NEET UG Result 2026: देशभर के मेडिकल अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परिणाम जारी होते ही लाखों उम्मीदवारों ने राहत की सांस ली। इस साल 11.21 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षा क्वालिफाई की है। इसके साथ ही एनटीए ने ऑल इंडिया रैंक, स्टेट टॉपर्स, कैटेगरी-वाइज मेरिट लिस्ट और क्वालिफाइंग कट-ऑफ भी सार्वजनिक कर दी है।
पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने साझा किया पहला स्थान| NEET UG Result 2026
इस बार NEET UG 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 715 अंक हासिल किए हैं। दोनों ने संयुक्त रूप से देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, परीक्षा में कुल 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा 1,492 छात्रों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से ज्यादा और 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 से अधिक अंक प्राप्त किए।
20 लाख से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा
एनटीए के अनुसार, इस वर्ष करीब 20 लाख उम्मीदवार NEET UG परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 11.21 लाख से अधिक छात्रों ने सफलता हासिल की। परीक्षा देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी। खास बात यह रही कि सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं, जिन्होंने इस बार भी बेहतर प्रदर्शन किया। एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, परीक्षा में शामिल होने वाले 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET UG दे रहे थे। वहीं लगभग 99 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच रही।
आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
NEET UG 2026 में शामिल सभी उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परिणाम के साथ एनटीए ने ऑल इंडिया रैंक होल्डर्स, राज्यवार टॉपर्स, विभिन्न श्रेणियों के टॉपर्स, कट-ऑफ अंक और भाषा के अनुसार परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों का विस्तृत डेटा भी जारी किया है।
कैटेगरी के अनुसार इतने उम्मीदवार हुए सफल
एनटीए द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सामान्य वर्ग से लगभग 2.91 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की है। वहीं ओबीसी-एनसीएल श्रेणी से 5.12 लाख, अनुसूचित जाति (SC) से 1.59 लाख, अनुसूचित जनजाति (ST) से 63,716 और सामान्य ईडब्ल्यूएस (EWS) श्रेणी से 95,026 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसके अलावा पीडब्ल्यूबीडी (PwBD) श्रेणी से 3,666 और पीडब्ल्यूडी श्रेणी से 303 उम्मीदवारों ने भी सफलता हासिल की है।
राज्यवार टॉपर्स की सूची भी जारी
एनटीए ने इस बार सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के टॉपर्स की सूची भी जारी की है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की, जबकि लक्षद्वीप से 43 अभ्यर्थी सफल हुए। राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचन लामो (530 अंक), अंडमान एवं निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं। वहीं 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक हासिल किए, जबकि 26 राज्यों के टॉपर्स के 690 से ज्यादा अंक रहे।
66 शहरों से आए टॉप रैंकर्स
एनटीए के मुताबिक इस साल देश के 66 शहरों से कुल 138 टॉप रैंकर्स सामने आए हैं। इनमें 17 ऐसे उम्मीदवार शामिल हैं जिन्होंने 705 से अधिक अंक हासिल किए हैं। ये छात्र पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित आठ राज्यों से हैं।
13 भाषाओं में हुई थी परीक्षा, ऐसे पूरी हुई रिजल्ट प्रक्रिया
NEET UG 2026 का आयोजन हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू समेत कुल 13 भाषाओं में कराया गया था। रिजल्ट जारी होने से पहले 25 जून 2026 को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी। उम्मीदवारों को 25 से 28 जून तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया। इसके बाद 13 से 15 जुलाई के बीच अभ्यर्थियों को उनकी स्कैन की गई OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स उपलब्ध कराए गए। 16 जुलाई को फाइनल आंसर-की जारी की गई और उसी दिन NEET UG 2026 का परिणाम भी घोषित कर दिया गया। अब सफल उम्मीदवारों के लिए अगला चरण मेडिकल काउंसलिंग और कॉलेज एडमिशन प्रक्रिया का होगा।






























