Monalisa On Sanoj Mishra: महाकुंभ के दौरान “वायरल गर्ल” के नाम से पहचान बनाने वाली मोनालिसा भोसले इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने केरल में अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फहमान खान के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली। 11 मार्च को तिरुवनंतपुरम के अरुमानूर नैनार मंदिर में हुई इस शादी ने सबको चौंका दिया। इस दौरान मंत्री वी. शिवनकुट्टी और सीपीआई (एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन भी मौजूद थे। शादी के बाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई और कुछ लोगों ने इस रिश्ते को लेकर ‘लव जिहाद’ जैसे आरोप भी लगाए।
कोच्चि प्रेस कॉन्फ्रेंस में छलका दर्द (Monalisa On Sanoj Mishra)
शादी के कुछ ही समय बाद मोनालिसा ने कोच्चि में अपने पति फहमान खान के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यहां उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी और बताया कि इस समय वह और उनके पति लगातार धमकियों और दबाव का सामना कर रहे हैं। मोनालिसा ने कहा कि उन्हें जान से मारने तक की धमकियां मिल रही हैं और उनके पोस्टर तक जलाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मदद की अपील भी की।
निर्देशक सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप
इस दौरान मोनालिसा ने उस निर्देशक सनोज मिश्रा पर भी गंभीर आरोप लगाए, जिनके साथ वह अपनी पहली फिल्म करने वाली थीं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि “सनोज मिश्रा अच्छे इंसान नहीं हैं। उन्होंने मुझे कई बार गलत तरीके से छुआ।” मोनालिसा के मुताबिक, जब उन्होंने यह बात अपने परिवार को बताई, तो वहां से भी उन्हें कोई समर्थन नहीं मिला। उल्टा उन्हें चुप रहने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है और अब उन्हें सिर्फ इंसाफ चाहिए।
शोषण के आरोप और चौंकाने वाले दावे
मोनालिसा ने आगे दावा किया कि यह सिर्फ उनके साथ नहीं हुआ, बल्कि सनोज मिश्रा कई लड़कियों के साथ इसी तरह का व्यवहार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में काम देने के नाम पर कम उम्र की लड़कियों से संपर्क किया जाता है और उनसे गलत मांगें की जाती हैं। उनका कहना है कि यह सब झूठे वादों के जरिए किया जाता है और इसका मकसद शोषण करना होता है।
पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की?
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने पहले पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की, तो उन्होंने बताया कि वह ऐसा करना चाहती थीं, लेकिन परिवार ने रोक दिया। मोनालिसा ने कहा कि उस समय वह अकेली पड़ गई थीं और उनके पास कोई सहारा नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि “मेरे परिवार ने मेरा साथ नहीं दिया, ऐसे में मैं क्या कर सकती थी?”
‘निजी जिंदगी में दखल’ का आरोप
मोनालिसा ने यह भी कहा कि शादी के बाद से सनोज मिश्रा उनकी निजी जिंदगी में दखल दे रहे हैं और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह देश में तनाव और झगड़े जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं।
पति पर लगे आरोपों का किया खंडन
मोनालिसा ने अपने पति फहमान खान को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि कुछ लोग दबाव में आकर उनके पति को आतंकवादी तक बता रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या किसी से प्यार करना गलत है?” और कहा कि यह सब उन्हें बदनाम करने की साजिश है।
वायरल से बॉलीवुड तक का सफर
गौरतलब है कि 2025 के कुंभ मेले के बाद मोनालिसा भोसले अचानक सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। इसी के बाद उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे और उन्होंने सनोज मिश्रा के साथ अपनी पहली फिल्म साइन की थी। हालांकि अब इन नए आरोपों के बाद पूरा मामला और ज्यादा गंभीर होता नजर आ रहा है।






























