Eid-ul-Fitr 2026: रमजान के पाक महीने के बाद अब खुशियों की दस्तक होने वाली है। कहते हैं मीठी ईद रिश्तों में भी मिठास घोल देती है। शव्वाल का चांद नज़र न आने के बाद अब यह तय हो गया है कि राजधानी दिल्ली में शनिवार को मीठी ईद की रौनक बिखरेगी। जामा मस्जिद के नायब इमाम ने ऐलान किया है कि दिल्ली में शनिवार, 21 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा।
नायब इमाम ने किया ऐलान
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि दिल्ली की जामा मस्जिद के नायब इमाम सैयद उसामा शाबान बुखारी ने गुरुवार को ऐलान किया कि इस बार ईद शनिवार को मनाई जाएगी। उन्होंने शाम करीब 7:30 बजे बताया कि देश में कहीं भी शव्वाल का चांद नजर नहीं आया, इसलिए ईद की नमाज अब शनिवार को अदा की जाएगी। इससे पहले सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में भी चांद नहीं दिखा था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि भारत में भी यही स्थिति रहेगी।
आखिरकार देश के अलग-अलग हिस्सों से चांद न दिखने की खबर मिलने के बाद यह आधिकारिक घोषणा की गई। इस तरह पूरे भारत (केरल को छोड़कर) में 21 मार्च 2026, शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इमाम ने सभी देशवासियों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की है।
आज होगा आखिरी रोजा
इस ऐलान के बाद दिल्ली समेत पूरे देश में ईद की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और खासकर कपड़े, सेवइयां और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। पुरानी दिल्ली, ओखला, सीलमपुर और जफराबाद जैसे इलाकों में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं और अपने परिवार व रिश्तेदारों के लिए सामान ले रहे हैं। अब शुक्रवार को साल का आखिरी रोजा होगा, जिसके बाद शनिवार सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी।
ईद का महत्व
ईद का त्योहार इस्लाम धर्म में खुशी और इबादत का संगम माना जाता है। यह रमजान के पवित्र महीने के बाद आता है और भाईचारे, प्यार व इंसानियत का संदेश देता है। इस दिन लोग सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज पढ़ते हैं, एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। जकात और फितरा देना भी इस दिन की अहम परंपरा है, जिससे समाज में बराबरी और सेवा की भावना बढ़ती है। अब जब शनिवार को ईद मनाने की घोषणा हो गई है, तो लोगों में उत्साह चरम पर है और तैयारियां अपने आखिरी दौर में पहुंच गई हैं।
