दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने हाल ही में इस्तीफा दिया। इस्तीफा देने के कारण उन्होंने अपनी निजी वजह बताई। जिसके बाद नए उपराज्यपाल को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। लेकिन सोमवार को इस पर विराम लग गया और दिल्ली में नए उपराज्यपाल के तौर पर विनय कुमार सक्सेना को नियुक्त किया गया।
CM केजरीवाल ने दी बधाई
वहीं दिल्ली के उप राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने विनय कुमार सक्सेना को बधाई दी। केजरीवाल ने सोमवार रात ट्वीट कर कहा कि विनय कुमार सक्सेना का दिल्ली की जनता की तरफ से वह स्वागत करते हैं। राज्य के बेहतरी के लिए उन्हें दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल की तरफ से पूर्ण सहयोग मिलेगा।
दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल महोदय श्री विनय कुमार सक्सेना जी का दिल्ली की जनता की तरफ़ से मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। दिल्ली की बेहतरी के लिए उन्हें दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल की तरफ़ से पूर्ण सहयोग मिलेगा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 23, 2022
केजरीवाल ने आगे कहा कि उन्होंने राज्य के उपराज्यपाल रहे अनिल बैजल के साथ मिलकर दिल्ली के विकास को गति दी। वह एक अच्छे इंसान हैं। उनके साथ दिल्ली में कई काम किए और कई समस्याओं को ठीक करने की कोशिश की। केजरीवाल ने कहा कि भविष्य के लिए वह उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करते हैं।
कौन है विनय कुमार सक्सेना?
23 मार्च 1958 को जन्मे विनय कुमार सक्सेना कानपुर यूनिवर्सिटी के छात्र रहे हैं। उन्होंने कॉरपोरेट के साथ-साथ एनजीओ सेक्टर में काम किया है। 1984 में राजस्थान में जेके ग्रुप को ज्वाइन किया और 11 सालों तक काम किया। विनय कुमार सक्सेना कुछ समय पहले तक वो खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के अध्यक्ष भी रहे। विनय के पास पायलेट का लाइसेंस भी है।
कई कामों में महारथ हासिल
इसके अलावा पिछले साल मार्च 2021 में सरकार ने विनय कुमार सक्सेना को भारत के स्वतंत्रता दिवस के 75वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रीय समिती के सदस्य में से एक के रूप में नियुक्त किया। मालूम हो कि तकनीकी, कानूनी, सामाजिक और सांस्कृतिक कौशल से जुड़े कॉरपोरेट मामलों में उन्हें महारथ हासिल है।
अपनी छह दशक की यात्रा के दौरान विनय कुमार सक्सेना ने अपनी उपलब्धियों के लिए कई पुरस्कार भी जीते हैं। मई 2008 में उन्हें गुजरात में “पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान” के लिए संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास दशक (UNDESD) का अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला। मई 2007 में सक्सेना के एनजीओ एनसीसीएल को अहमदाबाद शहर में धूल प्रदूषण को कम करने के लिए अनूठी परियोजना “मिशन एंड्योर” के लिए प्रतिष्ठित यूएन-हैबिटैट समर्थित दुबई इंटरनेशनल अवार्ड फॉर बेस्ट प्रैक्टिस मिला।
बता दें कि साल 2020 के नवंबर में सक्सेना को उच्चाधिकार प्राप्त सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। उन्हें वर्ष 2021 के लिए पद्म पुरस्कार चयन समिति के सदस्य के रूप में भी मनोनीत किया गया। 2016 से 2022 तक वे हर साल ‘अधिकार प्राप्त समिति’ के सदस्य के रूप में नामित किया जाते रहे। इसके अलावा भी वे तमाम समितियों के सदस्य रहें। फिलहाल वे दिल्ली के नए उपराज्यपाल के तौर नियुक्त किए गए है।












































