Patna student protest: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में छात्रों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। हजारों छात्र राजभवन मार्च के लिए निकले, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद हालात तेजी से बिगड़ गए और प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला। इस दौरान पुलिस ने वॉटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से पत्थरबाजी भी हुई। झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए।
प्रदर्शन के दौरान सामने आए एक वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है। वीडियो में पटना पश्चिम के पुलिस अधीक्षक (SP) एवं IPS अधिकारी संकेत कुमार अपने पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश देते नजर आ रहे हैं।
राजभवन मार्च के दौरान बढ़ा तनाव| Patna student protest
बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजभवन की ओर मार्च निकाल रहे थे। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर दी थी, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। पुलिस ने पहले छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौटने की अपील की, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने और बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, तो हालात तनावपूर्ण हो गए।
पहले वॉटर कैनन और आंसू गैस, फिर लाठीचार्ज
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने शुरुआत में वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद जब भीड़ आगे बढ़ती रही, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की। लाठीचार्ज के बाद छात्र और उग्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने अपने बचाव में पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कुछ छात्रों को भी चोटें आईं। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद हजारों छात्र विरोध स्थल पर डटे रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे।
पुलिस अधिकारी घायल, फिर संभाला मोर्चा
झड़प के दौरान एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। यह देखकर मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मी असहज नजर आए। इसी बीच पटना पश्चिम के पुलिस अधीक्षक संकेत कुमार ने खुद मोर्चा संभाल लिया। हेलमेट पहने और हाथ में डंडा लिए वह पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचे और उन्हें पीछे न हटने की सख्त हिदायत दी।
वीडियो में दिखा IPS संकेत कुमार का सख्त अंदाज
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में संकेत कुमार अपने साथ मौजूद पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई देते हैं, “पीछे हटे तो नौकरी करने के लायक नहीं छोड़ूंगा।” उनकी बात सुनकर कई पुलिसकर्मी “जी सर” कहते हैं। इसके तुरंत बाद संकेत कुमार खुद आगे बढ़ते हैं और पुलिस टीम के साथ प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए दौड़ पड़ते हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस की कार्रवाई को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
कई घंटे तक बना रहा तनाव
जेपी गोलंबर के आसपास का इलाका कई घंटों तक तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच लगातार धक्का-मुक्की और झड़प होती रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों और छात्रों का इलाज कराया जा रहा है। वहीं पूरे घटनाक्रम के बाद राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। NEET मुद्दे को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता दिख रहा है और आने वाले दिनों में इसके और उग्र होने की आशंका भी जताई जा रही है।





























