Smartphone: क्या स्मार्टफोन की दुनिया से ऐप्स का वजूद खत्म होने वाला है? स्मार्टफोन इंडस्ट्री में एक बड़ा तकनीकी बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां Apple और Samsung अभी भी सिर्फ फोटो एडिट करने और टेक्स्ट समराइज करने वाले AI फीचर्स में उलझे हैं, वहीं चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Nubia ने ByteDance (टिकटॉक की पैरेंट कंपनी) के AI चैटबॉट Doubao की मदद से दुनिया का पहला एजेंटिक AI स्मार्टफोन लॉन्च किया है।
जहां वर्तमान में Samsung Galaxy AI और Apple Intelligence केवल एक सपोर्टिव टूल की तरह काम करते हैं, वहीं Nubia का यह नया डिवाइस सीधे ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) लेवल पर काम करता है। यह बिना किसी इंसानी दखल के स्क्रीन को पढ़ सकता है और खुद ऐप्स को ऑपरेट कर सकता है। तो चलिए इस लेख के जरिए जानते हैं कि यह तकनीक Apple-Samsung से कैसे आगे है और इसके सामने क्या बड़ी चुनौतियां हैं।
और पढ़ें: कहीं बड़े रेल हादसे से 53 ट्रेनें प्रभावित तो कहीं 4 दिन में दुल्हन फरार! | Top 5 Ghaziabad News
कैसे काम करता है यह AI एजेंट Smartphone?
पारंपरिक स्मार्टफोन्स की तरह इस फोन में आपको ऐप्स से भरी होम स्क्रीन की जरूरत नहीं पड़ती है। यूजर के केवल एक वॉयस कमांड पर यह फोन बैकएंड में खुद सारे काम निपटा देता है। इसकी कार्यप्रणाली को हम इन तीन मुख्य बिंदुओं से समझ सकते हैं:
- GUI एजेंट सिस्टम: इस फोन में एक खास GUI (ग्राफिकल यूजर इंटरफेस) एजेंट सिस्टम है, जो आपकी मोबाइल स्क्रीन को एक इंसान की तरह देख और समझ सकता है।
- ऑटोमेटेड ऐप ऑपरेशन: यूजर को खुद ऐप खोलने या स्क्रीन पर बटन दबाने की जरूरत नहीं होती। यह एआई एजेंट खुद सही ऐप का चुनाव करता है।
- एंड-टू-एंड टास्क एग्जीक्यूशन: यह फोन खुद ऐप के अंदर जाकर फॉर्म भरना, जरूरी जानकारी डालना और सीधे पेमेंट पेज तक ले जाने का काम पूरी सटीकता से कर सकता है।
इस बदलाव से क्या फायदा होगा?
इस AI एजेंट स्मार्टफोन तकनीक के आने से यूजर्स के Smartphone इस्तेमाल करने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा। जिन कामों को करने के लिए आपको 4-5 अलग-अलग ऐप्स खोलने पड़ते थे, वे अब एक सिंगल वॉयस कमांड से कुछ ही सेकेंड्स में हो जाएंगे। आपको फोन में दर्जनों ऐप्स डाउनलोड करने, उन्हें अपडेट रखने और स्क्रीन पर ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। होम स्क्रीन का कॉन्सेप्ट बदल जाएगा।
यह बैकएंड में खुद काम करता है। उदाहरण के लिए, जब यह बैकग्राउंड में आपके लिए फ्लाइट टिकट बुक कर रहा होगा, तब आप स्क्रीन पर कोई दूसरा काम कर सकते हैं। जिन लोगों को स्मार्टफोन के जटिल ऐप्स (जैसे बैंकिंग या बुकिंग ऐप्स) चलाने नहीं आते, वे भी सिर्फ बोलकर अपना काम आसानी से करवा सकेंगे। यह एआई एजेंट अलग-अलग ऐप्स पर जाकर खुद कीमतों और ऑफर्स की तुलना कर सकता है, जिससे आपको सबसे बेस्ट और सस्ता विकल्प (जैसे सबसे सस्ती कैब या होटल) तुरंत मिल जाएगा।
फोन के सामने सबसे बड़ी चुनौतियाँ
यह तकनीक जितनी क्रांतिकारी दिखती है, उतनी ही इसके सामने मुश्किलें भी हैं इसके शुरुआती प्रोटोटाइप (Nubia M153) के समय चीन के बड़े ऐप्स जैसे WeChat और Taobao ने इस AI एजेंट द्वारा किए जाने वाले ऑटोमेटेड एक्शंस को सुरक्षा कारणों से ब्लॉक कर दिया था।
मार्केट इंटेलिजेंस फर्म IDC के मुताबिक, कंपनियां अपने यूजर्स पर से सीधा नियंत्रण नहीं खोना चाहतीं, इसलिए वे AI एजेंट को अपने ऐप्स का पूरा एक्सेस देने में कतरा रही हैं। क्योकि यह AI फोन स्क्रीन पर होने वाली हर गतिविधि, प्राइवेट चैट्स और पर्सनल डेटा को देख व समझ सकता है, इसलिए प्राइवेसी को लेकर एक्सपर्ट्स लगातार सवाल उठा रहे हैं।

































