Heatwave: गर्मी के मौसम में लोग अक्सर हीटवेव का शिकार हो जाते हैं। देशभर में इस समय गर्मी अपने चरम पर है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। घर से बाहर निकलते ही ऐसा लगता है जैसे आसमान से आग बरस रही हो। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। लेकिन यह भीषण गर्मी सिर्फ असहज महसूस कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकती है।
और पढ़ें: Mayawati के दरवाजे से बैरंग लौटे 2 दिग्गज! Congress नेताओं की इस 1 गलती पर भड़का आलाकमान
मेदांता हॉस्पिटल (Medanta Hospital) के चेयरमैन और देश के दिग्गज हार्ट स्पेशलिस्ट Dr. Naresh Trehan के अनुसार, अत्यधिक गर्मी में हमारे शरीर का आंतरिक तापमान (Internal Temperature) नियंत्रित रखना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर हमारे दिल और दूसरे अंगों पर पड़ता है। डॉ. त्रेहान ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सावधानी न बरती जाए, तो गंभीर डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, बेहोशी और हार्ट अटैक जैसी जानलेवा समस्याएं हो सकती हैं।
सिर और दिमाग पर असर
एक्सट्रीम हीट (Heatwave) का सबसे पहला असर सिर और दिमाग पर देखने को मिलता है। लंबे समय तक धूप में रहने या सिर पर सीधी धूप पड़ने से सिरदर्द, चक्कर आना और कमजोरी महसूस होने लगती है। कई बार शरीर इतना ज्यादा गर्म हो जाता है कि इंसान अचानक बेहोश भी हो सकता है।
गर्मी बढ़ने पर शरीर का तापमान कंट्रोल से बाहर होने लगता है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। यह स्थिति बेहद खतरनाक होती है और समय पर इलाज न मिले तो जानलेवा भी साबित हो सकती है।
Heatwave का आंखों पर भी पड़ता है बुरा असर
तेज धूप और गर्म हवाएं आंखों को भी गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं। सूरज की हानिकारक यूवी किरणें (UV Rays) आंखों के कॉर्निया को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे आंखों में जलन, लालपन, गंभीर ड्राइनेस और धुंधला दिखाई देने जैसी परेशानियां शुरू हो जाती हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अत्यधिक गर्मी में हाइड्रेशन की कमी के कारण आंखों की नसों में ब्लॉकेज (Eye Stroke) का खतरा भी बढ़ जाता है।
दिल पर बढ़ता है दबाव
गर्मी में शरीर को ठंडा रखने के लिए दिल को सामान्य से कई गुना ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे हार्ट रेट (धड़कन) बढ़ जाती है। इसके अलावा डिहाइड्रेशन के कारण खून गाढ़ा होने लगता है, जिससे हार्ट पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है। खासकर जिन लोगों को पहले से हार्ट की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर या डायबिटीज है, उन्हें इस मौसम में बहुत ज्यादा सावधान रहने की जरूरत होती है क्योंकि उनके लिए यह स्थिति जानलेवा हो सकती है।
Heatwave से कैसे करें बचाव?
- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
- पानी के साथ ओआरएस (ORS), नींबू पानी या छाछ लें
- हल्के सूती (कॉटन) और ढीले कपड़े पहनें
- ज्यादा देर तक खाली पेट न रहें
- चक्कर, कमजोरी या ज्यादा पसीना आने पर तुरंत आराम करें
- बाहर जाते समय सिर और आंखों को ढककर रखें के साथ अम्ब्रेला (छाता) या सनग्लासेस का इस्तेमाल करें
भीषण गर्मी को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि इस मौसम में खुद का और अपने परिवार का खास ध्यान रखें।




























