समस्तीपुर में छेड़खानी के आरोपियों पर चला बुलडोजर: घर तोड़े, राशन की दुकान का लाइसेंस रद्द; 6 घंटे में दबोचे गए थे दरिंदे| Samastipur molestation bulldozer action

Nandani | Nedrick News Bihar Published: 27 सितम्बर 2026, 02:07 AM Updated: 27 सितम्बर 2026, 02:07 AM
Google News
Follow Us on Google News
Prefer Nedrick News
on Google

Samastipur molestation bulldozer action: बिहार के समस्तीपुर में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई छेड़खानी और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने वाले मनचलों पर कानून का कड़ा चाबुक चला है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में हुई इस शर्मनाक वारदात के बाद पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के महज कुछ ही घंटों के भीतर उनके घरों और दुकानों के आसपास सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। आरोपी राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया निवासी अवधेश पासवान के अवैध निर्माणों को बुलडोजर से पूरी तरह ढहा दिया गया।

और पढ़ें: ऐसी दरिंदगी पर गोली मार देनी चाहिए… कोर्ट परिसर में जमुई छेड़छाड़ कांड के आरोपी को वकील ने जड़ा थप्पड़| Jamui crime news

राशन दुकान का लाइसेंस रद्द, पक्के मकान पर 24 घंटे का अल्टीमेटम| Samastipur molestation bulldozer action

इस सख्त कार्रवाई में सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि आरोपियों के आर्थिक ठिकानों पर भी सीधा वार किया गया है। मुख्य आरोपियों में शामिल अवधेश पासवान की जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) यानी सरकारी राशन दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के पक्के निर्माण को लेकर 24 घंटे की मोहलत दी गई है। एसडीओ राकेश कुमार ने साफ कर दिया कि सड़क किनारे सरकारी (गैरमजरुआ) जमीन पर बने अस्थायी अवैध कब्जे को जमींदोज कर दिया गया है और बाकी बचे आरोपी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम तय है; तय समय में कदम नहीं उठाया गया तो पक्के निर्माण को भी पूरी तरह गिरा दिया जाएगा।

शराब तस्करी का पुराना इतिहास, भाई जेल में बंद

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान शामिल हैं। इनमें से आरोपी विकास कुमार शर्मा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ शराब तस्करी और उत्पाद अधिनियम के तहत चार अलग-अलग मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इतना ही नहीं, विकास का सगा भाई सुभाष भी हत्या के एक संगीन मामले में पिछले पांच सालों से तेलंगाना की जेल में सजा काट रहा है।

क्या था पूरा मामला?

यह पूरी घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के एक गांव के पास की है। बांध किनारे स्थित बाइपास सड़क से गुजर रही एक नाबालिग किशोरी को मनचलों ने घेर लिया और उसके साथ सरेराह बदसलूकी व अश्लील हरकतें कीं। इन दरिंदों ने इस घिनौने कृत्य का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के सामने आते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई और मामले की पड़ताल कर महज 6 घंटे के भीतर सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया।

एडीजी पहुंचे समस्तीपुर, चलेगा स्पीडी ट्रायल

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य पुलिस मुख्यालय के एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह खुद समस्तीपुर पहुंचे। उन्होंने जिले के एसपी अरविंद प्रताप सिंह और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के साथ हाई-लेवल बैठक की। एडीजी ने दो टूक कहा कि सरकार और प्रशासन ऐसी घटनाओं को लेकर बेहद सख्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है और अब इस पूरे मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के तहत कराकर सभी दोषियों को जल्द से जल्द सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

बिहार के तीन जिलों में एक जैसी घटनाएं

हाल के दिनों में बिहार के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और वीडियो वायरल करने की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिससे भारी आक्रोश है:

  • जमुई: 19 सितंबर को मड़वा पहाड़ी इलाके में कोचिंग से लौट रहे नाबालिग छात्र-छात्राओं के साथ बेरहमी से मारपीट, अभद्रता और छेड़खानी कर वीडियो वायरल किया गया था।
  • बांका: प्रसिद्ध मंदार हिल क्षेत्र में भी लड़कियों के साथ खुलेआम बदसलूकी करने और उसका वीडियो इंटरनेट पर डालने का मामला सामने आया, जिस पर भी पुलिस कानूनी शिकंजा कस रही है।
  • समस्तीपुर: ताजा मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपियों को दबोचकर बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया।

और पढ़ें: कानपुर बिकरू कांड: 6 साल बाद पूर्व चौकी इंचार्ज केके शर्मा और शिवम दुबे को मिली सशर्त जमानत| Kanpur Bikru incident update

Nandani

nandani@nedricknews.com

नंदनी एक अनुभवी कंटेंट राइटर और करंट अफेयर्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में चार वर्षों का सक्रिय अनुभव है। उन्होंने चितकारा यूनिवर्सिटी से जर्नलिज़्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज़ एंकर के रूप में की, जहां स्क्रिप्ट लेखन के दौरान कंटेंट राइटिंग और स्टोरीटेलिंग में उनकी विशेष रुचि विकसित हुई। वर्तमान में वह नेड्रिक न्यूज़ से जुड़ी हैं और राजनीति, क्राइम तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर मज़बूत पकड़ रखती हैं। इसके साथ ही उन्हें बॉलीवुड-हॉलीवुड और लाइफस्टाइल विषयों पर भी व्यापक अनुभव है।

Recent News

Editor's Picks

Latest News

©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds