनाने के काम का संचालन महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा किया जा रहा है, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आजीविका के सम्मानजनक अवसर मिल रहे हैं। पेंट के अलावा यहां बड़े पैमाने पर बायोगैस, जैविक खाद (वर्मीकंपोस्ट) और अन्य गो-आधारित पंचगव्य उत्पादों के निर्माण के लिए भी ठोस रणनीति बनाई जा रही है।
महानिदेशक ने गोशाला में लगभग 1500 से अधिक गोवंश के लिए शेड, साफ-सफाई, चारे-पानी और डॉक्टरों की 24 घंटे उपलब्धता की तारीफ की। इसी तर्ज पर यूपी के सभी 75 जिलों में प्रत्येक जिले की चुनिंदा गोशालाओं को बड़े मॉडल केंद्रों के रूप में विकसित कर इस ‘गाजियाबाद नंदी पार्क मॉडल’ को पूरे उत्तर प्रदेश में कॉपी किया जाएगा।
भगत सिंह की जयंती पर निकाली युवा भारत संकल्प यात्रा (Top 5 Ghaziabad News)
गाजियाबाद की पांचवी खबर लोनी से है। जहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर ‘युवा भारत संकल्प यात्रा’ निकाली गई। भाजपा के युवा नेता राहुल बैसला के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया और लोनी क्षेत्र के संपूर्ण विकास का संकल्प उठाया।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, इस संकल्प यात्रा की शुरुआत लोनी के गढ़ी कटैया पार्क से हुई। यहाँ से युवा हाथों में तिरंगा झंडा और शहीद भगत सिंह के पोस्टर लेकर, ‘भारत माता की जय’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाते हुए करीब 6 किलोमीटर पैदल चले।
यात्रा के संयोजक राहुल बैसला पूरी यात्रा के दौरान नंगे पैर चले, जो पूरे क्षेत्र और युवाओं के बीच भारी चर्चा और कौतूहल का विषय बना रहा। विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरते हुए इस यात्रा का समापन लोनी नंबर-2 स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
आयोजकों के अनुसार, इस भव्य यात्रा का उद्देश्य युवाओं को भगत सिंह के राष्ट्रवादी विचारों से जोड़ना, उन्हें समाज व राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना और लोनी को स्वच्छ, शिक्षित व पूरी तरह विकसित बनाने के लिए एकजुट करना था। रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर युवाओं का जोरदार स्वागत भी किया।














































